9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ आगामी T20I सीरीज के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज अमीर जांगू को अपनी टीम में शामिल कर लिया है।
उन्हें ज्वेल एंड्रयू के कवर के रूप में टीम में जगह दी गई है। एंड्रयू को शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान कैच पकड़ते समय उंगली में चोट लग गई थी।
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि एंड्रयू की चोट पर मेडिकल टीम लगातार नजर रख रही है और उनके बैकअप के तौर पर अमीर जांगू को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को लखनऊ में खेला जाएगा।
कैच लेते वक्त लगी चोट, अस्पताल ले जाया गया
शनिवार को भारत की पारी के 36वें ओवर की आखिरी गेंद पर यह हादसा हुआ। भारतीय बल्लेबाज नमन धीर ने बाएं हाथ के स्पिनर गुडाकेश मोती की गेंद को कवर की तरफ हवा में खेला। ज्वेल एंड्रयू ने कैच तो पूरा कर लिया, लेकिन इस दौरान गेंद उनकी उंगली पर जोर से लग गई।
चोट लगने के तुरंत बाद एंड्रयू को मैदान से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद उन्हें एक्स-रे के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल टीम ने उनकी चोट का आकलन किया।
चोट के कारण ओपनिंग नहीं कर सके थे एंड्रयू
उंगली की चोट इतनी गंभीर थी कि ज्वेल एंड्रयू वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी के दौरान पारी की शुरुआत करने मैदान पर नहीं उतर सके। 352 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा। कप्तान शाई होप खुद जॉन कैंपबेल की जगह ओपनिंग करने उतरे थे।
वनडे सीरीज में रहे तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
29 वर्षीय अमीर जांगू हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में बेहद शानदार फॉर्म में रहे हैं। तीन मैचों की वनडे सीरीज में जांगू ने नाबाद 58, 114 और 67 रनों की पारियां खेलीं।
वे 239 रनों के साथ पूरी सीरीज में दोनों टीमों को मिलाकर तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस सीरीज में केवल भारत के शुभमन गिल (334 रन) और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (278 रन) ही उनसे आगे थे।
