दुबई 39 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

महिला एशिया कप में फिर से भारत-पाकिस्तान के बीच ट्रॉफी विवाद होने की आशंका है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी दुबई में होने टूर्नामेंट के फाइनल में चीफ गेस्ट हो सकते हैं।
ऐसे में अगर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ट्रॉफी जीतता है, तो क्या टीम नकवी से ट्रॉफी लेगी? यह बड़ा सवाल है।
पिछले साल सितंबर 2025 में भारत की पुरुष टीम ने एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी जीती थी। उस समय भारत ने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। तब भारत ने बिना ट्रॉफी के सेलिब्रेशन किया था।

बिना ट्रॉफी के भारत ने एशिया कप खिताब सेलिब्रेट किया था।
नकवी ट्रॉफी क्यों दे सकते हैं
नकवी के पास इस प्रेजेंटेशन से जुड़े दो अहम पद हैं। वे PCB के चेयरमैन और ACC के अध्यक्ष हैं। महिला एशिया कप ACC की मेजबानी में हो रहा है। इसलिए ACC प्रेसिडेंट होने के नाते नकवी के पास विजेता टीम को ट्रॉफी देने का अधिकार है।
ऐसे में अगर हरमनप्रीत कौर की टीम फाइनल में पहुंचकर खिताब जीतती है, तो दुबई में भारत-पाकिस्तान से जुड़ा एक और ट्रॉफी विवाद देखने को मिल सकता है।
पिछले साल क्या हुआ था
- 28 सितंबर 2025 को पुरुष एशिया कप के फाइनल में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था।
- मैच के बाद होने वाला अवॉर्ड सेरेमनी कार्यक्रम (प्रेजेंटेशन) एक घंटे से ज्यादा देरी तक रुका रहा, क्योंकि इस बात पर चर्चा चल रही थी कि ट्रॉफी कौन सौंपेगा।
- भारतीय टीम ने आखिरकार PCB चेयरमैन और ACC अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से मना कर दिया।
- इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पोडियम पर बिना ट्रॉफी के ही जीत का जश्न मनाया, जबकि नकवी ट्रॉफी लेकर स्टेडियम से बाहर चले गए।
- एशिया कप की ट्रॉफी अब तक भारतीय टीम को नहीं सौंपी गई है। यह वर्तमान में दुबई स्थित ACC के दफ्तर में रखी हुई है।
पहलगाम हमले के बाद भारत की नो-हैंडशेक पॉलिसी
पिछले साल का पुरुष एशिया कप पहलगाम आतंकी हमले के बाद खेला गया था। टूर्नामेंट के दौरान नकवी ने पाकिस्तान के गृह मंत्री के तौर पर सोशल मीडिया पर भारत विरोधी बयान भी शेयर किए थे।
इसके बाद भारत ने नो-हैंडशेक की पॉलिसी अपनायी। पहली बार सितंबर 2025 पुरुष एशिया कप में भारत ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इसके बाद से अब तक भारत ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हैंडशेक नहीं किया है।

भारत विमेंस एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंचा
आठ टीमों वाले महिला एशिया कप में भारत अब तक अजेय है। हरमनप्रीत कौर की टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ जीत से की। इसके बाद ग्रुप स्टेज में हांगकांग और पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था

श्री चरणी ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
भारत ने पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज में 7 विकेट से हराया था। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने 56 रन का टारगेट 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इस मैच की पूरी खबर पढ़ें…
—————————
2025 पुरुष एशिया कप में ट्रॉफी विवाद की खबर पढ़ें…
PCB चीफ बोले– मैं कार्टून की तरह खड़ा था:BCCI के सवाल पर कहा– भारत मुझसे एशिया कप ट्रॉफी नहीं लेगा, ये नहीं बताया गया

एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के दुबई हेडक्वार्टर में मंगलवार को एनुअल जनरल मीटिंग हुई। मीटिंग में आज भारत ने एशिया कप फाइनल के दौरान ट्रॉफी न देने का कड़ा विरोध किया। पूरी खबर पढ़ें…
