![]()
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान के बायकॉट की खबरों को एक सिरे से खारिज कर दिया है। रविवार रात को BBC ने बाबर से पूछा गया कि क्या लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन लंच के बाद पाकिस्तान के मैदान पर नहीं उतरने की बात हुई थी। इस पर बाबर ने कहा, ‘नहीं, नहीं, नहीं। मैंने ऐसी कोई बात नहीं सुनी।’ उनसे जब पूछा गया कि क्या उन्हें इस संभावना को लेकर चल रही किसी बातचीत की जानकारी थी, तो उन्होंने फिर कहा, ‘नहीं।’ इमरान के बेटों का इंटरव्यू प्रसारित होने पर विवाद हुआ लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन स्काई स्पोर्ट्स ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान का इंटरव्यू प्रसारित किया था। इस पर विवाद हो गया। मीडिया ने दावा किया कि पाकिस्तानी बोर्ड ने ब्रॉडकास्टर के खिलाफ आधिकारिक शिकायत की थी। इतना ही नहीं, इंटरव्यू प्रसारित होने के बाद PCB ने मैदान पर नहीं उतरने पर विचार किया था। इमरान के बेटों ने पिता की सेहत पर चिंता जताई स्काई स्पोर्ट्स के इस इंटरव्यू में कार्यक्रम के होस्ट और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन ने कासिम और सुलेमान से बातचीत की थी। दोनों ने पाकिस्तान की अदियाला जेल में बंद अपने पिता इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता जताई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने ब्रॉडकास्टर से इंटरव्यू प्रसारित नहीं करने को कहा था। इसके बाद भी स्काई स्पोर्ट्स ने इंटरव्यू प्रसारित कर दिया। टेस्ट के दूसरे दिन पाकिस्तान के कोच सरफराज अहमद से भी इंटरव्यू और PCB की कथित धमकी को लेकर सवाल पूछा गया था। उन्होंने इससे अनजान होने की बात कही। सरफराज ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद रिपोर्टर्स से कहा, “मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता। मैं सिर्फ मैच पर ध्यान दे रहा हूं। आप इंटरव्यू की बात कर रहे हैं? हमें इंटरव्यू के बारे में नहीं पता। सब ठीक है। उस समय हम लंच कर रहे थे।” कासिम बोले- इमरान को 23 घंटे से ज्यादा सेल में रख रहे इंटरव्यू में कासिम ने बताया कि पाकिस्तान के अधिकारी जेल में इमरान खान के साथ कैसा व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “वे उन्हें 23 घंटे से ज्यादा समय तक एक सेल में पूरी तरह अलग-थलग रख रहे हैं।” कासिम ने कहा, “इस समय हमारे लिए यह बहुत जरूरी है कि उन्हें सही इलाज मिले। जब अधिकारियों ने उन्हें देखा था, तब आंख की समस्या के कारण उनकी आंख पर पट्टी लगी हुई थी।” उन्होंने आगे कहा, “वे साफ तौर पर तनाव में दिख रहे थे। हमारे लिए यह समझना बहुत मुश्किल है, क्योंकि मैंने उन्हें हर बार, बहुत मुश्किल हालात में भी, शांत और आत्मविश्वास से भरे व्यक्तित्व के तौर पर देखा है।”
Source link
बाबर बोले– लॉर्ड्स टेस्ट बायकॉट की चर्चा नहीं हुई:दावा था- इमरान के बेटों का इंटरव्यू से PCB नाराज, मैच से हटने की धमकी दी