2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज अमीर जांगू को अपनी टीम में शामिल कर लिया है।
उन्हें ज्वेल एंड्रयू के बैकअप के रूप में टीम में जगह दी गई है। एंड्रयू को शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान कैच पकड़ते समय उंगली में चोट लग गई थी।
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि एंड्रयू की चोट पर मेडिकल टीम लगातार नजर रख रही है और उनके बैकअप के तौर पर अमीर जांगू को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को लखनऊ में खेला जाएगा।
तीसरे वनडे के 36वें ओवर में लगी चोट
शनिवार को भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में टीम इंडिया की पारी के 36वें ओवर की आखिरी गेंद पर ज्वेल एंड्रयू को चोट लगी। भारतीय बल्लेबाज नमन धीर ने बाएं हाथ के स्पिनर गुडाकेश मोती की गेंद को कवर की ओर हवा में खेला। एंड्रयू ने कैच पकड़ लिया, लेकिन गेंद उनकी उंगली पर जोर से लग गई।
चोट लगने के तुरंत बाद एंड्रयू को मैदान से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद उन्हें एक्स-रे के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल टीम ने उनकी चोट की जांच की।
चोट के कारण ओपनिंग नहीं कर सके थे एंड्रयू
उंगली की चोट इतनी गंभीर थी कि ज्वेल एंड्रयू वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी के दौरान पारी की शुरुआत करने मैदान पर नहीं उतर सके। 352 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा। कप्तान शाई होप खुद जॉन कैंपबेल की जगह ओपनिंग करने उतरे थे।
वनडे सीरीज में रहे तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
29 साल के अमीर जांगू हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में बेहद शानदार फॉर्म में रहे हैं। तीन मैचों की वनडे सीरीज में जांगू ने नाबाद 58, 114 और 67 रनों की पारियां खेलीं।
वे 239 रनों के साथ पूरी सीरीज में दोनों टीमों को मिलाकर तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस सीरीज में केवल भारत के शुभमन गिल (334 रन) और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (278 रन) ही उनसे आगे थे।
वेस्टइंडीज की T20I टीम
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, अकील होसेन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैमसन, रोमारियो शेफर्ड, शमार स्प्रिंगर।
———————————————–
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
