11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने अपनी फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ पर बने AI जनरेटेड अश्लील (डीपफेक) वीडियो पर कड़ी नाराजगी जताई है।
इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक बयान जारी कर उन्होंने तकनीक के इस गलत इस्तेमाल को यौन उत्पीड़न के बराबर बताया। जान्हवी ने कहा कि बिना मर्जी के महिलाओं का ऐसा कंटेंट बनाना उनकी गरिमा का गंभीर उल्लंघन है।
इसके साथ ही उन्होंने इस मुद्दे पर खुलकर बोलने और समर्थन देने के लिए अपने को-स्टार जूनियर एनटीआर, चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू का आभार व्यक्त किया।
टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल यौन उत्पीड़न जैसा
जान्हवी कपूर ने अपने बयान में लिखा कि महिलाओं को केवल एक वस्तु की तरह दिखाना और उनकी सहमति के बिना एडिटेड कंटेंट फैलाना बेहद गंभीर मामला है। यह आपराधिक कृत्य लगभग यौन उत्पीड़न के ही समान है।
उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री की लगभग हर महिला ने किसी न किसी रूप में इस परेशानी का सामना किया है। अब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर हर जगह आम महिलाएं भी इसका शिकार हो रही हैं।

महिला की सहमति और मर्जी का सम्मान होना चाहिए
एक्ट्रेस ने महिलाओं की पसंद और उनके शरीर के प्रति सम्मान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला पांच दिन ‘हां’ कहती है और छठे दिन ‘ना’, तो उस ‘ना’ का सम्मान किया जाना चाहिए।
मिनीस्कर्ट पहनने का मतलब यह नहीं होता कि कोई उसके नीचे कैमरा लगाए या उसके शरीर का गलत इस्तेमाल करे। महिला किस चीज में सहज है और अपनी सीमा कहां तय करती है, यह फैसला पूरी तरह से उसी का होना चाहिए।
‘अपनी बेटियों को बचाओ’ की जगह सोच बदलने की जरूरत
जान्हवी ने आगे कहा कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगहों पर महिलाओं को सीमाओं के उल्लंघन का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सलाह दी कि लोगों को सिर्फ अपनी बेटियों की सुरक्षा करने की बात कहने के बजाय अपनी सोच बदलनी होगी। समाज को ऐसी मानसिकता विकसित करने की जरूरत है जो लोगों को दूसरों की प्राइवेसी और सीमाओं का उल्लंघन करने से रोके।

जान्हवी कपूर अपने AI डीपफेक वीडियोज पर पहले भी नाराजगी जता चुकी हैं।
जूनियर एनटीआर और सीनियर एक्टर्स का जताया आभार
जान्हवी ने अपने को-स्टार जूनियर एनटीआर का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस वायरल वीडियो के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कड़ा बयान दिया था। जान्हवी के मुताबिक, बड़े स्टार्स का ऐसा स्टैंड लेना उन सभी महिलाओं को हिम्मत देता है जो इस तरह के बर्ताव से पीड़ित हैं। उन्होंने मामले में एकजुटता दिखाने के लिए दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू सुंदर को भी धन्यवाद कहा।
मॉर्फ्ड वीडियो बनाने वालों को चेतावनी थी
जूनियर NTR ने मॉर्फ्ड ‘चुट्टामल्ले’ वीडियो बनाने और उसे फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने लिखा कि ‘चुट्टामल्ले’ के इस मॉर्फ्ड वीडियो को बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ मैं हर संभव कानूनी कार्रवाई करूंगा। मैं उनमें से किसी को भी नहीं छोड़ूंगा।
अभिनेता ने लोगों से ऐसे कंटेंट को बढ़ावा नहीं देने की अपील की। उन्होंने लिखा, “मैं लोगों से अपील करता हूं कि ऐसे कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही उस पर प्रतिक्रिया दें। आज यह किसी और के साथ हुआ है, कल आपकी मां, बहन, पत्नी या बेटी भी इसका शिकार हो सकती है।”

जूनियर NTR की पोस्ट।
उन्होंने आगे लिखा, “यह बेहद गंभीर मामला है। मैं सभी राज्य सरकारों और भारत सरकार से अपील करता हूं कि AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त नियम बनाए जाएं और कार्रवाई की जाए।”

जान्हवी कपूर ने फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ से बतौर लीड एक्ट्रेस साउथ फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था।
विजय देवरकोंडा ने वीडियो पर नाराजगी जताई
विजय देवरकोंडा ने ‘चुट्टामल्ले’ के डीपफेक वीडियो पर नाराजगी जताते हुए इसे बेहद गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि वीडियो बनाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि लोग एक-दूसरे को नीचा दिखाने के प्रति इतने असंवेदनशील कैसे हो गए हैं। विजय ने कहा कि AI का इस्तेमाल लोगों की नौकरी जाने की चिंता के बीच इस तरह की बकवास के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने इस तरह के डीपफेक को डिजिटल रूप से यौन उत्पीड़न के बराबर बताया और कहा कि कानून को ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लेना चाहिए।

