![]()
ICC ने बुधवार को पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भारत को दे दी है। छह टीमों का यह टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी तक मुंबई और वडोदरा में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में होना था, लेकिन ICC ने 30 अगस्त को इसकी मेजबानी छीन ली थी। ICC ने आरोप लगाया था कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में सरकार का दखल है। भारत को मेजबानी देने की वजह आईसीसी ने मेजबान चुनने के तय मानकों के आधार पर बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका के दावों का आकलन किया था। इसके बाद भारत को श्रीलंका की जगह मेजबान बनाने की सिफारिश की गई, जिसे आईसीसी बोर्ड ने 2 सितंबर को मंजूरी दी। आईसीसी ने बयान में कहा, “टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में होना था, लेकिन अब यह भारत में खेला जाएगा। श्रीलंका क्रिकेट जुलाई में आईसीसी की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में बताए गए जरूरी सुधार कर रहा है।” मुंबई और वडोदरा में होंगे मुकाबले मुंबई का क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम टूर्नामेंट के वेन्यू होंगे। इस टूर्नामेंट में दुनिया की छह प्रमुख महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका शामिल हैं। इन सभी टीमों ने 6 जुलाई की कटऑफ तारीख पर आईसीसी महिला टी-20 इंटरनेशनल टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति के आधार पर क्वालिफाई किया है। राउंड-रॉबिन लीग के बाद फाइनल छहों टीमें राउंड-रॉबिन लीग में खेलेंगी। लीग के बाद शीर्ष दो टीमें 28 फरवरी को होने वाले फाइनल में पहुंचेंगी। पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी 50 ओवर के फॉर्मेट में खेली जाती है। भारत ने पिछले साल महिला वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी, जिसमें भारतीय टीम ने अभूतपूर्व खिताब जीता था। जय शाह बोले- महिला क्रिकेट के लिए नया अध्याय आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा, “आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 महिला क्रिकेट के लिए एक नए और उत्साहजनक अध्याय की शुरुआत है। टूर्नामेंट का यह पहला संस्करण होगा, जिसमें दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें कड़े और उच्च स्तर के मुकाबले में हिस्सा लेंगी।” उन्होंने कहा, “इससे टीमों को रैंकिंग में ऊपर जाने और वैश्विक मंच पर जगह बनाने के लिए और प्रोत्साहन मिलेगा। हर साल आईसीसी का एक प्रमुख महिला टूर्नामेंट होने से महिला क्रिकेट, उसकी खिलाड़ियों और दुनिया भर के प्रशंसकों के लिए गति, निरंतरता और मजबूत लय बनाने का महत्वपूर्ण मौका मिलेगा।”
Source link
भारत में होगी पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी:14 से 28 फरवरी तक मुंबई-वडोदरा में टूर्नामेंट; श्रीलंका से छिनी थी मेजबानी