Headlines

रणवीर की ‘प्रलय’ शूटिंग से आजाद मैदान में बवाल मचा:शूटिंग से अंडर14-16 मैच टले; MCA ने मैदान के व्यावसायिक इस्तेमाल पर जताई नाराजगी




बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म ‘प्रलय’ रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। मुंबई के ऐतिहासिक आजाद मैदान में फिल्म की शूटिंग के लिए मिली अनुमति ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को नाराज कर दिया है। शूटिंग के चलते मैदान पर होने वाले अंडर-14 और अंडर-16 इंटरस्कूल क्रिकेट मैच टालने पड़े। MCA ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए खेल मैदान के व्यावसायिक इस्तेमाल का विरोध किया है। एसोसिएशन का कहना है कि जिस मैदान पर युवा क्रिकेटर अपना भविष्य संवारते हैं, वहां व्यावसायिक फिल्म शूटिंग को प्राथमिकता देना खेल संस्कृति के लिए ठीक नहीं है। आजाद मैदान में पहली बार हुई फिल्म की शूटिंग मुंबई का आजाद मैदान लंबे समय से क्रिकेट गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी क्रिकेट की प्रैक्टिस करते हैं। इसके अलावा मैदान पर स्थानीय और इंटरस्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट भी आयोजित किए जाते हैं। मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार के खेल विभाग ने रणवीर सिंह की फिल्म ‘प्रलय’ के मेकर्स को आजाद मैदान में छह घंटे तक शूटिंग करने की अनुमति दी थी। बताया जा रहा है कि इस मैदान पर पहली बार किसी फिल्म की शूटिंग के लिए इस तरह की अनुमति दी गई। इस फैसले के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि शूटिंग के लिए मैदान का इस्तेमाल होने से वहां पहले से निर्धारित क्रिकेट गतिविधियां प्रभावित हुईं। शूटिंग के लिए लगाया गया बड़ा सेट, बिछाई गई आर्टिफिशियल घास फिल्म की शूटिंग के लिए आजाद मैदान में बड़े-बड़े सेट तैयार किए गए थे। इसके अलावा शूटिंग की जरूरत के मुताबिक आर्टिफिशियल घास भी बिछाई गई थी। मैदान पर इस तरह की तैयारियों के चलते क्रिकेट मैचों के आयोजन में परेशानी हुई। खासतौर पर अंडर-14 और अंडर-16 के इंटरस्कूल क्रिकेट मैच प्रभावित हुए। रिपोर्ट के मुताबिक, इन मुकाबलों को आगे के लिए टालना पड़ा। MCA का कहना है कि मैदान का इस्तेमाल युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट की ट्रेनिंग देने और प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए होता है। ऐसे में किसी कमर्शियल फिल्म की शूटिंग के लिए मैदान की बुकिंग करना खेल गतिविधियों के हित में नहीं है। MCA सदस्य बोले- क्रिकेट मैदान को कमर्शियल शूटिंग के लिए इस्तेमाल नहीं कर सकते इस मामले पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की एपेक्स काउंसिल के सदस्य नदीम मेमन ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। मुंबई मिरर से बातचीत में उन्होंने कहा कि आजाद मैदान में पहली बार किसी फिल्म की शूटिंग हुई है। इसके लिए बड़े सेट लगाए गए और आर्टिफिशियल घास बिछाई गई। उन्होंने कहा, “यह फिल्म शूटिंग की जगह नहीं है, बल्कि क्रिकेट का मैदान है। यहां खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए अपनी प्रतिभा को निखारते हैं।” नदीम मेमन के मुताबिक, शूटिंग की वजह से एसोसिएशन के चल रहे टूर्नामेंट प्रभावित हुए। ऐसे में सवाल उठता है कि इससे होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने यह भी कहा कि किसी कमर्शियल फिल्म की शूटिंग की अनुमति देकर क्रिकेट मैदान का व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। खेल विभाग पर भी उठाए सवाल नदीम मेमन ने इस मामले में महाराष्ट्र सरकार के खेल विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खेल विभाग का काम खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। लेकिन आजाद मैदान में कमर्शियल शूटिंग की अनुमति देना इसके उलट है। उन्होंने आरोप लगाया कि खेल विभाग की वजह से आजाद मैदान की खेल संस्कृति प्रभावित हो रही है। MCA युवा क्रिकेटरों को तैयार करने के साथ कई अंतरराज्यीय टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए काम करता है। ऐसे में शूटिंग के कारण मैच टालने पड़ना खिलाड़ियों और एसोसिएशन दोनों के लिए नुकसानदायक है। नदीम ने सवाल उठाया कि जब मैदान का मुख्य उद्देश्य खेल गतिविधियां हैं, तो वहां व्यावसायिक बुकिंग की अनुमति कैसे दी जा सकती है? शूटिंग की अनुमति के लिए मेकर्स ने चुकाए 40 हजार रुपए रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार के खेल विभाग ने फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी लाइट रेज (Light Rays) को आजाद मैदान की 5 हजार वर्ग गज सरकारी जमीन पर शूटिंग की अनुमति दी थी। इसके लिए मेकर्स से छह घंटे का 40 हजार रुपए किराया लिया गया। इसके अलावा 40 हजार रुपए की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा कराई गई थी। हालांकि, शूटिंग की अनुमति के साथ कुछ शर्तें भी रखी गई थीं। प्रोडक्शन टीम को क्रिकेट पिच पर गाड़ियां ले जाने, खाना बनाने, जमीन खोदने या मैदान को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं थी। इसके अलावा मेकर्स को पुलिस, ट्रैफिक विभाग और BMC से जरूरी अनुमति लेने के साथ MCA से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) हासिल करने के लिए भी कहा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस अनुमति पर खेल विभाग के अंडर सेक्रेटरी अशोक दमैयावार ने 30 अक्टूबर को हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद 2 नवंबर को इसे मुंबई के डिप्टी डायरेक्टर ऑफ स्पोर्ट्स एंड यूथ सर्विसेज के पास भेजा गया था।
क्या है रणवीर सिंह की फिल्म ‘प्रलय’ की कहानी? ‘प्रलय’ रणवीर सिंह की आने वाली पोस्ट-अपोकैलिप्टिक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है। फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं, जो फिल्ममेकर हंसल मेहता के बेटे हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसी दुनिया पर आधारित है, जहां भीषण तबाही के बाद इंसानों के सामने जिंदा रहने की चुनौती खड़ी हो जाती है। इसमें सर्वाइवल, संघर्ष और मुश्किल हालात में इंसानी जज्बे की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ मलयालम एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग मुंबई की वास्तविक लोकेशंस पर की जा रही है। हंसल मेहता और साहिल सैगल की ट्रू स्टोरी फिल्म्स के साथ रणवीर सिंह की प्रोडक्शन कंपनी भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। शूटिंग की अनुमति पर अब MCA ने उठाई जवाबदेही की मांग आजाद मैदान में फिल्म की शूटिंग को लेकर उठा विवाद अब सिर्फ मैच टलने तक सीमित नहीं रह गया है। MCA ने इस फैसले पर अपनी नाराजगी जताते हुए डिप्टी डायरेक्टर ऑफ स्पोर्ट्स को पत्र भी लिखा है। एसोसिएशन का मुख्य सवाल यह है कि जब आजाद मैदान का इस्तेमाल वर्षों से क्रिकेट और अन्य खेल गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, तो वहां व्यावसायिक फिल्म शूटिंग की अनुमति किस आधार पर दी गई? फिलहाल इस पूरे मामले ने खेल सुविधाओं और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच संतुलन को लेकर बहस छेड़ दी है। एक तरफ फिल्म निर्माता वास्तविक लोकेशंस पर शूटिंग करना चाहते हैं, वहीं दूसरी तरफ MCA का तर्क है कि इससे युवा खिलाड़ियों और खेल प्रतियोगिताओं का नुकसान नहीं होना चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *