![]()
युजवेंद्र चहल ने शराब की लत, तलाक और पैनिक अटैक के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि वह 26 दिन रिहैब सेंटर में रहे थे। 36 साल के चहल ने पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में यह बात कही। उन्होंने बताया कि तलाक के बाद शराब पीने की आदत हद से ज्यादा बढ़ गई थी। चहल ने कहा कि निजी जिंदगी की परेशानियों का असर उनकी क्रिकेट पर भी पड़ा। उन्होंने उस समय दो व्हाइट-बॉल मैच खेले और फिर T20 नहीं खेला। चहल ने बताया कि चिंता और पैनिक अटैक बढ़ने पर उन्होंने ब्रेक मांगा। बाद में उन्होंने शराब छोड़ने और नई शुरुआत करने का फैसला किया। IPL के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में युजवेंद्र चहल सबसे ऊपर हैं। उन्होंने 188 मैचों में 233 विकेट लिए हैं। इस लिस्ट में जसप्रीत बुमराह, सुनील नरेन, रविचंद्रन अश्विन और लसिथ मलिंगा जैसे गेंदबाज भी शामिल हैं। चहल ने 72 ODI में 121 विकेट और 80 T20I में 96 विकेट लिए हैं। हालांकि, उन्हें अब तक टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है। मैदान पर हंसमुख रहने वाले चहल निजी जिंदगी में कई मुश्किलों से गुजर चुके हैं। उन्होंने शराब की लत, तलाक और सार्वजनिक आलोचना का सामना किया है। 26 दिन रिहैब सेंटर में रहे आकाश चोपड़ा ने चहल से पूछा कि निजी जिंदगी की परेशानियों के दौरान उनके साथ कौन था। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भावनात्मक चोट पेशेवर जिंदगी के संकट से अलग होती है। चहल ने जवाब दिया, “मेरे सबसे अच्छे दोस्त और परिवार मेरे साथ थे।” इसके बाद चोपड़ा ने उनसे शराब छोड़ने के फैसले के बारे में पूछा। चहल ने कहा, “पिछले साल काउंटी क्रिकेट के बाद मैंने शराब छोड़ने का फैसला किया। बात हद से ज्यादा बढ़ गई थी।” उन्होंने कहा, “मैंने रिहैब सेंटर में दाखिला लिया और 26 दिन वहां रहा। अब मुझे पता है कि इसे कैसे संभालना है।” चहल के मुताबिक, इस फैसले से उनकी निजी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया। उनकी समझ बढ़ी और भावनाएं संतुलित हुईं। उन्होंने कहा, “पिछले IPL में मेरा शरीर फिर 30 साल का महसूस हो रहा था। मैं जिम कर रहा था, फील्डिंग ड्रिल कर रहा था और ठीक से ट्रेनिंग कर रहा था।” तलाक के बाद बढ़ गई थी शराब चोपड़ा ने पूछा कि शराब पीना कैसे और क्यों शुरू हुआ। चहल ने कहा, “शुरुआत में मैं युवा था। पार्टियां होती थीं। मैंने 2011 में अपना पहला IPL खेला था।” उन्होंने बताया कि एबी डिविलियर्स ने एक बार उनसे कहा था, “जिंदगी में संतुलन जरूरी है।” चहल ने कहा कि यह बात सुनने में आसान है, लेकिन इसे अपनाना आसान नहीं होता। चहल ने कहा, “मेरे तलाक के बाद चीजें हद से ज्यादा बढ़ गई थीं। मेरी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी।” उन्होंने कहा, “मुझे एहसास हुआ कि अगर मैं इसी रास्ते पर चलता रहा, तो जिस चीज से मुझे सबसे ज्यादा प्यार है, उस क्रिकेट को बर्बाद कर दूंगा।” चहल ने बताया कि उन्होंने शराब पीना रोक दिया। उन्होंने कहा, “अब मैं ज्यादा खुश हूं और बेहतर स्थिति में हूं।” निजी जिंदगी की बातें सार्वजनिक होने से क्रिकेट प्रभावित चहल से पूछा गया कि उनकी निजी जिंदगी की बातें सार्वजनिक होने पर उन्होंने इसे कैसे संभाला। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक व्यक्ति की जिंदगी में होने वाली हर बात पर लोग टिप्पणी करने लगते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे बुरा लगा और बहुत मुश्किलें आईं। इसका असर मेरी क्रिकेट पर भी पड़ा।” चहल ने बताया, “मैंने उस साल दो व्हाइट-बॉल मैच खेले। इसके बाद T20 नहीं खेला, क्योंकि मेरा दिमाग सही स्थिति में नहीं था।” उन्होंने कहा, “मैं 100% तैयार नहीं था और नहीं चाहता था कि मेरी वजह से टीम को नुकसान हो।” चहल ने बताया कि उन्होंने अनिरुद्ध सर से बात की और ब्रेक मांगा। उन्होंने कहा कि अनिरुद्ध सर ने उनका पूरा साथ दिया। चहल ने कहा, “आखिरकार मैंने सोचा कि मैं यह बोझ कब तक उठाता रहूंगा? मेरी जिंदगी में एंग्जायटी और पैनिक अटैक शुरू हो गए थे।” पैनिक अटैक में बोलना भी मुश्किल होता था चहल ने पैनिक अटैक के बारे में बताया, “एंग्जायटी में दिल की धड़कन तेज हो जाती है। पैनिक अटैक के दौरान मेरा चेहरा सिकुड़ जाता था।” उन्होंने कहा, “मैं बोल भी नहीं पाता था। मेरा होंठ कसकर एक तरफ खिंच जाता था। लोग समझ जाते थे कि मेरे साथ कुछ गलत है।” चहल ने कहा, “तभी पहली बार मुझे एहसास हुआ कि एंग्जायटी कितनी गंभीर हो सकती है।” उन्होंने बताया कि उन्हें डर था कि सोशल मीडिया पर लोग कई तरह की बातें करेंगे। चहल ने कहा, “मैंने सोचा कि IPL पर ध्यान देते हैं।” 18 करोड़ में पंजाब किंग्स से जुड़ने पर खुद को साबित किया चहल ने बताया कि जब उनकी परेशानी धीरे-धीरे कम हुई, तो उन्होंने इसे पीछे छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर लोग बातें करते रहेंगे। आप सबको चुप नहीं करा सकते। इसलिए मैंने नई शुरुआत करने का फैसला किया।” चहल ने बताया, “पंजाब किंग्स के साथ मेरे पहले साल में टीम ने मेरे लिए 18 करोड़ रुपए दिए। मुझे लगा कि उन्होंने मुझ पर इतने पैसे के साथ भरोसा किया है, इसलिए मैं उन्हें निराश नहीं कर सकता।” उन्होंने KKR के खिलाफ मैच का जिक्र किया। चहल ने कहा कि 111 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए उन्हें लगा कि अब उन्हें आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभानी होगी। चहल को 2025 सीजन से पहले चुना गया था। IPL 2025 में उन्होंने 16 विकेट लिए, जबकि 2026 में उनके नाम 12 विकेट रहे।
Source link
चहल बोले-पैनिक अटैक से मेरा चेहरा टेंढ़ा हो जाता था:बोलना मुश्किल होता था; तलाक के बाद शराब की लत लगी, 26 दिन रिहैब किया