![]()
वेब सीरीज ‘पंचायत’ के सितारे सोमवार, 23 नवंबर को सीहोर जिले के महोड़िया गांव पहुंचे। लोकप्रिय सीरीज के प्रमुख कलाकारों की मौजूदगी से यह आयोजन खास बन गया। इसमें सचिवजी का किरदार निभाने वाले जितेंद्र कुमार, प्रधानजी बने रघुबीर यादव, नीना गुप्ता और रिंकी की भूमिका निभाने वाली संविका समेत सीरीज के कई प्रमुख कलाकार शामिल हुए। कलाकारों की इस मौजूदगी के बीच ‘पंचायत’ के नए सीजन को लेकर भी चर्चा है। प्राइम वीडियो ने रविवार को सीरीज के पांचवें सीजन का आधिकारिक ट्रेलर जारी किया है। इसमें फुलेरा गांव की बदलती राजनीति, पंचायत की नई कुर्सी और पुराने किरदारों के सामने खड़ी नई चुनौतियों की झलक दिखाई गई है। सीजन का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को होगा। प्रधानजी के हाथ से गई कुर्सी, सचिवजी के सामने नई चुनौतियां पांचवें सीजन की कहानी में इस बार पंचायत की सत्ता का समीकरण बदला हुआ नजर आएगा। प्रधानजी यानी रघुबीर यादव को कुर्सी से दूर होने के बाद नई परिस्थितियों के साथ तालमेल बैठाने में मुश्किल हो रही है। वहीं सचिवजी यानी जितेंद्र कुमार अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं, दोस्ती और पंचायत की बदलती राजनीति के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करते दिखाई देंगे। इसी बीच सचिवजी और रिंकी यानी संविका की प्रेम कहानी में भी नया मोड़ आने वाला है। नए प्रधानपति के सामने फुलेरा की जिम्मेदारी संभालने और खुद को साबित करने की चुनौती होगी। ट्रेलर में गांव की राजनीति, रिश्तों की उलझन और हास्य के साथ भावनात्मक पलों की झलक दिखाई गई है। ये कलाकार फिर निभाएंगे अपने चर्चित किरदार सीजन-5 में जितेंद्र कुमार (सचिवजी), रघुबीर यादव (प्रधानजी), नीना गुप्ता (मंजू देवी), सुनीता राजवर (क्रांति देवी), फैजल मलिक (प्रह्लाद पांडे), चंदन रॉय (विकास), संविका (रिंकी), दुर्गेश कुमार (बनराकस) और अशोक पाठक (बिनोद) नजर आएंगे। दीपक कुमार मिश्रा ने किया निर्देशन सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसे दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने बनाया है, जबकि कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। इसका निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। सीरीज के सह-निर्माता, सह-रचनाकार और निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि पिछले चार सीजन में दर्शकों ने फुलेरा और उसके किरदारों को खूब प्यार दिया है। नए सीजन में कहानी को आगे बढ़ाने के साथ उसकी सादगी और वास्तविकता बरकरार रखने की कोशिश की गई है। रघुबीर यादव बोले- गांव में आज भी शहर से ज्यादा सुकून और खुशी अभिनेता रघुबीर यादव ने गांव और शहर के जीवन की तुलना करते हुए कहा कि उनके हिसाब से आज भी गांवों में शहरों के मुकाबले ज्यादा खुशी और सुकून है। शहरों की भागदौड़ से दूर गांव की सहजता और सरलता ही लोगों को अपनी ओर खींचती है। उन्होंने कहा कि ‘पंचायत’ सीरीज के बाद वे विदेशों में भी गए, जहां लोगों ने उनसे कहा कि सीरीज देखकर दोबारा गांव लौटने का मन करता है। नीना गुप्ता बोलीं- महिलाओं की स्थिति बदलेगी, तभी बदलेंगे उनके किरदार अभिनेत्री नीना गुप्ता ने महिला किरदारों और समाज में महिलाओं की स्थिति पर बात करते हुए कहा कि आज भी महिलाओं की जिम्मेदारियां काफी हद तक घर और परिवार तक सीमित हैं। बच्चे बड़े होने के बाद भी उनसे सास-ससुर की सेवा, घर संभालने और खाना बनाने जैसी अपेक्षाएं की जाती हैं। उन्होंने कहा कि किरदार समाज और वास्तविक जीवन से ही निकलकर आते हैं। जब तक महिलाओं की सामाजिक स्थिति में बदलाव नहीं आएगा, तब तक उनके लिए नए तरह के किरदारों की संभावनाएं भी सीमित रहेंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि बदलाव की शुरुआत हुई है और यह अच्छी बात है।
Source link
सीहोर के महोड़िया गांव पहुंचे 'पंचायत' के सितारे:3 दिसंबर से शुरू होगा सीजन-5, ट्रेलर में दिखी सत्ता की नई लड़ाई