19 नवंबर को भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया था।
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में पहले दिन के मुकाबलों के बाद शनिवार (21 नवंबर) को दूसरे मैच डे पर तीन मुकाबले खेले जाएंगे। नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित स्टेडियम में होने वाले इन मैचों पर दर्शकों की नजरें रहेंगी।
.
सबसे ज्यादा उत्सुकता मेजबान भारतीय टीम के मुकाबले को लेकर होगी। भारत का सामना शाम 7 बजे कोरिया से होगा। यह टूर्नामेंट में भारतीय टीम की दूसरी चुनौती होगी। टीम ने 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत की थी। अब कोरिया को हराकर टीम अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
दूसरे मैच डे की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे चीन और मलेशिया के मुकाबले से होगी। इसके बाद शाम 4:45 बजे थाईलैंड और जापान की टीमें आमने-सामने होंगी।
दिन का आखिरी मुकाबला शाम 7 बजे भारत और कोरिया के बीच खेला जाएगा। इस तरह दर्शकों को एक ही दिन एशिया की छह टीमों के बीच तीन रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

भारत के लिए कोरिया की चुनौती अहम
भारतीय टीम के लीग चरण में पांच मुकाबले निर्धारित हैं। मलेशिया के बाद कोरिया दूसरा प्रतिद्वंद्वी होगा। वर्ल्ड रैंकिंग में कोरिया 15वें स्थान पर है, जबकि भारत सातवें स्थान पर है।
एशियाई रैंकिंग में भारत दूसरे और कोरिया चौथे स्थान पर है। ऐसे में रैंकिंग के लिहाज से भारतीय टीम मजबूत स्थिति में है, लेकिन मैदान पर कोरिया की चुनौती से पार पाना आसान नहीं होगा।

24 नवंबर को चीन से भिड़ेगा भारत
भारत को लीग चरण में 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला करना है। लीग चरण के सभी मुकाबले टीमों के लिए आगे की पोजिशन तय करने के लिहाज से अहम रहेंगे।
तीनों मुकाबले भोपाल में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का लीग चरण 25 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद 27 नवंबर को पोजिशन के आधार पर मुकाबले होंगे और 28 नवंबर को ब्रॉन्ज तथा गोल्ड मेडल के लिए मैच खेले जाएंगे।

