Headlines

वेस्टइंडीज से ODI सीरीज में राहुल हो सकते हैं उपकप्तान:पंत और सिराज की वापसी संभव; हार्दिक की फिटनेस पर नजर




एशियन गेम्स 2026 के दौरान भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन 16 सितंबर को होने की उम्मीद है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति टीम चुनेगी। शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि केएल राहुल को उपकप्तान बनाए जाने की संभावना है। विकेटकीपर के तौर पर ऋषभ पंत के साथ ध्रुव जुरेल में से किसी एक को टीम में जगह मिल सकती है। वहीं, हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर सभी की नजर होगी। सीरीज का पहला मैच 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में होगा। इसके बाद 30 सितंबर को गुवाहाटी और 3 अक्टूबर को मुल्लांपुर में मुकाबले खेले जाएंगे। समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, चयनकर्ताओं के सामने सीरीज के लिए कई बड़े फैसले होंगे। नियमित ODI उपकप्तान श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स के कारण उपलब्ध नहीं होंगे। श्रेयस अय्यर जापान में भारतीय टी20 टीम की अगुवाई करेंगे। ऐसे में अनुभवी केएल राहुल उपकप्तानी के स्वाभाविक विकल्प के तौर पर उभर रहे हैं। राहुल के पास ODI क्रिकेट का पर्याप्त अनुभव है। वह बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं। इसलिए उन्हें लीडरशिप ग्रुप में शामिल करना व्यावहारिक विकल्प माना जा रहा है। पंत और जुरेल में मुकाबला विकेटकीपर के मोर्चे पर चयनकर्ताओं के सामने पेचीदा स्थिति है। ईशान किशन भी एशियन गेम्स के भारतीय दल में होंगे। इस वजह से वेस्टइंडीज के खिलाफ राहुल के पीछे दूसरे विकेटकीपर का विकल्प चुनना होगा। इसके लिए ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के नाम पर विचार किया जा रहा है। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि दोनों में से एक का चयन किया जाना है। कप्तान शुभमन गिल और मुख्य कोच की राय भी इस फैसले में अहम होगी। अगर ऋषभ पंत को ODI टीम में जगह नहीं मिलती है, तो वह ईरानी कप में शेष भारत की कप्तानी कर सकते हैं। पंत के चुने जाने पर जुरेल को रेस्ट ऑफ इंडिया की कमान मिलने की संभावना है। जुरेल हाल ही में श्रीलंका दौरे पर इंडिया-ए की कप्तानी कर चुके हैं। हार्दिक की फिटनेस पर फैसला ODI टीम में सीम गेंदबाजी ऑलराउंडर की जगह सबसे बड़ी पहेलियों में से एक है। हार्दिक पंड्या फिट होते हैं, तो चयनकर्ताओं को इस भूमिका के लिए ज्यादा माथापच्ची नहीं करनी पड़ेगी। हार्दिक को इंडिया-ए के आगामी ODI मैचों के लिए चुना गया है। बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, वह 20 सितंबर के आसपास प्रतिस्पर्धी सफेद गेंद क्रिकेट में लौटेंगे। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ भी मौका दे सकते हैं। हालांकि, अंतिम फैसला उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। सिराज की वापसी तय मानी जा रही पेस अटैक को लेकर चयनकर्ताओं के सामने स्थिति काफी स्पष्ट है। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और प्रिंस यादव फिट हैं। इन सभी को चयन के लिए उपलब्ध बताया जा रहा है। ऐसे में सिराज की ODI टीम में वापसी तय मानी जा रही है। श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी बल्लेबाजी में ऋतुराज गायकवाड़ के लिए रास्ता खोल सकती है। उन्हें ODI टीम में शामिल किए जाने की संभावना है। चोटिल खिलाड़ियों की लंबी सूची चुनौती टीम चयन की प्रक्रिया में चोटिल खिलाड़ियों की लंबी सूची भी बड़ी बाधा बन रही है। हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, मोहसिन खान, वेंकटेश अय्यर, हर्षित राणा और शाहबाज अहमद अलग-अलग स्तर की टीमों के लिए उपलब्ध नहीं हैं। इन खिलाड़ियों के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब करने की संभावना है। खासकर ऑलराउंडर विकल्पों की कमी चयन समिति के लिए चुनौती बनी हुई है। ईरानी कप के लिए इन खिलाड़ियों पर नजर ईरानी कप के लिए मुंबई के अनुभवी बल्लेबाज सरफराज खान को शेष भारत टीम में जगह मिलने की संभावना है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ रेड बॉल मैचों के लिए इंडिया-ए टीम में नहीं चुना गया था। रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले दिल्ली के सनत सांगवान और आयुष दोसेजा भी रेस्ट ऑफ इंडिया टीम में शामिल हो सकते हैं। रविचंद्रन स्मरण का नाम भी संभावित खिलाड़ियों में है। अगरकर के कार्यकाल की आखिरी बैठक हो सकती है 16 सितंबर की चयन बैठक अजीत अगरकर के मौजूदा अनुबंध के दौरान उनकी आखिरी बैठक हो सकती है। उनका निर्धारित कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। अगरकर को एक साल का विस्तार मिल सकता है। हालांकि, BCCI ने अभी उनके भविष्य पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *