- Hindi News
- Sports
- Asian Games 2026 | Mirabai Chanu Manu Bhaker Medal Hope India News
10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एशियन गेम्स में आज भारत की नजर वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और शूटर मनु भाकर पर होंगी। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट मीराबाई 49 किग्रा वेटलिफ्टिंग में उतरेंगी। भाकर 10 मीटर एयर पिस्टल में दावेदारी पेश करेंगी।
ईशा सिंह और सुरूचि इंदर सिंह भी शूटिंग में भाग लेंगे। भारत बुधवार को 7 मेडल इवेंट में उतरेगा। इनमें शूटिंग के 3, इक्वेस्ट्रियन के 2 और वेटलिफ्टिंग के 2 इवेंट शामिल हैं। आज ओवरऑल मिलाकर 33 गोल्ड का फैसला होगा।

शूटिंग में भाकर समेत 6 निशानेबाजों के मुकाबले
सुबह 6:15 बजे महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन होगी। मनु भाकर, ईशा सिंह और सुरूचि इंदर सिंह भारत की ओर से उतरेंगी। इसी इवेंट का टीम फाइनल भी होगा।
सुबह 9 बजे इंडिविजुअल फाइनल होगा। अगर भारतीय खिलाड़ी क्वालिफाई करती हैं तो यहां भी मेडल का मौका रहेगा।
सुबह 6:30 बजे पुरुषों की स्कीट क्वालिफिकेशन होगी। इसमें अनंतजीत सिंह नरूका, मिराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल हिस्सा लेंगे। इसी समय महिलाओं की स्कीट में राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और महेश्वरी चौहान उतरेंगी।

मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक 2024 में इंडिविजुअल और टीम इवेंट मिलाकर 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे।
वेटलिफ्टिंग में मीराबाई के बाद ज्ञानेश्वरी
सुबह 10 बजे महिलाओं के 49 किग्रा वर्ग का मेडल इवेंट होगा। मीराबाई चानू इसमें भारत को रिप्रेजेंट करेंगी। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग का मेडल इवेंट होगा। ज्ञानेश्वरी यादव इसमें उतरेंगी।

मीराबाई चानू ने इस साल ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।
बैडमिंटन सेमीफाइनल में चीन से मुकाबला
सुबह 11:30 बजे भारत की पुरुष बैडमिंटन टीम सेमीफाइनल खेलेगी। सामने चीन की टीम होगी। इससे पहले सुबह 6:30 बजे इक्वेस्ट्रियन यानी घुड़सवारी में क्रॉस-कंट्री मुकाबले होंगे। टीम और इंडिविजुअल दोनों मेडल तय होंगे। भारत से फुआद मिर्जा, अर्जन सिंह नागरा और आशीष लिमये उतरेंगे।

हॉकी और कबड्डी के भी मुकाबले
भारतीय महिला हॉकी टीम सुबह 11:30 बजे पूल-बी में थाईलैंड के खिलाफ उतरेगी। इससे पहले कबड्डी में महिला और पुरुष टीम के मुकाबले होंगे। सुबह 8:30 बजे महिला कबड्डी टीम ग्रुप-A के मुकाबले में ईरान से खेलेगी। फिर सुबह 9:40 बजे पुरुष टीम का बांग्लादेश से मुकाबला होगा। यह भी ग्रुप-ए का मैच है।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था।
बॉक्सिंग और स्क्वॉश में भी भारतीय खिलाड़ी
सुबह 10:30 बजे के बाद अंकुश 80 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ-32 में हम्सा वोगेल से भिड़ेंगे।
स्क्वॉश में सुबह 10:30 बजे अभय सिंह पुरुष राउंड ऑफ-32 खेलेंगे। तन्वी खन्ना 11:15 बजे महिला राउंड ऑफ-32 में उतरेंगी। वीर चोत्रानी दोपहर 12 बजे पुरुष राउंड ऑफ-32 खेलेंगे।
वुशु में रोशिबिना का सेमीफाइनल
दोपहर 2:30 बजे रोशिबिना देवी महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग का सेमीफाइनल खेलेंगी। उनके सामने प्रतिद्वंद्वी अभी तय नहीं है।
स्वीमिंग में 2 भारतीयों की नजर फाइनल पर
सुबह 6:42 बजे बेनेडिक्टन बेनिस्टन और साजन प्रकाश 100 मीटर बटरफ्लाई की हीट में उतरेंगे।
सुबह 7:01 बजे वेदांत माधवन और अनीश सुनील 200 मीटर फ्रीस्टाइल की हीट खेलेंगे। क्वालिफाई करने पर दोनों के फाइनल दोपहर में होंगे।
