![]()
BCCI वीवीएस लक्ष्मण को डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की नई जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। वे फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के प्रमुख हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उनका कॉन्ट्रैक्ट दो साल के लिए बढ़ाया जाएगा और नई जिम्मेदारी के साथ वे जूनियर क्रिकेट, खिलाड़ियों के रिहैब और डेवलपमेंट के साथ स्टाफ नियुक्तियों की भी देखरेख करेंगे। हालांकि, टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजित आगरकर की मौजूदा भूमिका में तत्काल कोई बदलाव नहीं होगा। दोनों 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक अपने पद पर बने रहेंगे। नई पोस्ट बनाई जाएगी, लक्ष्मण की जिम्मेदारी बढ़ेगी BCCI में डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट का पद पहले नहीं था। लक्ष्मण को यह नई जिम्मेदारी उनके मौजूदा CoE रोल के साथ दी जाएगी। वे CoE में अपनी वर्तमान जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे, लेकिन उनका काम पहले से ज्यादा स्ट्रक्चर्ड होगा। लक्ष्मण अभी जूनियर भारतीय टीमों, पुरुष और महिला क्रिकेट के पाथवे, खिलाड़ियों के रिहैब और टैलेंट डेवलपमेंट से जुड़े काम देखते हैं। नई भूमिका में स्टाफ की नियुक्तियों की जिम्मेदारी भी उनके पास आने की बात सामने आई है। इससे भारतीय क्रिकेट के अलग-अलग स्तरों के बीच तालमेल बढ़ाने की कोशिश होगी। सीनियर टीम से लेकर जूनियर क्रिकेट तक एक स्ट्रक्चर बनेगा नई व्यवस्था का मकसद भारतीय क्रिकेट के अलग-अलग हिस्सों को एक सिस्टम में जोड़ना है। इसमें सीनियर टीम के कोच और सिलेक्टर से लेकर CoE, जूनियर टीम और ग्रासरूट पाथवे तक शामिल होंगे। लक्ष्मण पहले से ही खिलाड़ियों के डेवलपमेंट और रिहैबिलिटेशन सिस्टम का हिस्सा हैं। BCCI के मुताबिक, CoE की भूमिका उम्रदराज खिलाड़ियों के साथ-साथ एज-ग्रुप क्रिकेट के लिए भी महत्वपूर्ण रही है। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत के बाद BCCI ने भी लक्ष्मण के विजन और एज-ग्रुप क्रिकेट के रोडमैप को अहम बताया था। लक्ष्मण की भूमिका गंभीर और आगरकर से ऊपर होगी सूत्रों के मुताबिक, नई जिम्मेदारी के बाद लक्ष्मण BCCI के क्रिकेटिंग स्ट्रक्चर में गौतम गंभीर और अजित आगरकर से ऊपर की भूमिका में होंगे। इसका मतलब यह नहीं है कि वे हेड कोच या चीफ सिलेक्टर के रोजमर्रा के काम संभालेंगे, बल्कि वे अलग-अलग क्रिकेटिंग विभागों के बीच समन्वय और बड़े स्तर की योजना में भूमिका निभाएंगे। BCCI ने 2024 में गौतम गंभीर को भारतीय पुरुष टीम का हेड कोच नियुक्त किया था। उस समय BCCI की घोषणा में भी गंभीर के साथ काम करने वालों में VVS लक्ष्मण का उल्लेख किया गया था। आगरकर का कार्यकाल सितंबर में खत्म होना है, फिर भी बदलाव नहीं अजित आगरकर की चयन समिति के चेयरमैन के तौर पर मौजूदा अवधि सितंबर में खत्म होने वाली है। पिछले कुछ समय से उनकी भूमिका को लेकर चर्चा भी रही है। ऐसे में लक्ष्मण की नई जिम्मेदारी को आगरकर के भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा था। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक फिलहाल ऐसा कोई बदलाव नहीं होगा। आगरकर 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक चीफ सिलेक्टर की भूमिका में बने रहेंगे। इसका मतलब है कि सिलेक्शन से जुड़े फैसलों में उनकी मौजूदा जिम्मेदारी जारी रहेगी। गंभीर भी 2027 वर्ल्ड कप तक बने रहेंगे गौतम गंभीर के भविष्य को लेकर भी पिछले कुछ समय से चर्चा होती रही है, खासकर टेस्ट क्रिकेट में टीम के प्रदर्शन को लेकर। लेकिन सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि लक्ष्मण की नई भूमिका का मतलब गंभीर को हटाना नहीं है। गंभीर अपनी मौजूदा जिम्मेदारी में बने रहेंगे और 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक टीम इंडिया के हेड कोच के रूप में काम करेंगे। यानी नई व्यवस्था में लक्ष्मण की जिम्मेदारी बढ़ेगी, लेकिन टीम के हेड कोच की भूमिका गंभीर के पास ही रहेगी। क्यों अहम है लक्ष्मण की नई भूमिका? लक्ष्मण पिछले कुछ साल से भारतीय क्रिकेट के टैलेंट सिस्टम के साथ लगातार काम कर रहे हैं। CoE में उनका काम सिर्फ खिलाड़ियों की फिटनेस या रिहैब तक सीमित नहीं है, बल्कि जूनियर क्रिकेट से सीनियर स्तर तक खिलाड़ियों की तैयारी और पाथवे से भी जुड़ा है। BCCI ने पहले भी NCA/CoE के जरिए एज-ग्रुप खिलाड़ियों की पहचान, कोच एजुकेशन और स्पोर्ट्स साइंस से जुड़े कार्यक्रमों पर काम किया है। ऐसे में डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की नई भूमिका इन सभी कामों को एक बड़े स्ट्रक्चर में जोड़ सकती है।
Source link
लक्ष्मण बन सकते हैं BCCI के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट:CoE में 2 साल बढ़ेगा कार्यकाल, गौतम-अगरकर 2027 वर्ल्ड कप तक अपनी भूमिका में रहेंगे