तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी6 दिन पहले
- कॉपी लिंक

मुंबई स्थित ईरानी कॉन्सुलेट ने अमेरिकी हेलिकॉप्टर गिराने की यह तस्वीर जारी की है।
ईरान ने अमेरिका के 48 घंटे के सीजफायर ऑफर को ठुकरा दिया है। ईरान की सेमी-ऑफिशियल फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, यह प्रपोजल बुधवार को एक तीसरे देश के जरिए तेहरान तक पहुंचाया गया था, जिसे ईरान ने मानने से इनकार कर दिया।
ईरान ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने अमेरिका के दो लड़ाकू विमान भी गिरा दिए। इनमें एक F-15E फाइटर जेट और दूसरा A-10 अटैक एयरक्राफ्ट है। F-15E फाइटर जेट पर ईरान के अंदर हमला हुआ। इसमें सवार एक क्रू मेंबर को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि दूसरा अभी लापता है।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, अमेरिकी A-10 अटैक एयरक्राफ्ट पर्शियन गल्फ में गिरा। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि विमान क्रैश हुआ या मार गिराया गया, यह साफ नहीं है। अमेरिकी मीडिया ने बताया कि दो अमेरिकी हेलिकॉप्टर भी ईरानी फायरिंग में हिट हुए हैं।
दोनों ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर थे जो F-15E के लापता पायलट के सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए गए थे। यह पहली बार है जब करीब पांच हफ्तों से चल रहे इस युद्ध में अमेरिकी विमान गिराए गए हैं। इस बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि इन घटनाओं का ईरान के साथ बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

ईरान ने जो तस्वीरें जारी की हैं कि उनके आधार पर एक्सपर्ट्स इस प्लेन को F-15E बता रहे हैं।
ट्रम्प ने रक्षा बजट 1.5 ट्रिलियन डॉलर करने की मांग की
ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच ट्रम्प ने अमेरिकी संसद से रक्षा बजट में 1.5 ट्रिलियन डॉलर की भारी बढ़ोतरी की मांग की है। ट्रम्प पहले से ही अमेरिका और उसके सहयोगियों के सैन्य खर्च बढ़ाने की बात करते रहे हैं।
फिलहाल अमेरिका का रक्षा बजट लगभग 839 बिलियन डॉलर (करीब 70 लाख करोड़ रुपए) है।
ईरान जंग से जुड़ी 3 तस्वीरें…

ट्रम्प ने गुरुवार को ईरान के इस्फहान पर हमले का फुटेज सोशल मीडिया पर शेयर किया।

ईरान ने गुरुवार को बहरीन में अमेजन डेटा सेंटर पर हमले का वीडियो जारी किया।

ईरान ने गुरुवार को जॉर्डन में अमेरिकी मिलिट्री बेस पर हमला किया।
ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे दिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
12:46 AM4 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
बेरूत पर इजराइल के हमले, हिज्बुल्लाह ठिकानों को बनाया निशाना
इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं। इजराइली सेना ने कहा है कि वह हिज्बुल्लाह इन्फ्रास्ट्रक्चर साइट्स को निशाना बना रही है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों पर हमलों का दावा किया था।
इससे पहले हिज्बुल्लाह ने दावा किया था कि उसने दक्षिणी लेबनान में तीन अलग-अलग जगहों पर इजराइली सैनिकों को निशाना बनाया।
12:09 AM4 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हमले के कुछ घंटों में मिसाइल बंकरों को फिर एक्टिव कर रहा ईरान
अमेरिका और इजराइल के हमलों के बावजूद ईरान तेजी से अपने मिसाइल बंकरों को दोबारा एक्टिव कर रहा है। अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के कुछ ही घंटों में अंडरग्राउंड मिसाइल साइट्स से मलबा हटाकर उन्हें फिर से चालू किया जा रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान ने बड़ी संख्या में मिसाइल और मोबाइल लॉन्चर सुरक्षित रखे हैं, जिससे उसकी सैन्य क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि हमलों में कितने लॉन्चर नष्ट हुए हैं, क्योंकि ईरान ने नकली (डिकॉय) लॉन्चर भी तैनात किए हैं।
11:34 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का इजराइल पर मिसाइल हमला, इंडस्ट्रियल इलाके में आग लगी
ईरान ने इजराइल पर मिसाइल हमला किया। इससे नेगेव क्षेत्र में एक इंडस्ट्रियल इलाके में आग लग गई। हालांकि, फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है
घटना के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
हमले के दौरान अराद और डेड सी क्षेत्र में सायरन भी बजे। इससे पहले उत्तरी इजराइल के वेस्टर्न गैलीली इलाके में भी संदिग्ध ड्रोन हमले के चलते अलार्म बजाए गए थे।
10:49 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
NATO चीफ की 8 अप्रैल को अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात
ईरान युद्ध को लेकर बढ़ते तनाव के बीच NATO के सेक्रेटरी जनरल मार्क रुट अगले हफ्ते 8 अप्रैल को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब ट्रम्प ने NATO से बाहर निकलने के संकेत दिए हैं।
NATO के अनुसार, रुट ट्रम्प से मुलाकात के बाद विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से भी चर्चा करेंगे। ट्रम्प ने यूरोपीय सहयोगियों पर आरोप लगाया है कि वे ईरान के खिलाफ जंग में उनका साथ नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने खास तौर पर होर्मुज को खोलने में मदद न मिलने और सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल पर रोक को लेकर नाराजगी जताई है। कुछ दिन पहले राष्ट्रपति ट्रम्प ने NATO को काजगी शेर बताते हुए गठबंधन छोड़ने पर विचार करने की बात कही है।
10:32 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान संसद अध्यक्ष ने अमेरिका के रेस्क्यू ऑपरेशन का मजाक उड़ाया
ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने अमेरिकी फाइटर जेट गिरने के बाद चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यह युद्ध तख्तापलट के मकसद शुरू हुआ था, लेकिन अब यह पायलट ढूंढो मिशन बन गया है। वाह, क्या प्रोग्रेस है… कमाल के जीनियस।”
रिपोर्ट्स के अनुसार, सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद गालिबाफ ईरान की सत्ता में एक मजबूत नेता के रूप में उभरे हैं।
10:15 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान जंग में अब तक 3,642 मौतें

09:55 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
बहरीन में ईरानी ड्रोन गिरा, मलबा गिरने से 4 घायल, घरों को नुकसान
बहरीन के सितरा इलाके में एक ड्रोन गिराए जाने के बाद उसका मलबा रिहायशी इलाके में गिर गया, जिससे चार लोग घायल हो गए और कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
बहरीन के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, यह ड्रोन ईरान का था, जिसे गिराए जाने के बाद उसके टुकड़े नीचे गिर गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
09:30 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लापता पायलट पर ट्रम्प बोले- उन्हें नुकसान पहुंचा तो क्या करेंगे पता नहीं
ईरान में अमेरिकी फाइटर जेट गिरने के बाद लापता पायलट को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर पायलट को नुकसान पहुंचता है तो अमेरिका क्या करेगा, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक इंटरव्यू में ट्रम्प से संभावित कार्रवाई के बारे में पूछा गया, लेकिन उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा- हम उम्मीद करते हैं कि ऐसा नहीं होगा।
08:52 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का दावा- नए एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम से US जेट गिराया
ईरान ने दावा किया है कि उसने अपने नए एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम की मदद से अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया है।
ईरान के खातम अल-अनबिया सेंट्रल मुख्यालय के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फाघरी ने टीवी संबोधन में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने इस घटना को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस दावे के उलट बताया, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका ने ईरान की एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह खत्म कर दिया है।
08:28 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अमेरिकी जेट गिरने से ईरान से बातचीत प्रभावित नहीं होगी
ईरान में अमेरिकी फाइटर जेट गिराए जाने के बाद भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि इससे दोनों देशों के बीच बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
NBC को दिए एक फोन इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं… यह युद्ध है, हम युद्ध में हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा घटनाक्रम के बावजूद कूटनीतिक प्रयास जारी रहेंगे।
ट्रम्प ने सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन पर कोई जानकारी देने से इनकार किया और इसे संवेदनशील सैन्य मामला बताया।
इस बीच, अमेरिकी अधिकारियों ने अभी तक उन रिपोर्ट्स की पुष्टि नहीं की है, जिनमें दावा किया गया है कि ईरान ने दो अमेरिकी विमान मार गिराए हैं।
08:07 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी मीडिया बोला- ईरान में 2 हेलिकॉप्टरों पर हमला हुआ
अमेरिकी मीडिया ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया है कि पायलटों के सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल दो अमेरिकी हेलीकॉप्टरों पर ईरान ने हमला किया है।
07:44 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का दावा- अमेरिका के A-10 विमान को हमने मार गिराया
ईरान ने दावा किया है कि होर्मुज के पास अमेरिकी A-10 विमान को उसने मार गिराया है। ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, सेना ने बताया कि A-10 विमान को रणनीति के तहत समुद्र में निशाना बनाया गया।
अमेरिकी मीडिया में बताया गया कि A-10 विमान क्रैश हुआ और उसके पायलट को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। A-10 विमान अमेरिकी वायुसेना का ग्राउंड-अटैक एयरक्राफ्ट है, जिसे जमीनी लक्ष्यों पर हमले के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
07:34 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
एक और अमेरिकी विमान क्रैश, A-10 पर्शियन गल्फ में गिरा, पायलट सेफ
अमेरिकी सेना के एक और विमान के क्रैश होने की खबर सामने आई है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, A-10 वार्थोग विमान पर्शियन गल्फ में गिर गया। यह हादसा होर्मुज के पास उसी समय हुआ जब ईरान में अमेरिकी F-15E फाइटर जेट गिराए जाने की खबर आई थी।
अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि A-10 विमान के पायलट को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। हालांकि, विमान के क्रैश होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
06:52 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने अमेरिका का 48 घंटे सीजफायर का प्रपोजल ठुकराया
ईरान ने अमेरिका के 48 घंटे के सीजफायर ऑफर को ठुकरा दिया है। ईरान की सेमी-ऑफिशियल फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रपोजल बुधवार को एक तीसरे देश के जरिए तेहरान तक पहुंचाया गया था।
हालांकि ईरान ने इसे मानने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि प्रपोजल को ठुकराने के पीछे क्या वजह रही। वहीं, इस मामले पर अमेरिका की ओर से भी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
06:15 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अबू धाबी गैस प्लांट में मिसाइल का मलबा गिरने से 1 की मौत, 4 घायल
अबू धाबी के हबशन गैस फैसिलिटी में मिसाइल का मलबा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
अबू धाबी मीडिया ऑफिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब मिसाइल को हवा में ही मार गिराया गया और उसका मलबा गैस फैसिलिटी पर गिर गया।
इस दौरान एक मिस्र नागरिक की मौत हो गई। घायल हुए लोगों में दो मिस्र और दो पाकिस्तान के नागरिक शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं।
05:59 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़ने पर 70 लाख इनाम का ऐलान
ईरान में अमेरिकी फाइटर जेट गिरने के बाद वहां की सरकार और सरकारी मीडिया ने लापता एक अमेरिकी पायलट को पकड़ने पर इनाम देने का ऐलान किया है।
ईरान के सरकारी मीडिया IRIB के एक एंकर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़कर कानून प्रवर्तन या सेना को सौंपे।
वहीं, कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के गवर्नर ने अमेरिकी पायलट को पकड़कर सौंपने पर 10 अरब तोमान (करीब 70 लाख रुपए) का इनाम घोषित किया है।
05:24 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी हमले के बाद UAE का बड़ा एल्युमिनियम प्लांट बंद
ईरानी हमलों के कारण अबू धाबी का अल तावीलाह एल्युमिनियम प्लांट बंद करना पड़ा है। कंपनी का कहना है कि इस प्लांट को काफी नुकसान हुआ है और इसे पूरी तरह ठीक होने में 12 महीने तक लग सकते हैं। यह प्लांट दुनिया की एल्युमिनियम सप्लाई के लिए काफी अहम माना जाता है।
05:22 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह का दावा- इजराइल के कई ठिकानों पर रॉकेट हमले किए
हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने उत्तरी इजराइल के सफेद और रोश पिना इलाके में कई रॉकेट हमले किए हैं।
इसके एक दिन पहले उसने इजराइली सैनिकों पर स्नाइपर अटैक करने की भी बात कही है।
05:18 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
करज के पुल को फिर से बनाएगा ईरान
ईरान ने कहा है कि करज में अमेरिकी हमले से क्षतिग्रस्त पुल को दोबारा बनाया जाएगा। इस हमले में 8 लोगों की मौत और करीब 100 लोग घायल हुए थे।
स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि यह पुल पूरी तरह नागरिक इस्तेमाल के लिए था और जल्द शुरू होने वाला था। यह किसी भी तरह का सैन्य ठिकाना नहीं था।
यह पुल इसी साल शुरू हुआ था और इसे मिडिल ईस्ट का सबसे ऊंचा पुल माना जाता है। करीब 1050 मीटर लंबे और 136 मीटर ऊंचे इस पुल को बनाने में लगभग 400 मिलियन डॉलर (करीब ₹3,800 करोड़) खर्च हुए थे।

05:06 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया
ईरान ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी सेना से जुड़े ठिकानों पर ड्रोन हमले किए हैं। ईरान के मुताबिक, यह कार्रवाई उसके उद्योग, स्टील प्लांट और पुलों पर हुए हमलों के जवाब में की गई है।
04:53 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
दावा- अमेरिकी फाइटर जेट के एक पायलट का रेस्क्यू किया गया
इजराइल के एक अधिकारी ने दावा किया है कि ईरान में गिराए गए अमेरिकी फाइटर जेट के एक क्रू मेंबर को जिंदा बचा लिया गया है। हालांकि इस बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे क्रू मेंबर की तलाश अभी भी जारी है और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।
04:29 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
लेबनान में मस्जिद के बाहर हमला, 4 लोग मारे गए
लेबनान में एक मस्जिद से निकल रहे लोगों पर ड्रोन हमला किया गया, जिसमें कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए।
04:22 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पोप की अपील- इजराइल युद्ध खत्म करे
पोप लियो XIV ने इजराइल के राष्ट्रपति से फोन पर बात कर युद्ध खत्म करने और बातचीत शुरू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में शांति के लिए सभी रास्ते खोलने जरूरी हैं।

पोप लियो XIV अब तक कई बार ईरान जंग रोकने की अपील कर चुके हैं।
04:22 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू बोले- ईरान की 70% स्टील उत्पादन क्षमता खत्म
इजराइली पीएम नेतन्याहू ने दावा किया कि इजराइल ने ईरान को काफी कमजोर कर दिया है। उनके मुताबिक, अब तक ईरान की करीब 70% स्टील उत्पादन क्षमता खत्म की जा चुकी है, जिससे उसकी ताकत पर बड़ा असर पड़ा है।
03:39 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में राहत सामग्री के गोदाम पर ड्रोन हमला, 3 की मौत
ईरान के बुशेहर इलाके में एक गोदाम पर ड्रोन हमला हुआ, जहां राहत सामग्री और इमरजेंसी वाहन रखे थे। इस हमले में रेड क्रॉस से जुड़े 3 लोगों की मौत हो गई और कई वाहन नष्ट हो गए।
03:25 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ऊर्जा संकट के बीच इस्लामाबाद में पब्लिक ट्रांसपोर्ट फ्री
ईरान युद्ध की वजह से जारी ऊर्जा संकट को देखते हुए पाकिस्तान सरकार राजधानी इस्लामाबाद में पब्लिक ट्रांसपोर्ट फ्री कर दिया है। यह फैसला शनिवार यानी कल से लागू होगा।
03:14 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिरने से 12 लोग घायल, 5 भारतीय शामिल
UAE के अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिराने से 12 लोग घायल हो गए। इनमें 5 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। लोकल अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को अज्बान इलाके में हुई।
जब एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइल को इंटरसेप्ट किया, तो उसका मलबा नीचे आ गिरा। घायलों में 6 नेपाली नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
02:53 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UAE ने आज 69 मिसाइल और ड्रोन तबाह किए
UAE ने बताया कि उसने आज 18 बैलिस्टिक मिसाइल, 4 क्रूज मिसाइल और 47 ड्रोन को मार गिराया। UAE का डिफेंस सिस्टम अब तक हजारों ड्रोन और सैकड़ों मिसाइलें गिरा चुका है।
02:42 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने अमेरिकी संसद से 1.5 ट्रिलियन डॉलर का रक्षा बजट मांगा
ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच ट्रम्प ने अमेरिकी संसद से रक्षा बजट में 1.5 ट्रिलियन डॉलर की भारी बढ़ोतरी की मांग की है। ट्रम्प पहले से ही अमेरिका और उसके सहयोगियों के सैन्य खर्च बढ़ाने की बात करते रहे हैं।
फिलहाल अमेरिका का रक्षा बजट लगभग 839 बिलियन डॉलर (करीब 70 लाख करोड़ रुपए) है।
02:28 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में गिराए गए अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट की तलाश जारी
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान में गिराए गए अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट की तलाश की जा रही है। अमेरिकी अधिकारियों ने भी इसकी पुष्टि की है कि सर्च ऑपरेशन चल रहा है, लेकिन अभी तक क्रू के बारे में कोई साफ जानकारी नहीं है।
इससे पहले ईरान ने दावा किया था कि उसने एक अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया है। ईरानी मीडिया ने इसे F-35 स्टेल्थ फाइटर बताया था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें दिख रहा विमान F-35 नहीं बल्कि F-15 हो सकता है। फिलहाल अमेरिका की तरफ से इन दावों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें अमेरिकी सी-130 हरक्यूलिस ईरान में बहुत कम उंचाई पर उड़ते हुए फ्लेयर्स छोड़ रहा है। माना जा रहा है कि यह विमान अमेरिकी फाइटर जेट के क्रू की तलाश कर रहा है।
02:17 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का अमेरिकी पायलट को हिरासत में लेने से इनकार
ईरान ने दावा किया है कि उसने शुक्रवार को एक अमेरिकी F-35 फाइटर जेट गिरा दिया है। हालांकि उसके पायलट को हिरासत में लेने की खबरों से इनकार कर दिया।
इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि इस जेट का पायलट ईरान की हिरासत में है। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान गिरने से पहले पायलट ने कूदकर अपनी जान बचाई और वह ईरान के अंदर ही कहीं उतरा।
अपने पायलट को ढूंढने के लिए अमेरिकी सेना ने कोहगिलुयेह और बोयेर-अहमद जिले में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन में ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर और C-130 हरक्यूलिस विमान लगाए गए।
02:02 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हूती लड़ाकों का इजराइल पर मिसाइल अटैक
यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने इजराइल के जाफा इलाके पर बैलिस्टिक मिसाइलों की एक साथ कई हमले किए।
01:49 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू बोले- अमेरिका के साथ ईरान पर हमले जारी रहेंगे
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वे अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर हमले जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच पूरी कोऑर्डिनेशन है और ईरान पहले से ज्यादा कमजोर हो चुका है।
नेतन्याहू ने दावा किया कि इजराइल ने ईरान की 70% स्टील उत्पादन क्षमता खत्म कर दी है, जिससे उसकी सैन्य ताकत पर असर पड़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है और बॉर्डर पर सुरक्षा जोन बढ़ाया जा रहा है।
01:36 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- थोड़ा और समय मिला तो होर्मुज खोल देंगे
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर थोड़ा और समय मिला, तो अमेरिका आसानी से होर्मुज स्ट्रेट को खोल सकता है।
उन्होंने कहा कि इससे तेल की सप्लाई शुरू होगी और दुनिया को बड़ा फायदा होगा, साथ ही इससे काफी पैसा भी कमाया जा सकता है।
01:18 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अफ्रीकी यूनियन ने चीन-PAK के सीजफायर प्लान का समर्थन किया
अफ्रीकी यूनियन (AU) ने पाकिस्तान और चीन के 5-पॉइंट प्लान का स्वागत किया है, जिसका मकसद ईरान युद्ध को रोकना और बातचीत के जरिए हल निकालना है।
इस प्लान में तुरंत सीजफायर और समुद्री रास्तों को फिर से खोलने जैसी बातें शामिल हैं।
AU के चेयरमैन महमूद अली यूसुफ ने कहा कि यह पहल मिडिल ईस्ट और खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता लाने में मदद कर सकती है।
चीन-पाकिस्तान का 5-पॉइंट प्लान…
- तुरंत युद्धविराम लागू किया जाए
- सभी पक्ष बातचीत शुरू करें
- आम लोगों और सिविलियन ढांचे को निशाना न बनाया जाए
- समुद्री रास्ते (जैसे होर्मुज स्ट्रेट) खुले और सुरक्षित रखे जाएं
- अंतरराष्ट्रीय सहयोग से स्थायी शांति का समाधान निकाला जाए
01:08 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने F-35 विमान के मलबे की तस्वीर जारी की
ईरान ने एक विमान के कुछ टुकड़ों की तस्वीर जारी की हैं। ईरान का दावा है कि यह मलबा अमेरिकी F-35 विमान का है, जिसे उसने आज गिराया है।



