![]()
इंग्लैंड में एक स्थानीय क्रिकेट मैच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मैच में साल्टबर्न के एक फील्डर पर चीटिंग करने का आरोप लगा है। आरोप है कि फील्डर ने उंगलियां चटकाकर अंपायर को यह भ्रमित करने की कोशिश की कि बल्लेबाज ने गेंद को छुआ है। नॉर्थ यॉर्कशायर और साउथ डरहम क्रिकेट लीग ने साल्टबर्न और नॉर्टन के बीच खेले गए सेकंड इलेवन डिवीजन 2 मैच की जांच शुरू कर दी है। क्या है पूरा मामला? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि जब गेंद बल्लेबाज नोमान शब्बीर के बल्ले के पास से गुजरती है, तो साल्टबर्न का एक फील्डर अपनी उंगलियां चटकाता है। इसके बाद विकेटकीपर जोश बोव्स गेंद को पकड़ लेते हैं। साल्टबर्न की टीम अपील करती है और अंपायर बल्लेबाज नोमान शब्बीर को आउट दे देते हैं। माना जा रहा है कि उंगलियां चटकाने का मकसद अंपायर को यह यकीन दिलाना था कि बल्लेबाज ने गेंद को एज किया है। साल्टबर्न ने यह मैच 159 रन से जीता था और टीम फिलहाल डिवीजन 2 में 17 अंकों के साथ शीर्ष पर है। लीग ने शुरू की जांच लीग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर कहा कि उन्हें शनिवार को खेले गए डिवीजन टू मैच में कथित घटनाओं को लेकर औपचारिक शिकायत मिली है। लीग ने कहा कि मामले की पूरी जांच शुरू कर दी गई है और जब तक औपचारिक प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। इस घटना का वीडियो एक्स पर तीन मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के प्रकाशनों ने भी इस खबर को प्रमुखता से रिपोर्ट किया है। बीबीसी ने लीग और साल्टबर्न से संपर्क किया है, जबकि नॉर्टन ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। पहले भी लग चुके हैं आरोप पिछले हफ्ते साल्टबर्न की शिलडन रेलवे पर 22 रन की जीत के दौरान विकेटकीपर जोश बोव्स ने आठ कैच लपके थे। टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड सात है। बोव्स फिलहाल 31 कैच के साथ लीग में सबसे आगे हैं, जो दूसरे स्थान पर मौजूद खिलाड़ी से 10 ज्यादा हैं। मिडलसब्रा सेकंड इलेवन के कप्तान रोरी कॉटरिल ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि पिछले महीने साल्टबर्न के खिलाफ हुए मैच में भी चीटिंग की दो घटनाएं हुई थीं। मिडलसब्रा को उस मैच में 29 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
Source link
क्रिकेट मैच में चीटिंग का आरोप:फील्डर पर उंगलियां चटकाकर अंपायर को गुमराह करने का आरोप, इंग्लैंड में हो रहा था मुकाबला