6 दिन पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका के एरिजोना राज्य में 1994 में लापता हुई 13 साल की लड़की क्रिस्टिना मारिया प्लांटे 32 साल बाद जिंदा मिल गई है। अब उनकी उम्र 45 साल है।
क्रिस्टिना 15 मई 1994 को अपने घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वह अचानक गायब हो गईं। पुलिस के मुताबिक, लंबे समय तक तलाश और जांच के बावजूद कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। उनका नाम अमेरिका के मिसिंग चिल्ड्रेन डेटाबेस में दर्ज किया गया और समय के साथ यह मामला कोल्ड केस बन गया।
हाल ही में आधुनिक जांच के साथ उनके केस को दोबारा रिव्यू किया गया तो नए सुराग मिले और आखिरकार प्लांटे को ढूंढ लिया गया। अधिकारियों ने उनकी पहचान की पुष्टि की है, लेकिन उनकी प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
यूक्रेन के बाजार में रूस के हमले से 5 लोगों की मौत, 21 घायल

यूक्रेन के निकोपोल शहर में रूस के ड्रोन हमले में 5 लोगों की मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए। घायलों में एक 14 साल की लड़की भी शामिल है। यह हमला शनिवार दोपहर करीब 1:20 बजे (भारतीय समय) एक भीड़भाड़ वाले बाजार में हुआ। धमाके के बाद कई दुकानें टूट गईं और आसपास मलबा फैल गया।
निकोपोल शहर पहले भी हमलों का शिकार रहा है। लगातार हमलों के कारण यहां के कई लोग पहले ही शहर छोड़ चुके हैं।
वहीं, रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन के हमले में उसके शहर टैगानरोग में 1 व्यक्ति की मौत हुई और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इस हमले से एक लॉजिस्टिक्स कंपनी में आग भी लग गई।
यूक्रेन ने भी कहा है कि उसने टोग्लियाट्टी में एक फैक्ट्री को निशाना बनाया, जहां सेना के लिए सामान तैयार किया जाता है। रूस और यूक्रेन के बीच हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ईस्टर के मौके पर युद्धविराम का प्रस्ताव दिया है, लेकिन रूस ने अभी तक इस पर कोई जवाब नहीं दिया है।
UAE के लिए कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का आरोप, पूर्व अमेरिकी सैनिक पर यमन में नेताओं को निशाना बनाने का दावा

एक पूर्व अमेरिकी सैनिक अब्रहाम गोलन पर आरोप लगा है कि उसने UAE के लिए यमन में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग ऑपरेशन चलाए। इसके बदले उसे हर महीने करीब 15 लाख डॉलर मिलते थे।
न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलन ने अमेरिकी नेवी के पूर्व अधिकारी इसाक गिलमोर के साथ मिलकर ‘स्पीयर ऑपरेशंस’ नाम की एक प्राइवेट मिलिट्री कंपनी बनाई थी। इसमें अमेरिकी स्पेशल फोर्स के पूर्व सैनिक शामिल थे।
आरोप है कि इस कंपनी ने UAE के साथ मिलकर यमन में टारगेटेड हत्याएं कीं और हर सफल मिशन पर उन्हें अतिरिक्त पैसे (बोनस) भी मिलते थे। यमन के सांसद अंसाफ अली मायो ने दावा किया कि 2015 में उन्हें मारने के लिए गोलन को हायर किया गया था।
गोलन ने एक इंटरव्यू में माना कि वह ऐसे ऑपरेशन चला रहा था, लेकिन UAE ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है।
यह मामला अमेरिका के ‘एलियन टॉर्ट स्टैच्यूट’ के तहत चल रहा है, जिसके तहत विदेशी नागरिक भी अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन पर अमेरिकी अदालत में केस कर सकते हैं।
पाकिस्तानी ट्रांसजेडर एक्टिविस्ट का दावा- 80% लोग समलैंगिक, बाकी 20% बाइसेक्शुअल हैं

पाकिस्तान की ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट हिना बलोच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने दावा किया कि ‘पाकिस्तान में 80% लोग समलैंगिक और बाकी बाइसेक्शुअल हैं।’
यह बयान उन्होंने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है।
बलोच ने इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान में लोगों की असली सेक्सुअल पहचान अक्सर छिपी रहती है। उनके मुताबिक, यह एक ‘ओपन सीक्रेट’ है। लेकिन उन्होंने कहा कि समाज, धर्म और परिवार के दबाव की वजह से लोग अपनी पहचान छिपाते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि ‘पाकिस्तान में ट्रांसजेंडर समुदाय को अक्सर भीख मांगने, डांस या सेक्स वर्क जैसे सीमित कामों तक धकेल दिया जाता है।’
अपना निजी अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें बचपन में जेंडर एक्सप्रेशन को लेकर हिंसा और दबाव झेलना पड़ा। एक्टिविज्म के दौरान भी उन्हें हमलों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा और अब वे विदेश में रह रही हैं।
पाकिस्तान अप्रैल में UAE का 3.5 अरब डॉलर कर्ज चुकाएगा, तीन किस्तों में भुगतान

पाकिस्तान ने अप्रैल में UAE का 3.5 अरब डॉलर का कर्ज चुकाने का फैसला किया है। तय शेड्यूल के मुताबिक 11, 17 और 23 अप्रैल को अलग-अलग किस्तों में पूरा पैसा लौटाया जाएगा।
ये फैसला ऐसे समय लिया गया है जब देश के विदेशी मुद्रा भंडार का बड़ा हिस्सा पहले ही दूसरे देशों की मदद पर टिका है। पाकिस्तानी सरकार कुछ कर्ज को निवेश में बदलने की कोशिश भी कर रही है, लेकिन अभी बातचीत जारी है।
ये कर्ज पाकिस्तान को अलग-अलग समय पर मिला था। UAE ने 2018 में 2 अरब डॉलर का लोन दिया था, जिसे बार-बार बढ़ाया गया, जबकि 2023 में 1 अरब डॉलर और दिया गया था ताकि पाकिस्तान IMF की शर्तें पूरी कर सके।
दरअसल, UAE ने हाल में कर्ज रोलओवर की नीति बदलकर शॉर्ट-टर्म एक्सटेंशन शुरू कर दिया है, जिससे पाकिस्तान पर जल्दी भुगतान का दबाव बढ़ा।
अप्रैल में ही पाकिस्तान को कुल करीब 4.8 अरब डॉलर चुकाने हैं, जिसमें एक बड़ा बॉन्ड भी शामिल है। सरकार का कहना है कि हालात संभालने लायक हैं, लेकिन एक्सपोर्ट और विदेशी निवेश में गिरावट से मुश्किलें बनी हुई हैं।
अफगानिस्तान में भूकंप से 8 लोगों की मौत, पाकिस्तान में भी तेज झटके महसूस हुए

फाइल फोटो।
अफगानिस्तान के काबुल में शुक्रवार देर शाम भूकंप से 8 लोगों की मौत हो गई। 6.3 तीव्रता के इस भूकंप के झटके पाकिस्तान के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए, हालांकि वहां किसी नुकसान की खबर नहीं है।
पाकिस्तान मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप रात 9:13 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में था और गहराई जमीन से 190 किलोमीटर अंदर थी। भूकंप के झटके खैबर पख्तूनख्वा, इस्लामाबाद, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पंजाब के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए।
इससे पहले अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ में 3 नवंबर 2025 को 6.3 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई थी। सैकड़ों लोग घायल हो गए थे। भूकंप से शहर की ऐतिहासिक ब्लू मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा था। यह मस्जिद मजार-ए-शरीफ का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है।
