नई दिल्ली/मुंबई5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

महाराष्ट्र के हिंगोली में 18 साल एक नीट अभ्यर्थी ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुशील धागे के रूप में हुई है। छात्र ने आत्महत्या से पहले मोबाइल फोन से अपना एक वीडियो रिकॉर्ड किया। फिर परिवारवालों को वीडियो भेजकर उसने एक कुएं में छलांग लगा दी।
करीब 33 सेकंड के वीडियो में सुशील ने हाथ जोड़कर मां से माफी मांगी। उसने कहा- मां, मुझे माफ कर देना। मां, आप सुमेध के साथ रहना। अपना अच्छे से ख्याल रखना और मेरी चिंता मत करना। मैं बहुत दर्द में हूं। मुझसे अब कुछ नहीं हो पा रहा… मुझे अब कुछ भी समझ नहीं आ रहा… बस मुझे माफ कर देना।
सुशील ने 21 जून को NEET-UG की दोबारा परीक्षा दी थी। वह 3 मई को हुई परीक्षा में भी शामिल हुआ था, जो पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई गई। पहली बार रद्द होने के बाद से अबतक देशभर में 22 स्टूडेंट्स जान दे चुके हैं।