12:50 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान जंग की वजह से EU बजट नियमों में ढील दे सकता है
इटली के अर्थव्यवस्था मंत्री ने कहा है कि यूरोपियन यूनियन (EU) अपने बजट घाटा नियमों में ढील दे सकता है। अभी EU देशों को GDP के 3% से ज्यादा घाटा रखने की इजाजत नहीं है।
लेकिन ईरान युद्ध के कारण ग्लोबल अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है, इसलिए अगर हालात ऐसे ही रहे तो नियमों में बदलाव करना पड़ सकता है।
12:31 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज स्ट्रेट से फ्रेंच कंपनी का जहाज गुजरा
रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस की बड़ी शिपिंग कंपनी CMA CGM का एक कंटेनर जहाज होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकल गया है।
यह जानकारी फ्रांस के चैनल BFM TV ने दी, जो इसी कंपनी से जुड़ा है।
12:13 PM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल के हाइफा शहर पर रॉकेट हमला, 6 लोग घायल
इजराइल के उत्तरी शहर हाइफा पर रॉकेट से हमला किया गया है। यह शहर बेहद अहम है क्योंकि यहां देश का सबसे बड़ा ऑयल रिफाइनरी प्लांट है, जो 70% तेल प्रोसेस करता है।
हमले में 6 लोग घायल हुए हैं। हालांकि इस रिफाइनरी को नुकसान नहीं पहुंचा। इस युद्ध के दौरान इस प्लांट पर पहले दो बार हमला हो चुका है।
11:56 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट: अभी भी ईरान के आधे मिसाइल लॉन्चर सुरक्षित
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की खुफिया एजेंसियों का कहना है कि लगातार हमलों के बावजूद ईरान के अभी भी आधे मिसाइल लॉन्चर सुरक्षित हैं।
इसके अलावा ईरान के पास हजारों ड्रोन भी हैं, जिनमें से करीब 50% अभी भी इस्तेमाल के लिए तैयार हैं।
यह रिपोर्ट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस दावे से अलग है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान की सैन्य ताकत काफी हद तक खत्म हो चुकी है। वहीं रक्षा मंत्री हेगसेथ ने कहा था कि ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमले 90% तक कम हो गए हैं।
11:46 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की चेतावनी- पूरे इलाके में अमेरिकी ठिकाने तबाह करेंगे
ईरान की सेना ने कहा है कि अगर अमेरिका और इजराइल ने उसके इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले बढ़ाए, तो वह पूरे मिडिल ईस्ट में उनके ठिकानों को निशाना बनाएगा।
ईरानी सेना के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फाघरी ने कहा- अगर हमारे पुल, बिजली घर या ऊर्जा ढांचे को छुआ, तो हम आपके पूरे क्षेत्र के ठिकाने खत्म कर देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकाने हैं उन्हें भी नुकसान झेलना पड़ सकता है।
11:35 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कुवैत की ऑयल रिफाइनरी पर फिर हमला
कुवैत के मीना अल-अहमदी पोर्ट पर बनी ऑयल रिफाइनरी पर दो हफ्तों में तीसरी बार हमला हुआ है। यह मिडिल ईस्ट की सबसे बड़ी रिफाइनरी में से एक है। कुवैत और ईरान की दूरी सिर्फ 80 किमी दूर है।

मीना अल-अहमदी पोर्ट पर बनी ऑयल रिफाइनरी पर हमले की फाइल फोटो।
11:18 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी नेवी का USS जेराल्ड एयरक्राफ्ट कैरियर ऑपरेशन के लिए तैयार
अमेरिकी नौसेना का सबसे नया और सबसे बड़ा एयरक्राफ्ट कैरियर USS जेराल्ड आर. फोर्ड अब फिर से ऑपरेशन के लिए तैयार हो गया है। जहाज में लगी आग के बाद मरम्मत पूरी होने के बाद इसे दोबारा समुद्र में उतार दिया गया है।
अमेरिकी 6th फ्लीट के मुताबिक, यह जहाज अब किसी भी मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है। यह क्रोएशिया के स्प्लिट बंदरगाह से रवाना हुआ।
यह जहाज पहले रेड सी में ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत ईरान के खिलाफ मिशन में लगा था, जब 12 मार्च को इसके लॉन्ड्री एरिया में आग लग गई थी। अमेरिकी नौसेना के अधिकारी एडमिरल डैरिल कॉडल ने जहाज के क्रू की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने आग पर जल्दी काबू पा लिया।
हालांकि, आग के एक हफ्ते बाद जहाज को ऑपरेशन से हटा लिया गया और ग्रीस भेजा गया, जहां उसके डैमेज हुए हिस्सों की मरम्मत की गई।

11:13 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के B1 ब्रिज पर हमले के बाद की तस्वीरें
अमेरिका और इजराइल ने कल ईरान के करज शहर में B1 ब्रिज पर दो बार हमला किया था। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई और पुल पूरी तरह तबाह हो गया।



11:02 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
जंग के बीच ट्रम्प सरकार में उथल-पुथल, आर्मी चीफ और अटॉर्नी जनरल को हटाया
अमेरिका की अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी को हटाए जाने के बाद अब ट्रम्प सरकार में कुछ और बड़े अफसरों को निकाले जाने की आशंका बढ़ गई है। अमेरिकी वेबसाइट द अटलांटिक की रिपोर्ट के मुताबिक अगला नंबर FBI चीफ काश पटेल और नेशनल इंटेलिजेंस चीफ तुलसी गबार्ड का हो सकता है।
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने गुरुवार को आर्मी चीफ जनरल रैंडी जॉर्ज को तुरंत रिटायर होने का आदेश दिया। व्हाइट हाउस के प्लान से जुड़े कई लोगों ने बताया कि और भी अधिकारियों को हटाने पर चर्चा चल रही है। इसमें आर्मी सेक्रेटरी डेनियल ड्रिस्कॉल और लेबर सेक्रेटरी लोरी चावेज-डीरेमर का नाम भी शामिल है।
ट्रम्प अपने दूसरे कार्यकाल में बड़े अधिकारियों को हटाने से बचते रहे थे। उन्हें लगता था कि ऐसा करना डेमोक्रेट्स और मीडिया के सामने झुकना होगा।
पिछले कुछ महीनों तक यह आदेश था कि मिडटर्म चुनाव से पहले किसी कैबिनेट अधिकारी को नहीं हटाया जाएगा, लेकिन ईरान युद्ध के बाद ट्रम्प की लोकप्रियता घटने से स्थिति बदल गई है। पढ़ें पूरी खबर…

10:44 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
फ्रांस और साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ने हॉर्मुज रूट को लेकर बात की
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने मिलकर हॉर्मुज स्ट्रेट में शिपिंग को फिर नॉर्मल करने पर बात की। इससे पहले कल ब्रिटेन की अध्यक्षता में 60 देशों ने होर्मुज रूट खोलने को लेकर ऑनलाइम मीटिंग की।

10:28 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का जॉर्डन में अमेरिकी एयरबेस पर ड्रोन हमला
ईरान की सेना ने कहा है कि उसने गुरुवार को जॉर्डन में मौजूद अमेरिका के एक बड़े एयरबेस पर ड्रोन हमला किया। इस एयरबेस का नाम अल-अजराक (मुवाफ्फाक सलती) है, जहां अमेरिकी लड़ाकू विमान तैनात रहते हैं।
यह एयरबेस अमेरिका के लिए बहुत अहम माना जाता है, क्योंकि यहीं से फाइटर जेट उड़ान भरते हैं और निगरानी व ड्रोन मिशन चलाए जाते हैं। ईरान का कहना है कि वह इस हमले से अमेरिका की हवाई ताकत को कमजोर करना चाहता था।

जॉर्डन में अमेरिकी एयरबेस पर हमले का फुटेज।
10:16 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली हमलों में अब तक लेबनान के 53 मेडिकल स्टाफ की मौत
इजराइल के हमलों से लेबनान का हेल्थ सिस्टम बुरी तरह डैमेज हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक महीने में लेबनान में 53 मेडिकल स्टाफ मारे गए, 87 एंबुलेंस/मेडिकल सेंटर नष्ट हुए और 5 अस्पताल बंद करने पड़े।
डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (MSF) का कहना है कि लगातार हमलों की वजह से लोगों तक इलाज पहुंचना मुश्किल हो गया है।

दक्षिणी लेबनान के बुर्ज कलाउइया में स्थित एक हेल्थकेयर सेंटर पर 14 मार्च को इजराइली हमले में 12 मेडिकल स्टाफ की मौत हो गई थी।
10:05 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह ने 24 घंटे में इजराइल पर 200 रॉकेट दागे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हिजबुल्लाह ने पिछले 24 घंटे में इजराइल पर करीब 200 रॉकेट दागे हैं।
इजराइली सेना अब बॉर्डर के पास 3 किमी तक के इलाकों को खाली करवाने की योजना बना रही है, ताकि खतरा कम किया जा सके।
हालांकि सेना मान रही है कि हिजबुल्लाह को पूरी तरह खत्म करना अभी संभव नहीं है और शायद पहले उसकी ताकत को कम करके आंका गया था।
इजराइल का कहना है कि फिलहाल हिजबुल्लाह को पूरी तरह खत्म करना टारगेट नहीं है। अभी के हमले हिजबुल्लाह को कमजोर कर रहे हैं और आगे चलकर इसे खत्म किया जाएगा।
09:49 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में मेडिकल फैसिलिटी पर हमले बढ़े
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने ईरान में हेल्थ फैसिलिटी पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। WHO के मुताबिक, 1 मार्च के बाद से ईरान में स्वास्थ्य सुविधाओं पर 20 से ज्यादा हमलों की पुष्टि हुई है, जिनमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
WHO प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने कहा कि हमलों से ईरान की हेल्थ सर्विस गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं। तेहरान का पाश्चर इंस्टीट्यूट समेत कई अस्पताल और मेडिकल यूनिट क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
09:27 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कुवैत में ईरानी हमले से पावर-वाटर प्लांट डैमेज
कुवैत ने कहा है कि शुक्रवार को हुए ईरानी हमले में एक पावर और डीसैलिनेशन (समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने वाला) प्लांट के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है।
09:06 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
युद्ध के बीच तेल की कीमतों में उछाल, ब्रेंट क्रूड 109 डॉलर प्रति बैरल के पार
ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत शुक्रवार को करीब 8% बढ़कर 109 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई।
युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक तेल की कीमतों में लगभग 50% तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। इसका असर दुनियाभर में ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे कई देशों को ऊर्जा बचाने के उपाय लागू करने पड़ रहे हैं।
08:51 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान युद्ध में 24 घंटे में 148 लोग अस्पताल पहुंचे, कुल आंकड़ा 6500 पार
इजराइल के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में ईरान के साथ चल रहे युद्ध के कारण 148 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके साथ ही कुल अस्पताल में भर्ती लोगों की संख्या 6,500 से ज्यादा हो गई है। इन आंकड़ों में सैनिक और आम नागरिक दोनों शामिल हैं।
08:38 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिण लेबनान में हवाई हमले में हिजबुल्लाह के 15 लड़ाके मारे गए
इजराइल की सेना (IDF) ने दावा किया है कि दक्षिण लेबनान में किए गए एक हवाई हमले में हिजबुल्लाह के 15 लड़ाके मारे गए हैं।
सेना के अनुसार, दक्षिण लेबनान के पश्चिमी क्षेत्र में 146वीं डिवीजन के सैनिकों ने इन लड़ाकों की पहचान की थी। इसके बाद इजराइली वायुसेना ने हमला कर उन्हें मार गिराया।
08:21 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज से जहाजों की आवाजाही बढ़ी
होर्मुज स्ट्रेट में अब जहाजों की आवाजाही धीरे-धीरे बढ़ रही है। समुद्री खुफिया कंपनी विंडवार्ड के अनुसार, बुधवार को इस अहम समुद्री रास्ते से 16 जहाज गुजरे, जो लगातार तीसरे दिन बढ़ोतरी को दिखाते हैं।
कंपनी ने बताया कि ये सभी जहाज लारक द्वीप के रास्ते से गुजरे। इसका मतलब है कि कई देश ईरान से बातचीत कर रहे हैं, ताकि उनके जहाज सुरक्षित तरीके से गुजर सकें। इससे आने वाले दिनों में जहाजों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि, यह बढ़ोतरी अभी भी सामान्य स्तर से काफी कम है। युद्ध शुरू होने से पहले, 28 फरवरी तक रोजाना करीब 130 जहाज इस रास्ते से गुजरते थे।
08:02 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पूर्व ईरानी विदेश मंत्री बोले- ईरान जीत का ऐलान कर युद्ध खत्म करे
पूर्व ईरानी विदेश मंत्री जवाद जरीफ ने ईरान से कहा है कि वह जीत का ऐलान करे और ऐसा समझौता करे जिससे मौजूदा युद्ध खत्म हो और भविष्य में भी टकराव रोका जा सके।
अमेरिका की पत्रिका फॉरेन अफेयर्स में लिखे एक लेख में जरीफ ने ईरान के लिए एक योजना पेश की, जिससे वह अमेरिका और इजराइल के साथ चल रहे संघर्ष को अपने पक्ष में खत्म कर सकता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर कुछ सीमाएं लगाने और होर्मुज को फिर से पूरी तरह खोलने की पेशकश कर सकता है। इसके बदले सभी आर्थिक प्रतिबंध हटाने की मांग की जा सकती है।
जरीफ ने यह भी कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच नॉन-अग्रेशन (एक-दूसरे पर हमला न करने) का समझौता हो सकता है, जिसमें दोनों देश भविष्य में एक-दूसरे पर हमला न करने का वादा करें।

07:42 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की चेतावनी- बिजली प्लांट पर हमला हुआ, तो टेलीकॉम कंपनियां निशाने पर होंगी
ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर उसने ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला जारी रखा, तो वह क्षेत्र की ऊर्जा और टेलीकॉम कंपनियों को निशाना बनाएगा।
ईरानी सेना के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फाकारी ने कहा कि अमेरिकी हिस्सेदारी वाली कंपनियां निशाने पर रहेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर अमेरिका अपनी धमकियों पर आगे बढ़ता है, तो ईरान जवाबी कार्रवाई करेगा और क्षेत्र की महत्वपूर्ण ऊर्जा और सूचना-टेलीकॉम सेवाओं को नुकसान पहुंचा सकता है।
07:27 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UAE ने कहा- नई मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहे
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश इस समय नई मिसाइल और ड्रोन हमलों की लहर का सामना कर रहा है।
मंत्रालय के अनुसार, सुरक्षा बल इन हमलों का जवाब दे रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
07:15 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UN वोटिंग से पहले ईरान की चेतावनी- कार्रवाई से हालात और बिगड़ेंगे
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने होर्मुज को लेकर होने वाली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की वोटिंग से पहले चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की उकसावे वाली कार्रवाई, चाहे वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ही क्यों न हो, हालात को और ज्यादा मुश्किल बना देगी।
07:02 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
फिलीपींस को होर्मुज से सुरक्षित गुजरने की अनुमति मिली
फिलीपींस ने कहा है कि उसके जहाजों को होर्मुज से सुरक्षित तरीके से गुजरने की अनुमति मिल गई है। फिलीपींस काफी समय से ईरान से बातचीत कर रहा था। उसका मकसद खुद को दोस्त देश के रूप में मान्यता दिलाना था, ताकि वह तेल की सप्लाई हासिल कर सके।
फिलीपींस की विदेश मंत्री थेरेसा लाजारो ने कहा कि ईरान के साथ हुई बातचीत सकारात्मक और सफल रही।
वहीं ईरान की ओर से भी कहा गया कि फिलीपींस के झंडे वाले जहाजों, उसकी ऊर्जा सप्लाई और उसके नाविकों को सुरक्षित, बिना किसी रुकावट और तेजी से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।

06:49 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
कुवैत की तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमला, कई यूनिट में लगी आग
कुवैत में शुक्रवार सुबह एक तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमला हुआ, जिसके बाद वहां कई हिस्सों में आग लग गई।
सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, कुवैत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (KPC) ने बताया कि मीना अल-अहमदी रिफाइनरी को इस हमले में निशाना बनाया गया।
हमले के बाद रिफाइनरी की कई ऑपरेशनल यूनिट्स में आग लग गई। फिलहाल, आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
06:35 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
UAE में ड्रोन का मलबा गिरने से 1 मजदूर की मौत
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में ड्रोन हमले को रोकने के दौरान गिरे मलबे से एक बांग्लादेशी मजदूर की मौत हो गई। यह घटना फुजैराह इलाके में हुई।
06:27 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने इजराइली-अमेरिकी हमलों को युद्ध अपराध बताया
ईरान में पिछले तीन दिनों में तेहरान और करज के आसपास बिजली सुविधाओं पर हुए हमलों के कारण कई जगह ब्लैकआउट (बिजली कटौती) हुई है।
ईरान ने इन हमलों को आम नागरिकों और जरूरी सुविधाओं पर हमला बताते हुए युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध करार दिया है। उनका कहना है कि इससे देश के करीब 9 करोड़ लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
साथ ही, ईरान का कहना है कि ऐसे हमलों और दबाव के बावजूद वह बातचीत के लिए मजबूर नहीं होगा। उनका मानना है कि दबाव या धमकी के तहत किया गया कोई भी समझौता ईरान के हित में नहीं होगा।
06:07 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पुतिन बोले- शांति लाने के लिए रूस हर संभव मदद को तैयार
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि खाड़ी क्षेत्र में शांति लाने के लिए हर संभव मदद करने को तैयार है।
पुतिन ने यह बात मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलअती के साथ क्रेमलिन में हुई बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में मौजूदा स्थिति दोनों देशों के लिए चिंता की बात है। पुतिन ने उम्मीद जताई कि जंग जल्द खत्म हो जाएगी।
05:51 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान का दावा- दूसरा अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान मार गिराया
ईरान ने दावा किया है कि उसने एक और अमेरिकी F-35 को मार गिराया है। यह जानकारी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े फर्स न्यूज एजेंसी के टेलीग्राम पोस्ट में दी गई।
दावे के मुताबिक, यह लड़ाकू विमान ईरान के ऊपर उड़ान भर रहा था, तभी उसे निशाना बनाकर गिराया गया। बताया गया कि विमान पूरी तरह नष्ट हो गया और उसमें मौजूद पायलट के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने भी कहा कि तेज धमाके के कारण पायलट के सुरक्षित बाहर निकल पाने की संभावना बहुत कम है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस दावे पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
ईरानी मीडिया प्रेस टीवी ने खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि अमेरिकी वायु सेना का दूसरा F -35 विमान मार गिराया गया।
प्रवक्ता ने बताया की भीषण विस्फोट के कारण पायलट के बचने की संभावना कम है।
05:42 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सऊदी अरब ने 5 ड्रोन मार गिराने का दावा किया
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि उसने गुरुवार से अब तक कुल 5 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है।
मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि रात में एक ड्रोन को नष्ट किया गया, हालांकि इसके बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
इससे पहले गुरुवार को भी सऊदी अरब ने कहा था कि उसने 4 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया था।
05:34 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
सैटेलाइट तस्वीर में खुलासा- ईरानी हमले में अमेरिकी AWACS विमान तबाह
नई सैटेलाइट तस्वीरों में सामने आया है कि सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर ईरान के हमले में अमेरिका का एक E-3 Sentry पूरी तरह नष्ट हो गया।
एयरबस द्वारा दी गई और CNN को मिली तस्वीर, जो 29 मार्च को ली गई थी, में दिख रहा है कि विमान का बीच वाला हिस्सा बुरी तरह तबाह हो चुका है। वहीं, इस विमान का खास घूमने वाला रडार डोम जमीन पर गिरा हुआ दिखाई दे रहा है। क्षतिग्रस्त विमान के आसपास कई वाहन भी नजर आ रहे हैं।
तस्वीर में यह भी दिखता है कि हमले के दो दिन बाद तक उन्हें सुरक्षित जगह में नहीं ले जाया गया था।
इसके अलावा, सैटेलाइट तस्वीर में कई अन्य विमान भी खुले में खड़े दिखाई दिए, जिनमें ईंधन भरने वाले टैंकर और E-2 हॉकआई जैसे सर्विलांस विमान शामिल हैं। यह हमला 27 मार्च को हुआ था, जिसमें एयर बेस को काफी नुकसान पहुंचा।


05:22 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान की क्लस्टर मिसाइल से इजराइल में 10 जगह नुकसान
इजराइल में ईरान की एक क्लस्टर वारहेड मिसाइल के हमले से कई जगह नुकसान हुआ है, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
आपातकालीन सेवा मगेन डेविड एडोम के अनुसार, उनके मेडिकल कर्मियों ने हमले के बाद 10 अलग-अलग जगहों का दौरा किया, जहां मिसाइल के हिस्से गिरे थे। इससे घरों, सड़कों और खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
05:16 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
जंग से जुड़ी तस्वीरें देखें

दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमलों के बाद अपने परिवार के एक बच्चा उस वैन के अंदर बैठा है जिसका वे आश्रय के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

इजराइल के पेटाह टिकवा में गुरूवार को हुए ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले के घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षा और बचाव बल।
05:07 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी कैरियर USS जेराल्ड आर फोर्ड फिर से तैनाती के लिए तैयार
अमेरिकी नौसेना का सबसे बड़ा एयरक्राफ्ट कैरियर USS जेराल्ड आर फोर्ड अब फिर से समुद्र में लौट आया है और मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है। यह जानकारी अमेरिकी 6th फ्लीट के बयान में दी गई।
बयान के मुताबिक, यह जहाज क्रोएशिया के स्प्लिट बंदरगाह से रवाना हुआ और अब किसी भी क्षेत्र में मिशन के लिए तैयार है। इस जहाज में 12 मार्च को आग लग गई थी, जब यह लाल सागर में ईरान के खिलाफ ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत तैनात था। आग जहाज के लॉन्ड्री (कपड़े धोने वाले) में लगी थी।
अमेरिकी नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी डेरिल कॉडल ने जहाज के क्रू की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जल्दी आग पर काबू पाया और दो दिन के अंदर ही फिर से ऑपरेशन शुरू कर दिए।
हालांकि, आग लगने के करीब एक हफ्ते बाद इस जहाज को ईरान के खिलाफ कार्रवाई से हटा लिया गया और मरम्मत के लिए ग्रीस भेजा गया, जहां जहाज के रहने वाले हिस्सों को ठीक किया गया।
04:59 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- ओमान के साथ मिलकर होर्मुज निगरानी का प्रस्ताव तैयार कर रहा ईरान
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, ईरानी राजनयिक काजेम गरीबाबादी होर्मुज स्ट्रेट की निगरानी के लिए ओमान के साथ मिलकर एक प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं।
इस प्रस्ताव का मकसद समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों के लिए सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और उन्हें बेहतर सेवाएं देना बताया गया है।
हालांकि, इस बीच क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान पर आरोप है कि उसने इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों पर हमले किए हैं और यहां से गुजरने के लिए करीब 20 लाख डॉलर (लगभग 2 मिलियन डॉलर) तक की मांग भी की है।
04:45 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह ने लेबनान में इजराइली सेना पर हमले किए
लेबनान के सशस्त्र संगठन हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने दक्षिण लेबनान के बिय्यादा इलाके में इजराइली सेना को निशाना बनाते हुए विस्फोट किया।
संगठन ने यह भी कहा कि उसने इजराइल के मल्किया और डिशोन बस्तियों में मौजूद सैनिकों के समूहों को भी निशाना बनाया।
04:41 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने दो और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटाया
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आर्मी चीफ जनरल रैंडी जॉर्ज के अलावा दो और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को भी पद से हटाने का फैसला किया है। यह जानकारी अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जनरल डेविड होडने, जो आर्मी के ट्रांसफॉर्मेशन और ट्रेनिंग कमांड के प्रमुख थे और मेजर जनरल विलियम ग्रीन जूनियर, जो आर्मी के चैपलिन कॉर्प्स के प्रमुख थे, उन्हें भी उनके पद से हटा दिया गया है।
04:36 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज पर UN में वोटिंग टली, अब शनिवार को होगा फैसला
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षा से जुड़े प्रस्ताव पर होने वाली वोटिंग को शुक्रवार से टालकर अब शनिवार कर दिया गया है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई है।
सुरक्षा परिषद के 15 सदस्य बहरीन के प्रस्ताव पर वोट करेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रस्ताव में देशों को जरूरी सभी रक्षात्मक उपाय अपनाने की अनुमति देने की बात शामिल है, ताकि जहाजों की सुरक्षा की जा सके।
हालांकि, इस प्रस्ताव के पास होने की संभावना कम मानी जा रही है, क्योंकि चीन पहले ही साफ कर चुका है कि वह किसी भी ऐसे प्रस्ताव का विरोध करेगा जिसमें फोर्स की बात की गई हो। चीन सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य है और उसके पास वीटो पावर है।
04:26 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
दावा- अमेरिकी आर्मी चीफ को बाइडेन के साथ संबंध के चलते हटाया
अमेरिका में आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को पद से हटाए जाने के बाद अब इस फैसले को लेकर नए दावे सामने आ रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, जॉर्ज के पूर्व रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ काम करने को भी इस फैसले की एक वजह माना जा रहा है। ऑस्टिन बाइडेन के कार्यकाल में रक्षा मंत्री थे।
ऐसा माना जा रहा है कि मौजूदा रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ चाहते हैं कि सेना के शीर्ष पदों पर ऐसे अधिकारी हों जो राष्ट्रपति की नीतियों का समर्थन करें, भले ही वे फैसले पूरी तरह सही न हों।
हालांकि, पारंपरिक तौर पर अमेरिकी सेना खुद को राजनीति से दूर रखने की कोशिश करती रही है और बिना किसी राजनीतिक प्रभाव के अपने काम को अंजाम देती है।
04:01 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान डील नहीं हुई तो उपराष्ट्रपति को दोषी ठहराऊंगा
राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान समझौते को कहा कि अगर ईरान समझौता नहीं होता है, तो मैं उपराष्ट्रपति जेडी वैंस को दोषी ठहराऊंगा। अगर यह हो जाता है, तो मैं इसका पूरा क्रेडिट लूंगा।”
ट्रम्प ने यह बात व्हाइट हाउस में आयोजित इस्टर लंच के दौरान मजाक करते हुए कहा।
03:50 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प की धमकी- ईरान में अब पुल और बिजली प्लांट निशाने पर
ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ नई धमकियां दी हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने अभी तक ईरान के बचे हुए इन्फ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह निशाना बनाना शुरू भी नहीं किया है।
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “दुनिया की सबसे ताकतवर अमेरिकी सेना ने अभी तक ईरान में बची चीजों को पूरी तरह नष्ट करना शुरू नहीं किया है। अब अगला निशाना पुल होंगे, उसके बाद बिजली प्लांट।”
उन्होंने यह भी कहा कि नए नेतृत्व को समझना होगा कि क्या करना है और उसे जल्दी करना होगा।
03:38 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी सेना बोली- पुल पर हमला ड्रोन सामग्री की सप्लाई रोकने के लिए किया
अमेरिका के अधिकारियों ने कहा है कि ईरान में जिस पुल पर हमला किया गया, उसका मकसद ड्रोन बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की आवाजाही को रोकना था।
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ईरान को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि ईरान अगर अमेरिका के 15 बिंदुओं वाले प्रस्ताव को नहीं मानता, तो अमेरिका ईरान के अंदर अपने सैन्य हमले और तेज कर देगा।
यह फैसला विवादों में भी है, क्योंकि ईरान का कहना है कि यह एक नागरिक पुल था और इसे नष्ट करना युद्ध अपराध है। वहीं अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि इस पुल का इस्तेमाल ईरानी सेना के लिए ड्रोन बनाने की सामग्री ले जाने में किया जा रहा था।
03:25 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
होर्मुज में ओमान के जहाज तय रास्ते से हटकर गुजर रहे
होर्मुज स्ट्रेट में ओमान के तीन जहाज ईरान के तय किए गए कॉरिडोर के बाहर से गुजरते नजर आए हैं। यह जानकारी शिपिंग जर्नल लॉयड्स लिस्ट ने ट्रैकिंग डेटा के आधार पर दी है।
इस काफिले में दो बड़े तेल टैंकर और एक LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) ले जाने वाला जहाज शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार, ये जहाज ओमान के तट के काफी करीब से गुजर रहे हैं।
अगर ये जहाज सफलतापूर्वक स्ट्रेट पार कर लेते हैं, तो यह लगभग तीन हफ्तों में पहली बार होगा जब कोई ट्रैक किए जा रहे जहाज (जिनका ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम यानी AIS चालू है) ईरान के तय रास्ते का इस्तेमाल किए बिना इस रास्ते से बाहर निकलेगा।
03:06 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में ₹3,800 करोड़ का ब्रिज तबाह
ईरान की राजधानी तेहरान को कराज शहर से जोड़ने वाले B1 हाईवे ब्रिज पर गुरुवार को अमेरिका ने हवाई हमला किया। ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक इस हमले में कई लोग घायल हुए।
यह पुल इसी साल शुरू हुआ था और इसे मिडिल ईस्ट का सबसे ऊंचा पुल माना जाता है। करीब 1050 मीटर लंबे और 136 मीटर ऊंचे इस पुल को बनाने में लगभग 400 मिलियन डॉलर (करीब ₹3,800 करोड़) खर्च हुए थे।
इस पर ट्रम्प ने कहा कि ईरान अब इस ब्रिज का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी भी समय है कि वह समझौता कर ले, नहीं तो आगे और बड़ा नुकसान हो सकता है।
02:53 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ऑस्ट्रिया ने अमेरिका को एयरस्पेस देने से इनकार किया
ऑस्ट्रिया ने गुरुवार को अमेरिका को अपना एयर स्पेस इस्तेमाल करने से मना कर दिया। ऑस्ट्रिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उनका देश तटस्थ नीति अपनाता है, इसलिए वह किसी युद्ध में सीधे शामिल नहीं हो सकते।
इससे पहले स्पेन, फ्रांस और इटली ने भी अमेरिका को अपने एयरस्पेस और सैन्य ठिकाने इस्तेमाल करने की इजाजत देने से इनकार कर दिया था।
02:51 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने आर्मी चीफ को पद छोड़ने को कहा
ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध के बीच अमेरिका में बड़ा सैन्य फैसला लिया गया है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आर्मी चीफ जनरल रैंडी जॉर्ज से पद छोड़ने को कहा है।
पेंटागन के एक अधिकारी ने बताया कि जॉर्ज को समय से पहले रिटायर होने के लिए कहा गया है। वह अगस्त 2023 से आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ के पद पर थे।
हेगसेथ के पद संभालने के बाद से अब तक एक दर्जन से ज्यादा वरिष्ठ जनरल और एडमिरल को हटाया जा चुका है और जॉर्ज का हटाया जाना इसी कड़ी का हिस्सा है।
रैंडी जॉर्ज वेस्ट पॉइंट मिलिट्री अकादमी के ग्रेजुएट हैं और एक इन्फैंट्री अधिकारी रहे हैं। उन्होंने पहले खाड़ी युद्ध के साथ-साथ इराक और अफगानिस्तान में भी सेवा दी है।

02:33 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
रिपोर्ट- ईरान के आधे मिसाइल लॉन्चर और हजारों ड्रोन अब भी सुरक्षित
अमेरिका की खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पांच हफ्तों से अमेरिका और इजराइल के लगातार सैन्य हमलों के बावजूद ईरान के करीब आधे मिसाइल लॉन्चर अभी भी सुरक्षित हैं। इसके साथ ही ईरान के पास हजारों “वन-वे अटैक ड्रोन” भी अब तक मौजूद हैं।
इस जानकारी से जुड़े तीन सूत्रों ने टाइम्स ऑफ इजराइल को बताया कि इन आंकड़ों में ऐसे लॉन्चर भी शामिल हो सकते हैं जो हमलों के बाद जमीन के नीचे दब गए हैं और फिलहाल इस्तेमाल में नहीं हैं, लेकिन पूरी तरह नष्ट भी नहीं हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, ईरान की लगभग 50% ड्रोन क्षमता अभी भी बची हुई है। हाल ही में तैयार की गई खुफिया रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि ईरान के तटीय रक्षा वाले कई क्रूज मिसाइल भी सुरक्षित हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने अपने हवाई हमलों में तटीय सैन्य ठिकानों को ज्यादा निशाना नहीं बनाया, हालांकि जहाजों पर हमले किए गए हैं। ये मिसाइलें ईरान को होर्मुज में जहाजों को खतरे में डालने की बड़ी ताकत देती हैं।
02:17 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ईरानी सेना बोली- दुश्मनों के सरेंडर करने तक जंग जारी रहेगी
ईरान की सेना ने साफ कहा है कि यह युद्ध तब तक जारी रहेगा, जब तक उसके दुश्मन सरेंडर नहीं करते।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि वे पूरी ताकत के साथ लड़ाई जारी रखेंगे और किसी भी दबाव में झुकने वाले नहीं हैं।
ईरान ने साथ ही अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर उसने जमीनी हमला करने की कोशिश की, तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि किसी भी हमले की स्थिति में दुश्मन के सैनिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
02:07 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
बहरीन के होर्मुज से जुड़े प्रस्ताव पर UNSC में आज वोटिंग
बहरीन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव रखा गया है, जिसमें होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए देशों को जरूरी सभी रक्षात्मक कदम उठाने की अनुमति देने की बात कही गई है।
अल जजीरा को एक खाड़ी क्षेत्र के अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा परिषद इस प्रस्ताव पर शुक्रवार को वोट कर सकती है।
अधिकारी के अनुसार, मोहम्मद बिन सलमान ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की है और उम्मीद जताई जा रही है कि रूस इस प्रस्ताव को रोकने की कोशिश नहीं करेगा। साथ ही, क्राउन प्रिंस चीन के अधिकारियों से भी बात कर सकते हैं और उम्मीद है कि चीन भी इसे नहीं रोकेगा।
इस प्रस्ताव में ईरान की कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया गया है और कहा गया है कि इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, सप्लाई चेन और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ सकता है।
प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि जहाजों और विमानों को होर्मुज से गुजरने का अधिकार है और इसे रोका नहीं जाना चाहिए।
अगर यह प्रस्ताव पास होता है, तो सदस्य देश अकेले या मिलकर (बहुराष्ट्रीय नौसैनिक सहयोग के जरिए) होर्मुज और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के लिए कार्रवाई कर सकेंगे।
यह अनुमति प्रस्ताव पास होने के बाद 6 महीने तक लागू रहेगी और इसमें हिस्सा लेने वाले देशों को हर तीन महीने में अपनी रिपोर्ट देनी होगी।
प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि सभी देश आपस में तालमेल बनाकर काम करें और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार और मानवीय कानून का पालन करें, साथ ही अन्य देशों के जहाजों के अधिकारों का सम्मान करें।
इसके अलावा, यह साफ किया गया है कि यह अनुमति सिर्फ होर्मुज तक ही सीमित होगी और इससे कोई नया अंतरराष्ट्रीय कानून नहीं बनेगा।
02:01 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
पुतिन बोले- रूस के लिए खुला है होर्मुज, बाकी जहाज फंसे
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक सहयोगी ने कहा है कि होर्मुज रूस के लिए खुला हुआ है। हालांकि ज्यादातर जहाजों के लिए यह रुट लगभग बंद है, लेकिन रूसी सरकारी मीडिया के मुताबिक क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने गुरुवार को कहा कि यह रास्ता हमारे लिए खुला है।
अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के अनुसार, करीब 2,000 जहाज इस समय फारस की खाड़ी के अंदर फंसे हुए हैं। लेकिन ईरान, चीन, भारत और पाकिस्तान से जुड़े कुछ जहाज इस रुट से गुजरने में सफल रहे हैं।
उशाकोव का यह बयान उस समय आया जब ईरान और रूस के विदेश मंत्रियों के बीच फोन पर बातचीत हुई। रूस के विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में होर्मुज में सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के तरीकों पर चल रही चर्चा पर अपने विचार साझा किए।
01:51 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने कहा- इजराइली वही करेंगे जो मैं उनसे करने को कहूंगा
अमेरिकी प्रेसिडेंट का कहना है कि इजराइल एक अच्छा टीम प्लेयर है और वे वही करेंगे जो मैं उनसे कहूंगा।
ट्रम्प ने कहा कि वे तब रुकेंगे जब मैं रुकूंगा, वे तब तक रुकेंगे जब तक उन्हें उकसाया न जाए, ऐसे में उनके पास कोई ऑप्शन नहीं होगा।
01:49 AM3 अप्रैल 2026
- कॉपी लिंक
यूएस-इजराइली हमलों में ईरान के 600 स्कूलों को नुकसान
ईरान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि 28 फरवरी से अब तक अमेरिका और इजराइल के हमलों में 600 से ज्यादा स्कूल और शिक्षण केंद्र प्रभावित हुए हैं।
