कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

मुंबई में 18 अक्टूबर की फायरिंग के बाद टाइगर श्रॉफ की टीम ने मंगलवार को पहली बार आधिकारिक बयान जारी किया है। टीम ने कहा कि टाइगर ने घटना पर कोई बयान या वीडियो जारी नहीं किया।
टीम ने सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी दावों, AI से बने वीडियो और मनगढ़ंत कहानियों से बचने की अपील की। उसने लोगों से सिर्फ टाइगर और उनकी आधिकारिक टीम की जानकारी पर भरोसा करने को कहा।
टीम ने कहा कि फर्जी खबरें और AI से बना कंटेंट फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टाइगर की टीम ने बयान इंस्टाग्राम पर शेयर किया।
बयान में कहा गया, “हम साफ तौर पर बताना चाहते हैं कि टाइगर श्रॉफ ने हाल की घटना या उससे जुड़े किसी घटनाक्रम पर कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने कोई वीडियो जारी नहीं किया और न ही किसी बातचीत या सूचना को मंजूरी दी है।”
टीम ने बताया कि कई सोशल मीडिया पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म टाइगर के नाम से फर्जी खबरें चला रहे हैं। इनमें AI से बने वीडियो और स्क्रिप्टेड कहानियां भी शामिल हैं।
टीम ने कहा, “ये सभी पूरी तरह झूठे और बिना मंजूरी के हैं। इनका मकसद लोगों को गुमराह करना है।”
मीडिया और सोशल मीडिया पेजों से अपील
टीम ने कहा, “हम ऐसे कंटेंट का समर्थन नहीं करते और न ही इससे हमारा कोई संबंध है। मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पेजों को जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।
“किसी भी जानकारी को पब्लिश करने से पहले उसकी पुष्टि करनी चाहिए। एंगेजमेंट या आर्थिक फायदे के लिए गलत जानकारी बनाने या फैलाने से बचना चाहिए।”
टीम ने कहा कि फर्जी खबरें और AI से बना कंटेंट बनाने, प्रमोट करने या फैलाने वाले व्यक्ति या पेज के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर कई पेज AI वीडियो डाल रहे हैं। एक वीडियो में टाइगर और सलमान को साथ दिखाया गया।
बयान में कहा गया, “हम इन घटनाओं का संज्ञान ले रहे हैं। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सभी उपलब्ध कानूनी विकल्प अपनाने का अधिकार सुरक्षित रखते हैं।”
टीम ने लोगों से टाइगर श्रॉफ और उनकी आधिकारिक टीम की सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करने को कहा।
“विश्वास न करें, उन्हें साझा न करें और उनका प्रचार न करें।”

Writingमंगलवार को टाइगर की नई तस्वीरें भी सामने आईं, जिनमें उनके शरीर पर कोई पट्टी या मेडिकल ड्रेसिंग दिखाई नहीं दी।
18 अक्टूबर को हुई थी फायरिंग
यह बयान 18 अक्टूबर की फायरिंग की घटना के दो दिन बाद आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाइगर उस दिन शाम करीब 7 बजे मुंबई के एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे।
घटना के एक वीडियो में हमलावर कथित तौर पर उनकी कार पर पास से फायरिंग करते दिखे। टाइगर इस घटना में सुरक्षित बच गए। घटना में उनके ड्राइवर और एक राहगीर घायल हुए थे।
टाइगर से पहले चार बड़े बॉलीवुड सितारों की रेकी हुई
एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले आरोपियों ने बताया है कि उन्होंने पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार की रेकी की थी, लेकिन सिक्योरिटी ज्यादा होने के कारण प्लान बदल दिया था। आरोपियों के साथ एक चौथा युवक भी था, लेकिन वह हमले से एक रात पहले सिगरेट पीने के बहाने होटल से भाग गया।
वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में मंगलवार को चार और लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। आरोप है कि इन्होंने शूटरों को हथियार सप्लाई किए थे।
आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के कुणाल (21), सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की राधा (23), बबीता (23) के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने फायरिंग करने वाले बिहार के ऋतिक और हरियाणा के रेहान व फूल सिंह को सोमवार को कोटा से गिरफ्तार किया था।

