Headlines

भारत में रिलीज नहीं होगी पाकिस्तानी सीरीज: नेटफ्लिक्स की स्ट्रीमिंग पर रोक की तैयारी; सरकारी एडवाइजरी और विरोध के बाद किया फैसला – Netflix Bans Pakistani Series in India


14 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान और माहिरा खान की अपकमिंग नेटफ्लिक्स सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में रिलीज नहीं होगी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा 2025 की एडवाइजरी की याद दिलाने और फिल्म संगठनों के कड़े विरोध के बीच नेटफ्लिक्स ने यह फैसला लिया है।

इंडिया टुडे के मुताबिक, यह सीरीज भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध नहीं होगी और प्लेटफॉर्म की आगामी सूची से भी इसे हटा दिया गया है।

ट्रेलर के बाद हुआ विवाद, पीएम से हस्तक्षेप की मांग

24 नवंबर को सीरीज का ट्रेलर सामने आने के बाद भारत में इसके प्रसारण को लेकर विरोध शुरू हो गया था। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) दोनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप कर सीरीज को भारत में स्ट्रीम होने से रोकने की मांग की थी।

AICWA ने शो में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी पर भी आपत्ति जताते हुए भारत और भारतीय सशस्त्र बलों के खिलाफ पिछली टिप्पणियों का हवाला दिया था।

2025 की एडवाइजरी की याद दिलाई गई

यह विवाद 8 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के मद्देनजर जारी सरकारी एडवाइजरी से जुड़ा है।

इसमें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए ओटीटी प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों से पाकिस्तानी मूल की वेब सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट व अन्य कंटेंट को बंद करने को कहा था।

मंत्रालय ने अब नेटफ्लिक्स को अपनी स्थिति दोहराते हुए एडवाइजरी का पालन करने को कहा है और जून 2025 में दी गई उस जानकारी की भी याद दिलाई, जिसके तहत प्लेटफॉर्म ने भारत में पाकिस्तानी मूल की फिल्में या सीरीज उपलब्ध न कराने की बात कही थी।

वहीं, FWICE ने चेतावनी दी थी कि यदि भारत में रिलीज आगे बढ़ी, तो 5 दिसंबर से देशभर में नेटफ्लिक्स के प्रोडक्शंस से अपने सदस्यों को हटा लिया जाएगा।

तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों पर आधारित है सीरीज

फरहत इश्तियाक के चर्चित उर्दू उपन्यास पर आधारित ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजिनल पाकिस्तानी सीरीज बताई जा रही है।

मोमिना दुरैद के निर्देशन और निर्माण में बनी यह रोमांटिक ड्रामा सीरीज तीन पीढ़ियों में फैली छह प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें फवाद खान और माहिरा खान के साथ हानिया आमिर, अहद रजा मीर, सनम सईद, इकरा अजीज और हमजा अली अब्बासी जैसे कलाकार शामिल हैं, और इसका वैश्विक प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को तय है।

कब से उठ रहा है पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन का मुद्दा?

भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम पर प्रतिबंध की मांग सितंबर 2016 से चर्चा में है। इसकी बड़ी वजह 18 सितंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के कैंप पर हुआ आतंकी हमला था। इसमें 18 भारतीय जवान शहीद हुए थे।

सितंबर 2016: उरी हमले के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने पाकिस्तानी कलाकारों को 48 घंटे में भारत छोड़ने का अल्टीमेटम दिया था। 30 सितंबर 2016 को इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) ने पाकिस्तानी कलाकारों और तकनीशियनों को भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम देने के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया।

फरवरी 2019: पुलवामा आतंकी हमले के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने पर प्रतिबंध का ऐलान किया। कई फिल्म संगठनों ने भी उनके साथ काम नहीं करने का फैसला लिया।

अक्टूबर 2023: पाकिस्तानी कलाकारों पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। कोर्ट के मुताबिक, ऐसी मांग सांस्कृतिक सौहार्द और शांति को बढ़ावा देने की दिशा में पीछे ले जाने वाला कदम है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि देशभक्ति का मतलब दूसरे देश के लोगों से दुश्मनी रखना नहीं है।

अप्रैल-मई 2025: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी कंटेंट पर सख्ती दिखाई। 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने OTT और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान में बने कंटेंट की स्ट्रीमिंग रोकने की एडवाइजरी जारी की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *