Headlines

श्री चरणी पहली बार नंबर-1 विमेंस टी-20 बॉलर:विमेंस वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा 10 विकेट लिए; बैटिंग में स्मृति मंधाना टॉप-5 में




21 साल की भारतीय स्पिनर श्री चरणी विमेंस टी-20 इंटरनेशनल बॉलिंग रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गई हैं। 21 साल की चरणी ने इंग्लैंड की स्पिनर लिंसी स्मिथ को पीछे छोड़कर पहली बार यह कारनामा किया। चरणी को विमेंस टी-20 वर्ल्डकप में शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला। वे फिलहाल टूर्नामेंट की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर हैं। उन्होंने 3 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। उन्होंने लीड्स में नीदरलैंड्स के खिलाफ करियर का दूसरा 4 विकेट लेने के बाद मैनचेस्टर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 विकेट भी झटके। बैटिंग में स्मृति मंधाना टॉप-5 में बनीं हुईं हैं। उन्होंने इस वर्ल्डकप में पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। एक साल पहले किया था डेब्यू बाएं हाथ की स्पिनर चरणी ने पिछले साल 28 जून को इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी-20 मैच खेला था। उन्होंने अब तक 23 मैचों में 38 विकेट लिए हैं। बेस्ट 12 रन देकर 4 विकेट हैं। इंग्लैंड की ऑफ स्पिनर चार्ली डीन 3 मैचों में 5 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं पूर्व नंबर-1 गेंदबाज लिंसी स्मिथ तीसरे स्थान पर खिसक गईं। इंग्लैंड की ही स्टार स्पिनर सोफी एकलस्टन चार स्थान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर पहुंच गई हैं। वेस्टइंडीज की कप्तान हैली मैथ्यूज 9 स्थान ऊपर चढ़कर 11वें, ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज किम गार्थ 25 स्थान की छलांग लगाकर 20वें और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना10 स्थान ऊपर चढ़कर 25वें नंबर पर पहुंच गई हैं। बैटर्स रैंकिंग में 3 भारतीय भारत की तीन बल्लेबाज टॉप-10 में शामिल हैं। उपकप्तान स्मृति मंधाना 749 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। ओपनर शेफाली वर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे और कप्तान हरमनप्रीत कौर एक स्थान के फायदे के साथ 10वें नंबर पर पहुंच गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओपनर जॉर्जिया वॉल 829 रेटिंग के साथ नंबर-1 पर बनी हुई हैं। उन्होंने मौजूदा वर्ल्ड कप के 3 मैचों में 62 रन बनाए हैं। उनकी हमवतन बेथ मूनी एक स्थान के फायदे के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट तीसरे स्थान पर हैं। दीप्ति चौथे नंबर पर बरकरार भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा 364 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई हैं। वह ऑलराउंडर रैंकिंग के टॉप-10 में शामिल एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज टॉप पर कायम हैं। न्यूजीलैंड की अमिलिया कर दूसरे नंबर पर हैं। श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू तीसरे, आयरलैंड की ऑर्ला प्रेंडरगास्ट पांचवें और पाकिस्तान की फातिमा सना छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर मारीजान कैप भारत के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच प्रदर्शन के बाद पांच स्थान की छलांग लगाकर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने 81 रन बनाने के साथ 2 विकेट लिए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *