Headlines

चोटिल फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ आखिरी 2 टी-20 से बाहर:फिशर टीम में शामिल; भारत सीरीज में 3-0 से आगे




न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के आखिरी 2 मैचों से बाहर हो गए हैं। उनके दाएं पैर की पिंडली में चोट लगी है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मैट फिशर को उनकी जगह बाकी सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया है। सीरीज का चौथा मैच शुक्रवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा। फर्ग्यूसन को यह चोट 24 अक्टूबर को दूसरे मैच के दौरान लगी थी। स्कैन में मामूली खिंचाव की पुष्टि हुई है। उन्हें वापसी में करीब एक सप्ताह और लग सकता है। एक हफ्ते में ठीक हो सकते हैं फर्ग्यूसन NZC ने बताया कि हेगली ओवल में दूसरे टी20 के दौरान फर्ग्यूसन को दाईं पिंडली में दर्द हुआ था। इसके बाद हुए स्कैन में मामूली चोट की पुष्टि हुई। NZC ने कहा कि फर्ग्यूसन को खेलने के लिए वापसी में करीब एक सप्ताह और लग सकता है। तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी टी20 सीरीज से बाहर हैं। दूसरे मैच के दौरान उनके दाएं जांघ के अगले हिस्से में दर्द हुआ था। स्कैन में हेनरी को भी मामूली चोट की पुष्टि हुई है। उन्हें ठीक होने में एक से दो सप्ताह लग सकते हैं। हेनरी को पहले से तय वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आगामी वनडे सीरीज के लिए ब्लैककैप्स में लौटना था। NZC ने कहा कि वह अब भी तय कार्यक्रम के अनुसार वापसी कर सकते हैं। फिशर और रैंडेल को टीम में शामिल किया फिशर गेंदबाजी कवर के तौर पर वेलिंगटन में टी20 टीम से जुड़े थे। अब वह सीरीज के बाकी मैचों में फर्ग्यूसन की जगह खेलेंगे। सेंट्रल स्टैग्स के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को न्यूजीलैंड ए टीम में बुलाया गया है। वह भारत ए के खिलाफ दूसरे मैच में फिशर की जगह लेंगे। काइल जैमीसन के तय वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत वह वेलिंगटन में ही रहेंगे। वह शनिवार को फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे दौर में कैंटरबरी के लिए खेलने के लिए उपलब्ध हैं। जैमीसन सोमवार को वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम से दोबारा जुड़ेंगे। कोच को वनडे सीरीज में वापसी की उम्मीद मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि फर्ग्यूसन और हेनरी चार नवंबर से भारत के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज में खेलेंगे। वॉल्टर ने कहा, ‘हम लॉकी और मैट के लिए निराश हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चोटें खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मैचों से बाहर होना आसान नहीं होता।’ उन्होंने कहा, ‘मैट के लिए राहत की बात है कि वह पहले से टी20 के बाकी मैचों में नहीं खेलने वाला था। उसका ध्यान गर्मियों के व्यस्त कार्यक्रम पर था।’ वॉल्टर ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि मैट वनडे में अहम भूमिका निभाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि लॉकी कल ईडन पार्क में खचाखच भरे घरेलू मैदान पर खेलना चाहता था। वह वनडे के लिए वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध है।’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *