Headlines

China Masters: Srikanth Reaches Quarterfinals


  • Hindi News
  • Sports
  • China Masters: Srikanth Reaches Quarterfinals | Tanvi Sharma Out

3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को दूसरे दौर में पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 श्रीकांत ने कनाडा के वर्ल्ड नंबर-9 विक्टर लाई को 21-18, 21-19 से हराकर उलटफेर किया।दूसरी ओर, महिला सिंगल्स में हाल ही में ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीतने वाली तन्वी शर्मा जापान की वर्ल्ड नंबर-9 टोमोका मियाजाकी से 17-21, 21-18, 16-21 से हारकर बाहर हो गईं। मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी भी दूसरे दौर में हार गई।

पहले गेम में 11-15 से पिछड़ने के बाद पलटे श्रीकांत

श्रीकांत ने मैच की शुरुआत 3-3 की बराबरी से की, लेकिन इसके बाद 3-7 से पिछड़ गए। लाई की लगातार गलतियों का फायदा उठाकर भारतीय खिलाड़ी ने स्कोर 8-8 से बराबर किया। ब्रेक तक लाई 11-9 से आगे थे। इसके बाद कनाडाई खिलाड़ी ने बढ़त 15-11 कर ली।

श्रीकांत ने यहां से जोरदार वापसी की। उन्होंने बैकलाइन पर सटीक शॉट के बाद जंप स्मैश लगाया और नेट पर भी अंक हासिल किया। स्कोर 15-15 हुआ। इसके बाद क्रॉस-कोर्ट स्मैश से श्रीकांत 18-16 से आगे हो गए और 21-18 से पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में 9-14 से पिछड़कर मैच जीता

दूसरे गेम में भी श्रीकांत को शुरुआत में संघर्ष करना पड़ा। वे एक समय 5-9 और फिर 9-14 से पीछे थे। इसके बाद उन्होंने आक्रामक रिटर्न और लगातार स्मैश के जरिए वापसी शुरू की। लाई की नेट पर गलतियों का फायदा उठाकर श्रीकांत ने स्कोर 13-14 किया और फिर 18-18 से बराबरी कर ली।

लाई का शॉट बाहर जाने के बाद श्रीकांत को मैच पॉइंट मिला। अगली ही रैली में लाई का शॉट फिर बाहर चला गया और श्रीकांत ने 21-19 से गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

अगला मुकाबला ली चेउक यू से

पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 श्रीकांत का क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के ली चेउक यू से सामना होगा। श्रीकांत इसी साल US ओपन सुपर 300 के फाइनल में भी पहुंचे थे। वहीं, विक्टर लाई ने पिछले महीने नई दिल्ली में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपना दूसरा ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वह इसी साल इंडोनेशिया में अपना पहला सुपर 1000 खिताब भी जीत चुके हैं।

तन्वी शर्मा तीन गेम में हारीं

महिला सिंगल्स में तन्वी शर्मा ने टोमोका मियाजाकी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन निर्णायक गेम में हार गईं। तन्वी ने पहला गेम 17-21 से गंवाया, फिर दूसरा गेम 21-18 से जीतकर वापसी की। तीसरे गेम में मियाजाकी ने 21-16 से जीत दर्ज कर भारतीय खिलाड़ी का सफर रोक दिया।

ध्रुव-तनीषा की जोड़ी भी बाहर

मिश्रित युगल में भारत के ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और सू यिन हुई ने 21-18, 21-18 से हराया। इसके साथ भारतीय जोड़ी भी टूर्नामेंट से बाहर हो गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *