Headlines

Gukesh vs Sindarov FIDE World Chess Championship Geneva Game 1 Draw


  • Hindi News
  • Sports
  • Gukesh Vs Sindarov FIDE World Chess Championship Geneva Game 1 Draw

40 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

स्विट्जरलैंड के जेनेवा में चल रही FIDE वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का पहला गेम मंगलवार को ड्रॉ रहा। भारत के डिफेंडिंग चैंपियन डी गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को बराबरी पर रोक दिया। शुरुआत में थोड़े दबाव में रहने के बाद गुकेश ने घड़ी में कम समय बचने के बावजूद सटीक चालें चलीं और गेम ड्रॉ करा लिया। दोनों खिलाड़ियों को 0.5-0.5 अंक मिले। अब दूसरे गेम में गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे।

बर्लिन डिफेंस से चौंकाया, कम समय में भी सटीक चालें चलीं

सफेद मोहरों से खेल रहे सिंदारोव ने ‘रुय लोपेज’ (Ruy Lopez) ओपनिंग से शुरुआत की। इसके जवाब में गुकेश ने काले मोहरों से अप्रत्याशित रूप से ‘बर्लिन डिफेंस’ अपनाया।

शुरुआती दौर में भारतीय खिलाड़ी थोड़े दबाव में नजर आए। बेहतर स्थिति में मौजूद मोहरों और प्यादों की संरचना के कारण सिंदारोव को मामूली बढ़त मिली। हालांकि, क्वीन-लेस मिडिल गेम यानी जब दोनों खिलाड़ियों की रानी बोर्ड से हट गई, तब गुकेश ने कुछ सटीक चालें चलकर अपनी स्थिति संभाल ली।

सिंदारोव ने मुकाबले को रोमांचक बनाने के लिए एक प्यादा कुर्बान किया। घड़ी में समय कम होने के बावजूद गुकेश ने सही चालें खोजीं। एक समय ऐसा लगा कि वे मुकाबले में बढ़त बना सकते हैं, लेकिन सिंदारोव ने समय रहते स्थिति को दोहराकर खेल को बराबरी पर बनाए रखा।

PTI के मुताबिक, ड्रॉ पर सहमति बनने से पहले बोर्ड पर एक ही स्थिति पांच बार दोहराई गई। आमतौर पर एक ही स्थिति तीन बार दोहराए जाने पर खिलाड़ी ड्रॉ का दावा कर सकते हैं।

गुकेश ने चौथी बार खेली बर्लिन डिफेंस ओपनिंग, चारों गेम ड्रॉ रहे

काले मोहरों से पहला गेम ड्रॉ कराना गुकेश के लिए सकारात्मक शुरुआत रही। PTI के मुताबिक, यह उनके करियर का चौथा मौका था, जब उन्होंने बर्लिन डिफेंस ओपनिंग अपनाई। इससे पहले इस ओपनिंग से खेले गए उनके तीनों मुकाबले भी ड्रॉ रहे थे।

चैंपियनशिप के नियम: 14 गेम होंगे, 7.5 अंक हासिल करने वाला बनेगा चैंपियन

जेनेवा में हो रही इस चैंपियनशिप में कुल 14 क्लासिकल गेम खेले जाएंगे। जो खिलाड़ी पहले 7.5 अंक हासिल करेगा, वह वर्ल्ड चैंपियन बनेगा। 14 गेम के बाद स्कोर बराबर रहने पर विजेता का फैसला कम समय वाले टाई-ब्रेक मुकाबलों से होगा।

खिलाड़ियों को पहली 40 चालों के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा। 41वीं चाल से खेल खत्म होने तक हर चाल पर 30 सेकंड का अतिरिक्त समय जोड़ा जाएगा। नियमों के मुताबिक, खिलाड़ी आपसी सहमति से 40 चालें पूरी होने से पहले ड्रॉ नहीं कर सकते। हालांकि, एक ही स्थिति तीन बार दोहराए जाने या स्टेलमेट होने पर गेम पहले भी ड्रॉ हो सकता है।

प्राइज मनी: कुल 21 करोड़ रुपए दांव पर, हर जीत पर करीब 1.68 करोड़ रुपए

इस वर्ल्ड चैंपियनशिप का कुल प्राइज फंड 25 लाख डॉलर (करीब 21 करोड़ रुपए) है। हर गेम जीतने वाले खिलाड़ी को 2 लाख डॉलर (करीब 1.68 करोड़ रुपए) मिलेंगे। बाकी राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी।

अगर मुकाबला टाई-ब्रेक तक जाता है, तो विजेता को 13 लाख डॉलर (करीब 10.9 करोड़ रुपए) और उपविजेता को 12 लाख डॉलर (करीब 10 करोड़ रुपए) मिलेंगे।

दूसरे गेम में सफेद मोहरों से खेलेंगे गुकेश

पहले गेम में काले मोहरों से ड्रॉ हासिल करने के बाद अब गुकेश दूसरे गेम में सफेद मोहरों से खेलेंगे। उन्हें पहली चाल चलने का मौका मिलेगा। भारतीय खिलाड़ी इस गेम में सिंदारोव पर दबाव बनाकर बढ़त हासिल करने की कोशिश करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *