नई दिल्ली1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अगर आप अपने ऑफिस के कंप्यूटर या लैपटॉप पर ‘वॉट्सऐप वेब’ (WhatsApp Web) का इस्तेमाल करते हैं, तो सावधान हो जाइए। भारत की साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन एजेंसी (I4C) ने इसे लेकर एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि वॉट्सऐप वेब के एक्टिव सेशन को हैक करके ठग आपके पूरे अकाउंट पर कब्जा कर सकते हैं। सरकार ने लोगों को सलाह दी है कि वे वॉट्सऐप पर किसी भी तरह के ऑफिशियल, सरकारी या संवेदनशील काम करने से बचें और हर इस्तेमाल के बाद अकाउंट को मैन्युअल रूप से लॉग-आउट जरूर करें।

क्या है पूरा खतरा: हैकर्स कैसे उठा सकते हैं फायदा?
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) के मुताबिक, कुछ खास परिस्थितियों में लॉग-इन किए गए वॉट्सऐप वेब सेशन का गलत इस्तेमाल कर अकाउंट में अनधिकृत (Unauthorised) एंट्री की जा सकती है।
एडवाइजरी में बताया गया है कि अगर किसी गलत व्यक्ति को आपके वॉट्सऐप वेब सेशन का एक्सेस मिल जाता है, तो वह:
आपके सभी पर्सनल और ग्रुप मैसेज पढ़ सकता है।
आपकी पहचान का इस्तेमाल कर आपके नाम से दूसरों को मैसेज भेज सकता है।
आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट देख सकता है।
आपकी भरोसेमंद पहचान का गलत इस्तेमाल कर आपके जान-पहचान वालों के साथ ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग या सोशल इंजीनियरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकता है।
ऑफिस और शेयर्ड सिस्टम पर खास सावधानी बरतने की सलाह
साइबर एजेंसी ने यूजर्स को ऑफिस के कंप्यूटर, शेयर्ड सिस्टम, पब्लिक कंप्यूटर या ऐसे किसी भी डिवाइस पर वॉट्सऐप वेब चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है, जिसे दूसरे लोग भी इस्तेमाल कर सकते हैं। एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि कंप्यूटर पर वॉट्सऐप वेब के जरिए सरकारी, संस्थागत (Organisational), फाइनेंशियल और गोपनीय जानकारी शेयर नहीं करनी चाहिए। बेहतर होगा कि लोग इस प्लेटफॉर्म पर ऑफिशियल और संवेदनशील काम पूरी तरह बंद कर दें।
सिर्फ ब्राउजर बंद करना लॉग-आउट नहीं: हर सेशन के बाद करें मैन्युअल लॉग-आउट
सरकार ने यूजर्स से कहा है कि वे वॉट्सऐप वेब को हमेशा लॉग-इन (Permanently Logged in) न रखें और काम खत्म होने के बाद सेशन को एक्टिव न छोड़ें। एडवाइजरी में इस बात पर खास जोर दिया गया है कि सिर्फ ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देने को ‘लॉग-आउट’ नहीं माना जाना चाहिए। काम पूरा होते ही मैन्युअल तरीके से लॉग-आउट करने की आदत डालें।
एजेंसी ने यह भी कहा है कि साइबर कैफे, पब्लिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी से उधार लिए गए कंप्यूटर पर वॉट्सऐप वेब कभी लॉग-इन न करें। अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल करना बेहद जरूरी हो, तो इसे ‘इनकॉग्निटो’ (Incognito) या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड में ही अस्थायी रूप से चलाएं और ब्राउजर बंद करने से पहले मैन्युअल लॉग-आउट जरूर करें।
अकाउंट में संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत अलर्ट हों
एडवाइजरी के मुताबिक, अगर आपके अकाउंट से कोई ऐसा मैसेज भेजा गया दिखे जो आपने नहीं भेजा है, या कॉन्टैक्ट्स की तरफ से अजीब जवाब आएं, तो इसे हल्के में न लें। इसके अलावा, सुरक्षा के लिए यूजर्स को ये कदम उठाने की सलाह दी गई है:
अपने कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर हमेशा अपडेट रखें।
किसी भी संदिग्ध लिंक से डाउनलोड, अनजान फाइलें और पायरेटेड या क्रैक्ड सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने से बचें।
संस्थानों और कंपनियों को सलाह दी गई है कि वे संवेदनशील माहौल वाले दफ्तरों में वॉट्सऐप वेब के इस्तेमाल को हतोत्साहित करें।
एडवाइजरी के अंत में एजेंसी ने संदेश दिया है— “सतर्क रहें। हर सेशन के बाद लॉग-आउट करें। अपनी डिजिटल पहचान की सुरक्षा करें।”
