- Hindi News
- Sports
- US Open 2026 | Alcaraz Medvedev Reach Round 4; Sabalenka Marijuana Dispute
11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

न्यूयॉर्क में शुक्रवार को US ओपन 2026 के तीसरे राउंड में स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने चीन के वू यिबिंग को 6-3, 6-4, 6-1 से हराकर मेंस सिंगल्स के चौथे राउंड में जगह बनाई। 139 दिन बाद सिंगल्स कोर्ट पर लौटे सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्काराज ने 2 घंटे 20 मिनट में मैच जीता। वहीं, डेनियल मेदवेदेव ने आर्थर रिंडरकनेच को 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई।
विमेंस सिंगल्स में डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका ने मैच के दौरान स्टैंड्स से आ रही गांजे की बदबू की शिकायत की, जबकि एम्मा नवारो ने विंबलडन फाइनलिस्ट करोलिना मुचोवा को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
चोट से वापसी के बाद लय में लौट रहे अल्काराज
कलाई की चोट के कारण अप्रैल से सिंगल्स कोर्ट से दूर रहे अल्काराज ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। पहले राउंड में उन्होंने सीधे सेटों में जीत हासिल की थी, जबकि दूसरे राउंड में पुर्तगाल के जेमी फारिया के खिलाफ एक सेट गंवाना पड़ा था।
वहीं तीसरे राउंड में वू यिबिंग के खिलाफ अल्काराज ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी। जीत के बाद अल्काराज ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैं जितना सोच रहा था, उससे बेहतर स्थिति में हूं। पहले मैच के बाद मुझे लगा था कि शारीरिक रूप से परेशानी होगी, लेकिन मेरी रिकवरी बहुत अच्छी हो रही है।’
चौथे राउंड में अल्काराज का सामना अमेरिका के टॉमी पॉल से होगा। अल्काराज पॉल के खिलाफ लगातार पिछले 6 मैच जीत चुके हैं।
मेदवेदेव ने भी सीधे सेटों में जीत दर्ज की
2021 के US ओपन चैंपियन डेनियल मेदवेदेव ने तीसरे राउंड में फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच को 6-4, 6-4, 6-4 से हराया।
मेदवेदेव ने टूर्नामेंट में अब तक अपने तीनों मुकाबले सीधे सेटों में जीते हैं। अगले राउंड में उनका सामना अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो या मोनाको के वालेंटिन वाचेरोत से होगा।
सबालेंका के मैच में गांजे की बदबू से रुका खेल
विमेंस सिंगल्स में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी और डिफेंडिग चैंपियन आर्यना सबालेंका के तीसरे राउंड के मुकाबले में अजीब स्थिति बन गई। कामिला राखिमोवा के खिलाफ मैच के तीसरे गेम में सबालेंका ने स्टैंड्स से आ रही गांजे की तेज बदबू की शिकायत की।
उस समय सबालेंका सर्विस कर रही थीं और स्कोर 30-0 था। उन्होंने चेयर अंपायर की ओर इशारा करते हुए कहा कि दर्शकों में कोई गांजा पी रहा है और बदबू बहुत तेज है।
अंपायर ने इसके बाद मदद के लिए स्टाफ को बुलाया। US ओपन के कर्मचारी बदबू के स्रोत का पता लगाने के लिए स्टैंड्स में गए।
हालांकि, इस रुकावट का सबालेंका के खेल पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। उन्होंने पहला सेट 35 मिनट में जीता और राखिमोवा को हराकर चौथे राउंड में जगह बना ली। अब चौथे राउंड में उनका सामना रूस की डायना श्नाइडर या अमेरिका की टेलर टाउनसेंड से होगा।
नवारो ने विम्बलडन फाइनलिस्ट मुचोवा को हराया
विमेंस सिंगल्स में अमेरिका की एम्मा नवारो ने बड़ा उलटफेर करते हुए करोलिना मुचोवा को 6-3, 7-5 से हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई।
मुचोवा इस साल विम्बलडन की रनर-अप रही थीं और US ओपन की दो बार सेमीफाइनलिस्ट भी हैं। वह टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टॉप-10 खिलाड़ी बनीं।
नवारो की यह इस सीजन में किसी टॉप-10 खिलाड़ी के खिलाफ तीसरी जीत है। वह 2024 US ओपन के सेमीफाइनल में भी पहुंच चुकी हैं।चौथे राउंड में नवारो का सामना एलीना स्वितोलिना या एना कलिन्स्काया से होगा।
