- Hindi News
- Sports
- Avinash Sable Qualifies Steeplechase | Annu Rani Out Asian Games Squad
3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हांगझोउ एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट अन्नू रानी आइची-नागोया एशियन गेम्स के भारतीय स्क्वाड से बाहर हो गई हैं। वह महिलाओं की जैवलिन थ्रो में क्वालिफिकेशन मार्क हासिल नहीं कर सकीं।
अन्नू ने गुरुवार को JLN स्टेडियम में इंडियन एथलेटिक्स फाइनल सीरीज में 57.50 मीटर का थ्रो किया। वह 57.62 मीटर के क्वालिफिकेशन मार्क से 12 सेंटीमीटर पीछे रह गईं।
इसी इवेंट में चोट से लौटे अविनाश साबले ने 3,000 मीटर स्टीपलचेज में गोल्ड जीता। उन्होंने 8:32.39 सेकेंड का समय निकालकर 8:36.57 सेकेंड का क्वालिफिकेशन मार्क हासिल किया।
गुरुवार की प्रतियोगिता में एशियन गेम्स के लिए चुने गए खिलाड़ियों ने अपना फॉर्म, फिटनेस और चोट की स्थिति परखी। खिलाड़ियों के पास क्वालिफिकेशन मार्क हासिल करने का यह आखिरी मौका था।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों को साफ कर दिया था कि एशियन गेम्स में जाने के लिए क्वालिफिकेशन मार्क हासिल करना जरूरी है।
AFI प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन ललित K भनोत ने कहा, “जिसने क्वालिफिकेशन मार्क हासिल नहीं किया है, उसे एशियन गेम्स में नहीं भेजा जाएगा। AFI का रुख बिल्कुल साफ था।”
उन्होंने कहा, “अगर अन्नू रानी क्वालिफाई नहीं कर पाई हैं, तो वह नहीं जाएंगी। जिन खिलाड़ियों ने मार्क हासिल नहीं किया है, वे दल का हिस्सा नहीं होंगे।”
अविनाश ने वापसी में क्वालिफाई किया
31 साल के अविनाश साबले 14 महीने तक चोट के कारण बाहर रहने के बाद अपनी विशेषज्ञ 3,000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में लौटे।
उन्होंने मौके पर अच्छा प्रदर्शन किया और 8:32.39 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड जीता। उनका समय 8:36.57 सेकेंड के एशियन गेम्स क्वालिफिकेशन मार्क से बेहतर रहा।
