Headlines

स्पोर्ट्स अपडेट- पीवी सिंधु चीन ओपन का प्री-क्वार्टर फाइनल हारीं:बांग्लादेशी पेसर इबादत ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर, रहमत अफगानिस्तान के कप्तान बने




पिछले हफ्ते जापान ओपन सुपर-750 जीतने वाली पीवी सिंधु का चीन ओपन सुपर-1000 का प्री-क्वार्टर फाइनल हार गई हैं। उन्हें गुरुवार को वर्ल्ड नंबर-4 और घरेलू खिलाड़ी चेन युफेई ने 16-21, 22-20, 21-18 से हराया। यह मैच 1 घंटे 29 मिनट तक चला। चांगझोउ में सिंधु ने पहला गेम जीतकर शानदार शुरुआत की और दूसरे गेम में भी जीत के बेहद करीब पहुंच गई थीं। उनके पास मुकाबला समाप्त करने के चार मैच प्वाइंट थे, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सकीं। इसका फायदा उठाते हुए युफेई ने लगातार अंक जुटाए और दूसरा गेम 22-20 से जीतकर मैच बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन अहम मौकों पर युफेई ने बेहतर संयम दिखाया और 21-18 से जीत दर्ज कर ली। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… बांग्लादेशी पेसर इबादत हुसैन ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर, रहमत शाह अफगानिस्तान के कप्तान बने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज इबादत हुसैन अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। वे पिता बनने वाले हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत बांग्लादेश 13 अगस्त से डार्विन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। इससे पहले टीम 3 अगस्त से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। बांग्लादेश की चिंता सिर्फ इबादत तक सीमित नहीं है। तेज गेंदबाज नाहिद राणा की साइड इंजरी का स्कैन कराया गया है। पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता पर फैसला होना बाकी है। टीम को उम्मीद है कि अनुभवी बल्लेबाज लिटन दास पिंडली की चोट से उबरकर समय पर फिट हो जाएंगे। बैटिंग कोच मोहम्मद अशरफुल ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरा चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन जल्दी पहुंचने और अभ्यास मैच खेलने का फायदा मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी फिट रहे तो बांग्लादेश अच्छा प्रदर्शन करेगा। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे टेस्ट में बल्लेबाजी विफल रहने के बावजूद अशरफुल ने कहा कि पिछले सात महीनों में बल्लेबाजों ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2-0 की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत का जिक्र करते हुए कहा कि एक-दो खराब मैचों से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास नहीं डगमगाना चाहिए।

शाहिदी के इस्तीफे के बाद रहमत शाह टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान बने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने हश्मतुल्लाह शाहिदी के इस्तीफे के बाद अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह को टेस्ट और वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। रहमानुल्लाह गुरबाज दोनों फॉर्मेट में उपकप्तान होंगे। दोनों आयरलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। रहमत शाह 2021 से अफगानिस्तान की टेस्ट और वनडे टीम के उपकप्तान रहे हैं। एसीबी ने कहा कि रहमत का अनुभव, नेतृत्व क्षमता और टीम की गहरी समझ अफगानिस्तान क्रिकेट को आगे नई सफलताएं दिलाएगी। हश्मतुल्लाह शाहिदी को मई 2021 में कप्तान बनाया गया था। उनके नेतृत्व में अफगानिस्तान ने 55 वनडे में 27 जीत दर्ज की। 2023 वनडे विश्व कप में टीम ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड को हराकर छठा स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन के दम पर अफगानिस्तान ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई किया, जहां पहले ही अभियान में इंग्लैंड को हराकर पांचवें स्थान पर जगह बनाई। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान पहली बार आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में सातवें स्थान तक पहुंचा। टीम ने 2024-25 में लगातार पांच वनडे सीरीज जीतीं, जिनमें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत भी शामिल रही। बांग्लादेश के खिलाफ लगातार तीन वनडे सीरीज जीतना भी उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *