Headlines

Mbappe First Player 6 World Cup Matches 2+ Goals


  • Hindi News
  • Sports
  • Mbappe First Player 6 World Cup Matches 2+ Goals | France, Norway Reach Last 32

कुछ ही क्षण पहले

  • कॉपी लिंक

फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड किलियन एमबाप्पे वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा बार एक मैच में दो या उससे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अब तक वर्ल्ड कप के 6 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की है। मंगलवार को इराक के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने दो गोल दागे। इसके साथ ही वर्ल्ड कप में उनके कुल गोलों की संख्या 16 हो गई। उन्होंने जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर 17 गोल के साथ लियोनेल मेसी हैं।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार (भारतीय समयानुसार) को ग्रुप-I के दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराया और लगातार दूसरी जीत के साथ लास्ट-32 (नॉकआउट चरण) में जगह पक्की कर ली। वहीं, दूसरे मैच में नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से मात दी।

फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराया

ग्रुप-I के मुकाबले में फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराकर नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया। फिलाडेल्फिया में आंधी-तूफान और बारिश के कारण मैच करीब दो घंटे की देरी से शुरू हुआ, लेकिन फ्रांस ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए इराक को कोई मौका नहीं दिया और आसान जीत दर्ज की।

100वें इंटरनेशनल मैच में एमबाप्पे ने दो गोल किए

फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने अपना 100वां इंटरनेशनल मैच यादगार बना दिया। उन्होंने दो गोल किए, जबकि तीसरा गोल उस्मान डेम्बेले ने दागा।

14वें मिनट में दिलाई बढ़त

फ्रांस ने मैच की शुरुआत से ही इराक पर दबाव बनाए रखा। 14वें मिनट में माइकल ओलिस के शानदार पास पर एमबाप्पे ने 20 गज की दूरी से बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

इराकी डिफेंस की गलती का उठाया फायदा

एमबाप्पे का दूसरा गोल इराकी टीम की चूक का नतीजा रहा। डिफेंडर जैद तहसीन और गोलकीपर अहमद बासिल गोल किक को सही ढंग से क्लियर नहीं कर सके। गेंद उस्मान डेम्बेले के पास पहुंची, जिन्होंने निस्वार्थ खेल दिखाते हुए एमबाप्पे को पास दिया। एमबाप्पे ने आसान फिनिश के साथ फ्रांस की बढ़त 2-0 कर दी।

क्लोजा के रिकॉर्ड की बराबरी इस गोल के साथ एमबाप्पे के वर्ल्ड कप में कुल 16 गोल हो गए। उन्होंने जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजा के 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मौजूदा विश्व कप में एमबाप्पे के चार गोल हो चुके हैं और वे गोल्डन बूट की दौड़ में अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (5 गोल) से एक गोल पीछे हैं।

डेम्बेले का पहला वर्ल्ड कप गोल

दूसरे गोल में असिस्ट करने के 12 मिनट बाद डेम्बेले ने खुद भी गोल कर दिया। एक बार फिर माइकल ओलिस ने बेहतरीन पास दिया, जिसे डेम्बेले ने गोल में बदल दिया। यह उनके करियर का पहला विश्व कप गोल रहा। इस गोल के साथ फ्रांस ने 3-0 की बढ़त बना ली, जो मैच खत्म होने तक बरकरार रही।

अब नॉर्वे से मुकाबला

इस जीत के साथ फ्रांस ने लास्ट-32 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। ग्रुप स्टेज के अंतिम मुकाबले में उसका सामना नॉर्वे से होगा। हालांकि फ्रांस पहले ही नॉकआउट में पहुंच चुका है, इसलिए उस मैच के परिणाम का उसकी क्वालिफिकेशन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

नॉर्वे लास्ट-32 में पहुंचा, सेनेगल को 3-2 से हराया

न्यू जर्सी में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-I मुकाबले में नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और लास्ट-32 में जगह पक्की कर ली। ग्रुप से फ्रांस भी अगले दौर में पहुंच चुका है।

नॉर्वे की जीत के हीरो अर्लिंग हालैंड रहे। उन्होंने दूसरे हाफ में दो गोल दागे। हालैंड टूर्नामेंट के पहले दो मैचों में 4 गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में 5 गोल वाले लियोनेल मेसी के करीब पहुंच गए हैं। साथ ही वे वर्ल्ड कप में नॉर्वे के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए।

मैच में नॉर्वे को शुरुआती बढ़त मार्कस पेडरसन ने दिलाई। इसके बाद 48वें मिनट में मार्टिन ओडेगार्ड के पास पर हालैंड ने गोल कर स्कोर 2-0 किया। सेनेगल के इस्माइला सार ने एक गोल कर अंतर कम किया, लेकिन हालैंड ने हाफ वॉली पर शानदार गोल दागकर नॉर्वे को 3-1 की बढ़त दिला दी। इंजरी टाइम में सार ने दूसरा गोल जरूर किया, लेकिन सेनेगल हार नहीं टाल सका।

अब ग्रुप में शीर्ष स्थान तय करने के लिए नॉर्वे का सामना फ्रांस से होगा। दूसरी ओर, सेनेगल को अगले दौर की उम्मीदें बनाए रखने के लिए अपने आखिरी मैच में इराक को बड़े अंतर से हराना होगा।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *