4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

यह मैच भारत-जापान रिश्तों के 75 साल पूरे होने के मौके पर खेला जाएगा।
एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम सही साइज की किट का इंतजार कर रही है। टीम रविवार तड़के नई दिल्ली से जापान के लिए रवाना होगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के किट सप्लायर JSW इंस्पायर के बीच खिलाड़ियों की जर्सी को लेकर कई बार बातचीत हुई है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एकमात्र T20I मैच में अपनी सामान्य किट पहनेगी।
इसके बाद टीम 28 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स में आधिकारिक एशियन गेम्स जर्सी पहनेगी। किट में साइज की दिक्कत के कारण यह स्थिति बनी है।
कुछ किट की साइज अब भी बाकी
IOA के एक सूत्र ने PTI को बताया कि खिलाड़ियों की किट में साइज की समस्या थी। इनमें से ज्यादातर दिक्कतें दूर कर दी गई हैं। कुछ किट बाकी हैं, जिन्हें जल्द टीम तक पहुंचा दिया जाएगा।
सूत्र ने कहा, “खिलाड़ियों को दो अलग-अलग जर्सी चाहिए। एक द्विपक्षीय मैच के लिए और दूसरी एशियन गेम्स के लिए। ऐसे में यह समस्या हो सकती है।”
BCCI ने नागोया में खुद होटल का इंतजाम किया
नागोया में दूसरे भारतीय खिलाड़ियों को रहने की जगह मिलने में हुई देरी को देखते हुए BCCI ने क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए खुद होटल का इंतजाम किया है। वहां क्रिकेट सुविधाओं और मैदान को लेकर भी सवाल हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम हालांकि IOA की ओर से उपलब्ध कराए गए आवास में रह रही है।
एक सूत्र ने कहा, “महिला टीम के आवास में कभी कोई समस्या नहीं थी। पुरुष टीम के लिए आयोजकों ने जो कमरे दिए थे, उनमें किट बैग रखने तक की जगह नहीं थी।”
सूत्र ने बताया कि वहां बड़े होटल ज्यादा नहीं हैं। इसके बावजूद BCCI ने जापान रवाना होने से कुछ समय पहले अपना इंतजाम कर लिया।
एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के ठहरने की अलग व्यवस्था
एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले कुछ खिलाड़ियों को अपने आवास में चेक-इन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इस बार कोई अलग गेम्स विलेज नहीं बनाया गया है। आयोजकों ने खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था क्रूज शिप, कंटेनर और होटलों में की है।