विजय देवरकोंडा की पोस्ट।
चिरंजीवी ने भी वीडियो पर जताई नाराजगी
साउथ सुपरस्टार चिरंजीवी ने भी गाने ‘चुट्टामल्ले’ के मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक AI वीडियो के वायरल होने पर कड़ी नाराजगी जताई। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने ऐसे कंटेंट को क्रूर, शर्मनाक और पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ किसी एक महिला या फिल्म से जुड़ा मामला नहीं है। आज किसी और के साथ हुआ है, कल यह आपके, मेरे या किसी जानने वाले के साथ भी हो सकता है।
चिरंजीवी ने कहा कि ऐसे वीडियो बनाने और जानबूझकर उन्हें फैलाने वालों पर कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इसे मजाक या मनोरंजन मानने से भी इनकार किया। उन्होंने तेलुगु फिल्म चैंबर, प्रोड्यूसर्स काउंसिल और इंडस्ट्री संस्थाओं के साथ मिलकर एक कमेटी और सपोर्ट सेल बनाने की बात कही। यह टीम साइबर क्राइम अधिकारियों के साथ काम करेगी।
उन्होंने लोगों से वीडियो को देखने, डाउनलोड करने या शेयर करने के बजाय संबंधित प्लेटफॉर्म और साइबर क्राइम अधिकारियों को रिपोर्ट करने की अपील की।

चिरंजीवी की पोस्ट।
‘चुट्टामल्ले’ गाना और फिल्म
‘चुट्टामल्ले’ 2024 में आई एक्शन ड्रामा फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ का रोमांटिक गाना है। इसमें जूनियर NTR और जान्हवी कपूर नजर आए थे।
यह गाना अपनी धुन और दोनों मुख्य कलाकारों की केमिस्ट्री के लिए लोकप्रिय हुआ था।
‘देवरा: पार्ट 1’ की कहानी
कोरटाला शिवा के निर्देशन में बनी ‘देवरा: पार्ट 1’ की कहानी 1980 के दशक के एक तटीय गांव पर आधारित है।
फिल्म में एक ताकतवर समुद्री योद्धा अवैध समुद्री तस्करी के खिलाफ खड़ा होता है। उसे पता चलता है कि इसकी वजह से निर्दोष लोगों को नुकसान हो रहा है।

जान्हवी कपूर ने फिल्म देवरा: पार्ट 1 में थंगम नाम का किरदार निभाया है।
फिल्म में जूनियर NTR, जान्हवी कपूर और सैफ अली खान ने अहम भूमिकाएं निभाईं। प्रकाश राज, श्रीकांत और शाइन टॉम चाको भी फिल्म का हिस्सा थे।
वर्कफ्रंट की बात करें तो जूनियर NTR अपकमिंग फिल्म ‘ड्रैगन’ पर काम कर रहे हैं। इसका निर्देशन ‘KGF’ और ‘सालार’ फेम प्रशांत नील कर रहे हैं। फिल्म 11 जून 2027 को रिलीज होने वाली है।
कई सेलेब्स के AI-जनरेटेड पोस्ट बने हैं
गौरतलब है कि कई सेलिब्रिटी एआई-जनरेटेड कंटेंट का शिकार हो चुके हैं, जिनमें रश्मिका मंदाना, नोरा फतेही और माधुरी दीक्षित जैसे नाम शामिल हैं। मई 2026 में फेक एआई से बने वीडियो और तस्वीरों को लेकर साउथ एक्ट्रेस रुक्मिणी वसंत भड़क गई थीं।
रुक्मिणी ने एक्स अकाउंट पर एक नोट शेयर कर लिखा था, “मेरी टीम और मैंने सोशल मीडिया पर कुछ एआई से बनाई गई तस्वीरें देखी हैं, जिनके बारे में दावा किया जा रहा है कि वो मेरी हैं। मैं साफ कहना चाहती हूं कि ये तस्वीरें पूरी तरह फर्जी और बनाई गई हैं। इस तरह की एडिटेड तस्वीरें बनाना और फैलाना बहुत गैरजिम्मेदाराना है। यह किसी की प्राइवेसी का बड़ा उल्लंघन भी है।”
उन्होंने आगे लिखा था, “हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। इन तस्वीरों को बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी और साइबर क्राइम कार्रवाई शुरू की जा रही है। मैं सभी लोगों से अपील करती हूं कि ऐसे कंटेंट को शेयर न करें और न ही उसे बढ़ावा दें।”

रुक्मिणी वसंत की पोस्ट।
मई 2026 में ही माधुरी दीक्षित का एक रिवीलिंग ब्लैक ड्रेस वाला वीडियो वायरल हुआ था, जिसे बाद में फैक्ट चेक और ट्विटर (X) के कम्युनिटी नोट द्वारा एआई-जनरेटेड और पूरी तरह नकली घोषित किया गया।

माधुरी दीक्षित का जो वीडियो सामने आया था, उसमें वह एक अवॉर्ड फंक्शन में बैठी दिखाई दे रही हैं।
नवंबर 2023 में रश्मिका का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह काले रंग के कपड़ों में एक लिफ्ट के अंदर जाती हुई दिख रही थीं। यह वीडियो पूरी तरह फेक था। मूल वीडियो ब्रिटिश-भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जारा पटेल का था।
AI डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल करके जारा के चेहरे की जगह रश्मिका का चेहरा लगा दिया गया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया था।

जारा पटेल के इस वीडियो में चेहरे पर रश्मिका का चेहरा लगा दिया गया था।
जनवरी 2024 में नोरा फतेही का भी एक फेक वीडियो सामने आया था जिसमें एक क्लोदिंग ब्रांड के एंडोर्समेंट के लिए उनके चेहरे और आवाज का गलत इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालकर इसके फर्जी होने की पुष्टि की थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

नोरा ने अपने इंस्टा अकाउंट पर यह स्टोरी शेयर करते हुए इस डीपफेक वीडियो की जानकारी दी थी।
