Headlines

अंडर-19 महिला क्रिकेट में 1 रन पर विवाद:झारखंड ने BCCI से की शिकायत, स्कोरर पर रन नहीं जोड़ने का आरोप




अंडर-19 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में झारखंड और उत्तराखंड के बीच खेले गए मैच में स्कोरिंग को लेकर विवाद हो गया। झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) का आरोप है कि ऑफिशियल स्कोरर ने पारी के दौरान पूरा किया गया एक रन टीम के खाते में नहीं जोड़ा। इससे झारखंड की टीम 1 रन से मैच हार गई और टूर्नामेंट से बाहर हो गई। एसोसिएशन ने इस मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को लिखित शिकायत भेजी है। उत्तराखंड ने बनाए थे 134 रन पिछले मंगलवार को खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 134 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड की टीम आखिरी गेंद पर 133 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। आधिकारिक स्कोर के अनुसार, उत्तराखंड ने यह मुकाबला 1 रन से जीता। रनआउट के दौरान एक रन नहीं जोड़ने का आरोप द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, झारखंड का आरोप है कि पारी के 20वें ओवर की चौथी गेंद पर बल्लेबाज दूसरा रन लेने की कोशिश में रनआउट हो गया। इस दौरान बल्लेबाज पहला रन पूरा कर चुके थे, लेकिन ऑफिशियल स्कोरर ने रनआउट तो दर्ज किया, पर पूरा किया गया पहला रन टीम के स्कोर में नहीं जोड़ा। JCA के मुताबिक, मैदान के दूसरे छोर पर लगे स्कोरबोर्ड पर हर गेंद के बाद स्कोर अपडेट हो रहा था और उसमें यह रन जोड़ दिया गया था। हालांकि, मुख्य स्कोरर के रिकॉर्ड में रन नहीं जुड़ा। खिलाड़ियों को लगा मैच टाई हो गया झारखंड के खिलाड़ियों को स्कोरबोर्ड पर दिख रहे स्कोर के आधार पर लगा कि टीम को जीत के लिए 2 रन और मैच टाई कराने के लिए 1 रन चाहिए। आखिरी गेंद पर टीम ने 1 रन बनाया, लेकिन इसके बावजूद उसे 1 रन से हारा हुआ घोषित कर दिया गया। मैच के बाद झारखंड के खिलाड़ियों ने नागपुर के अमृतबाई डागा कॉलेज मैदान पर स्कोरर से इस मामले में बहस भी की। हालांकि, स्कोरर ने अपना फैसला नहीं बदला। अंपायरों के फैसले पर भी उठाए सवाल झारखंड के एक अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि मैदान के दूसरे छोर पर लगे स्कोरबोर्ड पर हर गेंद के बाद अपडेटेड स्कोर दिख रहा था, लेकिन मुख्य स्कोरर एक रन जोड़ना भूल गए। एसोसिएशन का दावा है कि इस गलती के कारण मैच टाई नहीं हो सका। झारखंड के अधिकारी के मुताबिक, टीम ने स्कोर में सुधार करने का अनुरोध भी किया, लेकिन स्कोरर ने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार, अंपायरों को स्कोरिंग के लिए आधिकारिक स्कोरर के रिकॉर्ड पर भरोसा करना होता है, न कि मैदान पर स्कोरबोर्ड अपडेट करने वाले व्यक्ति के रिकॉर्ड पर। JCA ने इस मामले में BCCI को शिकायत भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। अब इस विवाद पर बोर्ड की ओर से होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *