कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा और यही बात उन्हें टूर्नामेंट में अपना सबकुछ देने के लिए प्रेरित करेगी।
कोहली ने कहा कि उनका लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना है और इसके लिए वह पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने यह बात वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे से पहले जियोस्टार से बातचीत में कही।
एक दिन में ढाई टी-20 मैच खेलने जैसा होता है
कोहली ने कहा, 50 ओवर के वर्ल्ड कप की तीव्रता किसी भी चीज से ज्यादा होती है। अब यह 10 मैचों में टी-20 स्तर की तीव्रता जैसा है। लेकिन आप एक दिन में ढाई टी-20 मैच खेल रहे होते हैं। एक बड़े टूर्नामेंट और वर्ल्ड कप के 10 मैचों तक उस तीव्रता को बनाए रखना बड़ी बात है। साथ ही अब यह विदेशी परिस्थितियों में है। यह आपसे बहुत कुछ ले लेता है।
भारत के लिए आखिरी वर्ल्ड कप
उन्होंने आगे कहा, मेरे लिए यह भारत के लिए आखिरी वर्ल्ड कप है जो मैं खेलने वाला हूं। यही मेरी प्रेरणा है। मैं अपना सब कुछ मैदान पर छोड़ देना चाहता हूं। जाहिर तौर पर लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना है और इसे जीतने के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए बिल्कुल तैयार हूं।
रोहित ने कहा- अभी काम पूरा नहीं हुआ
रोहित शर्मा ने जियोस्टार से ICC मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप को लेकर अपनी अधूरी इच्छा पर बात की। उन्होंने कहा कि जब तक वह खेल रहे हैं, तब तक आगे देखने के लिए कुछ न कुछ रहेगा।
रोहित ने कहा, यह विचार मेरे मन में कभी नहीं आएगा कि मेरा काम पूरा हो गया है। जब तक आप खेल रहे हैं, हमेशा आगे देखने के लिए कुछ होता है।
उन्होंने कहा, मैं वर्ल्ड कप को लेकर उत्साहित हूं और अपने लिए आगे क्या है, उस पर ध्यान दे रहा हूं। जब वर्ल्ड कप खेला जाता है और हम ICC टूर्नामेंट में उतरते हैं, तो उसकी अपनी अलग चुनौती होती है।
रोहित ने कहा, आप अलग-अलग विरोधियों के खिलाफ खेलते हैं और अलग-अलग मैदानों पर उतरते हैं। इसलिए आपको अलग तरीके से तैयारी करनी पड़ती है और अलग तरह से सोचना पड़ता है। यही चुनौती है।
विराट-रोहित ने एक साथ टी-20 से संन्यास लिया था
विराट-रोहित ने पिछले साथ टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी-20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। विराट फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। उन्होंने प्राइज सेरेमनी के दौरान टी-20 से रिटायरमेंट का ऐलान किया। वहीं रोहित ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने संन्यास का ऐलान किया था। उनके साथ ही रविंद्र जडेजा ने भी टी-20 से संन्यास का ऐलान किया था।
