Headlines

अमेरिकी बच्चों को स्पेसएक्स का शेयर:ट्रम्प अकाउंट वाले हर बच्चे को नया क्लास A शेयर, एलन मस्क भी बराबर शेयर देंगे




स्पेसएक्स ने लाखों अमेरिकी बच्चों को कंपनी का शेयर देने की बड़ी योजना का ऐलान किया है। कंपनी हर सक्रिय ट्रंप अकाउंट में अपने क्लास-ए कॉमन स्टॉक का एक नया जारी किया गया शेयर देगी। इसका मकसद नई पीढ़ी को कंपनी में हिस्सेदारी देना और उन्हें लंबी अवधि की बचत करने का मौका देना है। इस योजना में स्पेसएक्स के साथ-साथ CEO एलन मस्क और प्रेसिडेंट व COO ग्विन शॉटवेल भी अपने स्तर पर शेयर देंगे। बुधवार को नैस्डैक (Nasdaq) पर स्पेसएक्स का शेयर 127 डॉलर पर बंद हुआ था। कैसे काम करेगी यह शेयर देने की योजना? योजना के तहत स्पेसएक्स हर मौजूदा एक्टिव ट्रंप अकाउंट के लिए एक नया क्लास-ए कॉमन स्टॉक शेयर जारी करेगा। इसके साथ ही CEO एलन मस्क भी कंपनी की ओर से दिए जाने वाले शेयरों के बराबर अपने निजी शेयर देंगे, ताकि अमेरिका के हर बच्चे तक शेयर पहुंच सके। इसके अलावा स्पेसएक्स की प्रेसिडेंट और COO ग्विन शॉटवेल ने भी नई पीढ़ी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत 20 लाख से ज्यादा स्पेसएक्स शेयर निजी तौर पर देने की घोषणा की है। कंपनी, मस्क और शॉटवेल के इन कदमों को मिलाकर युवा पीढ़ी को कंपनी की मालिकाना हिस्सेदारी से जोड़ने की तैयारी की गई है। ट्रंप अकाउंट क्या हैं और इनका मकसद क्या है? ट्रंप अकाउंट ऐसे टैक्स-एडवांटेज (कर लाभ वाले) निवेश खाते हैं, जिन्हें अमेरिकी बच्चों की लंबी अवधि की बचत बनाने के मकसद से तैयार किया गया है। इन खातों के जरिए बच्चों के भविष्य के लिए शुरुआती निवेश और संपत्ति बनाने की नींव रखी जाती है। स्पेसएक्स का मानना है कि बच्चों को कंपनी में हिस्सेदारी मिलने से उन्हें लंबे समय में फायदा होगा। साथ ही, वे उस कंपनी के सफर का हिस्सा बन सकेंगे, जो भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम कर रही है। मस्क के पुराने वादे से जुड़ी है यह घोषणा यह घोषणा स्पेसएक्स की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत वह कंपनी का स्वामित्व अगली पीढ़ी के अमेरिकियों तक पहुंचाना चाहती है। इससे पहले अक्टूबर में एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा था कि वह अमेरिका के हर बच्चे को स्पेसएक्स का एक शेयर देंगे। अब कंपनी के औपचारिक ऐलान के साथ यह वादा एक तय ढांचे के तहत आगे बढ़ता दिख रहा है, जिसमें संस्थागत योगदान के साथ टॉप लीडरशिप का निजी योगदान भी शामिल है। कंपनी ने अपने बयान में क्या कहा? स्पेसएक्स ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जो कंपनी भविष्य का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है, उसका स्वामित्व अगली पीढ़ी के अमेरिकियों तक भी जाना चाहिए। कंपनी के मुताबिक, “आज हम लाखों अमेरिकी बच्चों को एक स्पेसएक्स शेयर देने की प्रतिबद्धता जता रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी को ज्यादा रोमांचक भविष्य बनाने में हिस्सेदारी मिल सके।” कंपनी ने यह भी कहा कि वह भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और जीवन को मल्टीप्लेनेटरी (कई ग्रहों तक फैला) बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। बच्चों को हिस्सेदारी देने से उन्हें इन प्रयासों से जुड़ने और लंबे समय में लाभ उठाने का मौका मिलेगा। आगे क्या और कैसे दिखेगा इसका असर? आने वाले समय में यह पहल अमेरिकी बच्चों के लिए शुरुआती निवेश और शेयर बाजार की समझ बनाने का जरिया बन सकती है। स्पेसएक्स, मस्क और शॉटवेल के साझा योगदान से लाखों बच्चों के ट्रंप अकाउंट में शेयर जुड़ने से यह कदम युवा पीढ़ी को लॉन्ग-टर्म वेल्थ क्रिएशन से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा प्रयोग माना जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *