![]()
टीवी शो ‘सीआईडी’ और ‘आहट’ के निर्माता-निर्देशक बृजेंद्र पाल सिंह (बीपी सिंह) का मंगलवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर यह जानकारी दी। अशोक पंडित ने बताया कि बीपी सिंह को सुबह बड़ा हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बुधवार, 28 अक्टूबर को किया जाएगा। दो दशकों तक चले अपराध आधारित शो ‘सीआईडी’ से बीपी सिंह को दुनियाभर में पहचान मिली थी। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर दी जानकारी अशोक पंडित ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि बीपी सिंह एक बेहतरीन निर्माता-निर्देशक थे, जिन्होंने ‘सीआईडी’ और ‘आहट’ जैसे शोज के जरिए दर्शकों को बांधकर रखा। इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) के अध्यक्ष पद पर रहने के दौरान अशोक पंडित उनके साथ करीबी रूप से काम कर चुके थे। अशोक पंडित ने बीपी सिंह के निधन पर दुख जताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनका काम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। देहरादून में हुआ था जन्म, 1998 में शुरू किया था ‘सीआईडी’ देहरादून में जन्मे बृजेंद्र पाल सिंह ने भारतीय टेलीविजन को सबसे लंबे समय तक चलने वाले क्राइम शो ‘सीआईडी’ की सौगात दी थी। यह शो साल 1998 में शुरू हुआ था और लगातार दो दशकों तक प्रसारित हुआ। इस शो में बीपी सिंह ने केवल निर्माण और निर्देशन ही नहीं किया, बल्कि समय-समय पर डीसीपी शमशेर सिंह चित्रोले का किरदार भी निभाया। साल 2010 में उनके शो की ओर से ‘सीआईडी गैलेंट्री अवॉर्ड्स’ की शुरुआत भी की गई थी। 111 मिनट का सिंगल शॉट एपिसोड, गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम बीपी सिंह ने ‘सीआईडी’ के जरिए टेलीविजन इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज कराया था। अक्टूबर 2004 में उन्होंने शो का एक विशेष एपिसोड बिना किसी कट के लगातार 111 मिनट के सिंगल शॉट में शूट किया था। इस प्रयोग के लिए शो का नाम ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ और ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया था। किसी टीवी शो में इतने लंबे समय तक बिना रुके शूटिंग करने का यह अपने आप में अनूठा रिकॉर्ड था। ‘आहट’ से हॉरर जॉनर को दी नई पहचान, बनाए कई लोकप्रिय शो बीपी सिंह का योगदान केवल ‘सीआईडी’ तक सीमित नहीं था। उन्होंने साल 1995 में हॉरर शो ‘आहट’ की शुरुआत की थी, जो 2015 तक टीवी पर प्रसारित हुआ। भारतीय टेलीविजन पर हॉरर जॉनर को स्थापित करने में इस शो की बड़ी भूमिका रही। इसके अलावा उन्होंने ‘खाकी’, ‘अभय’ और ‘सुपरकॉप्स वर्सेज सुपर विलेन्स’ जैसे कई चर्चित शोज का निर्माण और निर्देशन किया था।
Source link
'सीआईडी' के क्रिएटर बीपी सिंह का हार्ट अटैक से निधन:सुबह ली अंतिम सांस; 11 मिनट के सिंगल शॉट से बनाया था गिनीज रिकॉर्ड