Zolani Tete Murder | South Africa World Champion Boxer Shooting Death Case


  • Hindi News
  • Sports
  • Zolani Tete Murder | South Africa World Champion Boxer Shooting Death Case Eastern Cape

3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

साउथ अफ्रीका के दो बार के वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज जोलानी टेटे की शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। 38 साल के टेटे को ईस्टर्न केप के मडांत्साने में उनके घर के बाहर निशाना बनाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, टेटे अपनी कार में बैठे थे और घर का गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे। तभी एक वाहन से दो हथियारबंद लोग बाहर निकले और उन पर कई गोलियां चला दीं।

हमले में कार में मौजूद 27 साल की महिला यात्री भी घायल हुई। वह अस्पताल में भर्ती है। दोनों संदिग्ध मौके से भाग गए और मामले की जांच शुरू की गई है।

मंत्री ने कहा- देश ने बेहतरीन फाइटर्स में से एक खोया

साउथ अफ्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री गेटन मैकेंजी ने कहा, देश ने अपने सबसे बेहतरीन फाइटर्स में से एक को खो दिया है।

मैकेंजी ने ही बताया कि दोनों संदिग्ध घटनास्थल से भाग गए हैं और मामले की बड़ी जांच शुरू कर दी गई है।

2014 और 2017 में जीते थे वर्ल्ड टाइटल

टेटे ने 2017 से 2019 तक WBO बैंटमवेट टाइटल अपने नाम रखा था। उन्होंने 2014 में IBF सुपर-फ्लाइवेट टाइटल भी जीता था।

उन्होंने 2015 में लिवरपूल के पॉल बटलर को हराया था। टेटे ने अपने करियर में 8 बार यूनाइटेड किंगडम में मुकाबले किए।

11 सेकंड में नॉकआउट का गिनीज रिकॉर्ड

टेटे के नाम टाइटल फाइट में सबसे तेज नॉकआउट का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है। उन्होंने 2017 में सिबोनिसो गोन्या के खिलाफ मुकाबला 11 सेकंड के अंदर खत्म किया था।

आखिरी मुकाबला 2022 में खेला, डोपिंग टेस्ट में फंसे

टेटे ने आखिरी मुकाबला जुलाई 2022 में लंदन में ब्रिटेन के जेसन कनिंघम के खिलाफ खेला था। उन्होंने यह मुकाबला नॉकआउट से जीता, लेकिन डोपिंग टेस्ट में फेल होने के बाद इसका नतीजा नो-कॉन्टेस्ट कर दिया गया।

टेटे के टेस्ट में एनाबॉलिक स्टेरॉयड स्टैनोजोलोल मिला था। इसके बाद यूके एंटी-डोपिंग एजेंसी ने उन्हें 4 साल का बैन दिया था।

उनका बैन 29 जुलाई 2026 को खत्म हुआ। टेटे की मौत के बाद उनके मैनेजर मिला तेंगिमफेने ने बताया कि वह वापसी के मुकाबले के लिए ट्रेनिंग कर रहे थे।

टेटे ने 34 मुकाबलों में 29 जीत दर्ज की थीं। उनके रिकॉर्ड में 4 हार और 1 नो-कॉन्टेस्ट भी शामिल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.