मुंबई13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड 1.54 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया है। यह FPI का अब तक का सबसे बड़ा मंथली निवेश है।
यह तेजी AI से जुड़े शेयरों में ग्लोबल बिकवाली और घरेलू कंपनियों की मजबूत कमाई की वजह से आई है।
नवंबर में कैसे टूटा पुराना रिकॉर्ड
NSDL के आंकड़ों के मुताबिक, FPIs ने 2 से 27 नवंबर के बीच भारतीय इक्विटी में 1.54 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया है।
महीने में अभी सिर्फ एक कारोबारी सेशन बाकी है और निवेश पहले ही नवंबर 2020 के 60,358 करोड़ रुपए के पुराने रिकॉर्ड को पार कर चुका है।
खास बात यह है कि इस महीने स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन को छोड़कर FPIs हर कारोबारी दिन नेट खरीदार रहे।
2026 में निकासी से वापसी तक का सफर
इससे पहले विदेशी निवेशकों ने लगातार बिकवाली की थी। उन्होंने अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपए और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपए निकाले थे। मार्च में FPIs ने घरेलू इक्विटी बाजार से 1.17 लाख करोड़ रुपए की भारी निकासी की थी।
ताजा निवेश के बाद 2026 में भारतीय शेयरों से कुल FPI आउटफ्लो यानी निकासी कुछ हफ्ते पहले के करीब 3 लाख करोड़ रुपए से घटकर लगभग 1.41 लाख करोड़ रुपए रह गई है।

किन सेक्टर्स में हुई सबसे ज्यादा खरीदारी
सेक्टर के स्तर पर देखें तो FPIs ने फाइनेंशियल सर्विसेज में बड़ी खरीदारी की। इसमें खासतौर पर प्राइवेट और पब्लिक सेक्टर बैंक शामिल रहे। इसके अलावा टेलीकॉम, फास्ट-मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG), इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) और कंज्यूमर सर्विसेज में भी विदेशी निवेशकों ने दांव लगाया।
डेट सेगमेंट में ₹7,484 करोड़ का निवेश किया
डेट सेगमेंट में विदेशी निवेशकों ने फुली एक्सेसिबल रूट (FAR) के जरिए 7,484 करोड़ रुपए का निवेश किया। जनरल रूट से भी 4,528 करोड़ रुपए आए। हालांकि, वॉलंटरी रिटेंशन रूट (VRR) के जरिए उन्होंने 3,972 करोड़ रुपए की निकासी की।
बाजार और रुपए को मिला सहारा
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से भारत नवंबर में दुनिया का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला इक्विटी बाजार बना। इस निवेश से रुपया मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.99 पर पहुंच गया। मजबूत रुख के चलते रुपया इस महीने एशिया की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली करेंसी भी बन गया।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी पर एक्सपर्ट्स की राय
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार ने कहा कि पिछले 10 महीनों में FPIs ने भारत से जितना पैसा निकाला था, उसका लगभग 50% हिस्सा अकेले नवंबर में बाजार में लौट आया है।
उन्होंने कहा कि AI ट्रेड के कमजोर पड़ने और भारत की कॉरपोरेट अर्निंग्स में शानदार ग्रोथ ही वे मुख्य वजहें हैं जो FPIs को भारत वापस लाईं। विजयकुमार ने यह भी कहा कि मौजूदा रुझानों को देखते हुए FPI इनफ्लो यानी निवेश जारी रहने की संभावना है।
बजाज ब्रोकिंग के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट-रिसर्च पवित्र मुखर्जी ने कहा कि बाजार के निवेशक आर्थिक ग्रोथ और ब्याज दरों के रुख के संकेतों के लिए भारत के अपकमिंग GDP डेटा और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के मॉनेटरी पॉलिसी फैसले पर करीबी नजर रखेंगे।
निवेशकों की आगे किन फैक्टर्स पर रहेगी नजर
पवित्र मुखर्जी के मुताबिक, ग्लोबल स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों की चाल, अमेरिकी टैरिफ से जुड़े घटनाक्रम और अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल्स डेटा निवेशकों के सेंटिमेंट को प्रभावित करने वाले अहम फैक्टर बने रहेंगे।
FPI, FAR और VRR क्या हैं?
- फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर (FPI): विदेश में बैठे वे निवेशक या संस्थाएं जो भारतीय शेयर या डेट बाजार में वित्तीय निवेश करते हैं।
- फुली एक्सेसिबल रूट (FAR): विदेशी निवेशकों के लिए कुछ खास सरकारी सिक्योरिटीज में बिना निवेश सीमा की पाबंदी के पैसा लगाने का माध्यम।
- वॉलंटरी रिटेंशन रूट (VRR): विदेशी निवेशकों के लिए तय शर्तों और समयसीमा के साथ डेट बाजार में निवेश करने का एक रास्ता।
