![]()
बांग्लादेश के पूर्व चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस को अमेरिका के न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर विरोध का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और ‘आतंकवादी’ कहा। लोगों ने उन पर बांग्लादेश में हत्याएं कराने और लोकतंत्र को बर्बाद करने के आरोप लगाए। उन्होंने यूनुस से कहा कि तुम यहां क्यों आए हो, वापस जाओ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग यूनुस के खिलाफ नारे लगाते और उन पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। हालात को देखते हुए यूनुस और उनकी सहयोगी लामिया मोर्शेद को एयरपोर्ट के अंदर वापस ले जाया गया। प्रदर्शनकारियों ने हजारों लोगों की मौत का आरोप लगाया प्रदर्शनकारियों ने यूनुस पर हजारों पुलिसकर्मियों की मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। उन्होंने यह दावा भी किया कि बांग्लादेश में करीब 2 लाख लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विरोध करने वालों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बांग्लादेश के एक मीडिया संस्थान ने उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग का समर्थक बताया है। घटना पर यूनुस या उनके प्रतिनिधियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। सरकार बोली- विरोध करने वालों पर कार्रवाई करेंगे बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सूचना एवं कम्युनिकेशन सलाहकार जाहेद उर रहमान ने मंगलवार को कहा कि यूनुस का सामना करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि किन कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। यूनुस ने शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद अंतरिम सरकार का नेतृत्व किया था। अगस्त 2024 में हसीना के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। यूनुस के कार्यकाल पर उठे थे सवाल यूनुस की अंतरिम सरकार को हिंसा रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रहने के आरोपों का सामना करना पड़ा था। इस दौरान अल्पसंख्यक हिंदुओं और उनके धार्मिक स्थलों पर हमलों, गिरफ्तारियों और हिरासत में मौतों को लेकर भी चिंताएं सामने आई थीं। अवामी लीग ने आरोप लगाया था कि उसके नेताओं और समर्थकों को निशाना बनाया गया। मानवाधिकार संगठनों ने हिंसा और कथित दुर्व्यवहार के मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग की थी। हालांकि, अलग-अलग घटनाओं में जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच और आधिकारिक रिपोर्ट जरूरी हैं।
Source link
पूर्व बांग्लादेशी एडवाइजर यूनुस को लोगों ने आतंकवादी कहा:न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर घेरा; सरकार बोली- विरोध करने वालों पर कार्रवाई करेंगे