नई दिल्ली6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एम्पलाई प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) दिसंबर के आखिरी तक UPI के जरिए प्रोविडेंट फंड (PF) निकालने की सुविधा शुरू कर सकता है। द फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सर्विस के सभी ट्रायल पूरे हो चुके हैं और इस दौरान आई सभी तकनीकी खामियों को भी ठीक कर लिया गया है।
यह नई सुविधा शुरू होने के बाद EPF सब्सक्राइबर्स सीधे BHIM एप के जरिए अपने एलिजिबल PF फंड को निकाल सकेंगे। यह कदम EPFO के बड़े टेक्नोलॉजी अपग्रेड ‘EPFO 3.0’ का हिस्सा है। जिसे फरवरी 2027 में सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की अगली मीटिंग के दौरान लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।
BHIM एप पर दिखेंगे बैलेंस से जुड़े 3 अहम आंकड़े
नई सुविधा के लाइव होने के बाद सब्सक्राइबर्स को अपने खाते की स्थिति जानने के लिए पोर्टल पर लॉगइन करने की मशक्कत कम हो जाएगी। यूजर्स BHIM एप के जरिए प्रमुख काम कर सकेंगे…
- एलिजिबल PF फंड को सीधे अपने खाते में निकाल सकेंगे।
- अपना कुल एलिजिबल विड्रॉल बैलेंस चेक कर सकेंगे।
- जान सकेंगे कि रिटायरमेंट अकाउंट में मिनिमम कितना अमाउंट रखना है।
कैसे काम करेगी UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा?
UPI आधारित यह निकासी सुविधा सीधे मेंबर के यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) और उनके UPI अकाउंट से लिंक रहेगी। हालांकि, इस फीचर का लाभ केवल उन्हीं बैंक अकाउंट्स पर मिलेगा जो पूरी तरह से वेरिफाइड हैं और जिनका EPFO अकाउंट के साथ पहले से लिंकिंग प्रोसेस पूरा हो चुका है।
UPI से कितना PF पैसा निकाल सकेंगे सब्सक्राइबर्स?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सब्सक्राइबर्स को अपने EPF बैलेंस का 75% हिस्सा UPI के जरिए निकालने की अनुमति मिल सकती है। हालांकि, EPFO की ओर से अभी तक इस लिमिट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिटायरमेंट फंड बॉडी ने 19 नवंबर को हुई बोर्ड मीटिंग में PF अकाउंट में अनिवार्य मिनिमम बैलेंस को 25% से घटाकर 10% करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इस फैसले के बाद पार्शियल विड्रॉल की लिमिट एलिजिबल बैलेंस के 75% से बढ़कर 90% तक हो सकती है।
पार्शियल विड्रॉल के 13 नियम अब 3 कैटेगरी में सिमटे
नौकरी के दौरान अपनी खास जरूरतों को पूरा करने के लिए मेंबर्स अपने PF से पार्शियल विड्रॉल करते हैं। इसे आसान बनाने के लिए EPFO ने पार्शियल विड्रॉल से जुड़े 13 अलग-अलग प्रावधानों को मिलाकर अब सिर्फ 3 मुख्य कैटेगरी में कर दिया है…
- एसेंशियल नीड्स
- हाउसिंग नीड्स
- विशेष परिस्थितियां
शादी-पढ़ाई के लिए निकासी की लिमिट और ऑटो-सेटलमेंट के नियम
EPFO ने निकासी की संख्या और मिनिमम सर्विस रिक्वायरमेंट के नियमों में भी बड़े बदलाव किए हैं…
पढ़ाई और शादी: अब मेंबर्स एजुकेशन के लिए 10 बार और शादी के लिए 5 बार तक पार्शियल विड्रॉल कर सकते हैं। पहले इन दोनों ही कामों के लिए केवल 3-3 बार पैसा निकालने की अनुमति थी।
मिनिमम सर्विस: पार्शियल विड्रॉल के लिए मिनिमम सर्विस रिक्वायरमेंट को स्टैंडर्ड करते हुए 12 महीने तय कर दिया गया है।
ऑटो-सेटलमेंट लिमिट: एलिजिबल एडवांस क्लेम्स के लिए ऑटो-सेटलमेंट की सीमा को 5 लाख रुपए तय किया गया है।
क्या है EPFO 3.0 और इससे क्या बदलेगा?
EPFO 3.0 रिटायरमेंट फंड बॉडी के टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर को बदलने का प्लान है। इसका मुख्य उद्देश्य इंडस्ट्री-स्टैंडर्ड कोर बैंकिंग क्षमताओं के जरिए अपनी सर्विसेज को आधुनिक बनाना है।
इस अपग्रेड के पीछे का विचार पेपरवर्क को कम करना, क्लेम सेटलमेंट की रफ्तार बढ़ाना और मेंबर्स की सभी सर्विसेज के लिए एक प्लेटफॉर्म अवेलेबल कराना है। इसकी प्रस्तावित क्षमताओं में इंस्टेंट विड्रॉल, कई भाषाओं में सेल्फ-सर्विस और पेरोल से जुड़ा आसान कंट्रीब्यूशन शामिल है।
क्या होता है UAN और कोर बैंकिंग सिस्टम?
- यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN): यह 12 अंकों का एक स्थायी नंबर होता है जो EPFO हर कर्मचारी को देता है। नौकरी बदलने पर भी यह नंबर नहीं बदलता और इसके जरिए एक ही जगह पर सभी पुराने PF खातों को मैनेज किया जा सकता है।
- कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (CBS): यह एक ऐसी सेंट्रलाइज्ड बैंकिंग तकनीक है जिससे ग्राहक देश के किसी भी हिस्से से अपने खाते को रियल-टाइम में ऑपरेट कर सकते हैं। EPFO 3.0 में इस तकनीक के आने से क्लेम सेटलमेंट बैंक ट्रांजैक्शन की तरह तेज हो जाएगा।
