12 मिनट पहलेलेखक: वीरेंद्र मिश्र
- कॉपी लिंक

विद्या बालन ने संघर्ष और रिजेक्शन के बाद बॉलीवुड में बनाई अपनी पहचान।
आज विद्या बालन बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने महिला प्रधान फिल्मों को नई पहचान दिलाई। ‘कहानी’, ‘द डर्टी पिक्चर’ और ‘तुम्हारी सुलू’ में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाली विद्या के लिए यह मुकाम आसान नहीं था। करियर की शुरुआत में उन्हें मनहूस कहा गया। मोहनलाल के साथ उनकी पहली मलयालम फिल्म बंद होने का दोष उन पर मढ़ दिया गया। उन्हें करीब 12 फिल्मों से निकाल दिया गया। एक निर्माता ने उनके लुक पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वह हीरोइन जैसी दिखती हैं। इस अपमान से विद्या इतनी टूट गईं कि करीब छह महीने तक आईने में खुद को देखने की हिम्मत नहीं जुटा पाईं। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। ‘परिणीता’ से शानदार कमबैक किया और आगे चलकर नेशनल अवॉर्ड भी अपने नाम किया।
आज की सक्सेस स्टोरी में विद्या बालन के करियर की कुछ खास बातें

मुंबई में पली-बढ़ीं, बचपन से अभिनेत्री बनने का सपना
विद्या बालन का जन्म 1 जनवरी 1979 को मुंबई में हुआ। उनका परिवार मूल रूप से केरल के पलक्कड़ का है। उनके पिता पीआर बालन कॉर्पोरेट प्रोफेशनल रहे हैं, जबकि मां सरस्वती बालन गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन प्रिया बालन हैं।
विद्या का बचपन मुंबई के चेंबूर में बीता। उन्होंने सेंट एंथनी गर्ल्स हाई स्कूल से पढ़ाई की। आगे सेंट जेवियर्स कॉलेज से सोशियोलॉजी में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद मुंबई यूनिवर्सिटी से इसी विषय में मास्टर्स की डिग्री हासिल की।
विद्या को बचपन से अभिनय का शौक था। वह माधुरी दीक्षित और शबाना आजमी की अदाकारी से प्रभावित थीं। आठ साल की उम्र में माधुरी की फिल्म ‘तेजाब’ देखने के बाद अभिनेत्री बनने की उनकी इच्छा और मजबूत हुई थी।
16 साल की उम्र में मिला टीवी पर पहला मौका
विद्या ने 16 साल की उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। साल 1995 में उन्हें एकता कपूर के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘हम पांच’ में राधिका माथुर का किरदार मिला। चश्मा लगाने वाली शांत स्वभाव की लड़की के रूप में यह किरदार दर्शकों को पसंद आया।
शो की शूटिंग और पढ़ाई एक साथ संभालना उनके लिए मुश्किल होने लगा। कॉलेज में लगातार अनुपस्थित रहने से उनकी अटेंडेंस प्रभावित हो रही थी। परिवार ने साफ कर दिया कि उन्हें अभिनय के साथ पढ़ाई भी पूरी करनी होगी। ऐसे में उन्होंने शो छोड़ दिया।
इसके बाद विद्या ने विज्ञापनों में काम शुरू किया। उन्होंने लगभग 60 विज्ञापनों में अभिनय किया। इस दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक प्रदीप सरकार से हुई। दोनों ने विज्ञापनों के साथ म्यूजिक वीडियो में भी काम किया।
विद्या यूफोरिया के गाने ‘कभी आना तू मेरी गली’, शुभा मुद्गल के ‘अब के सावन’ और पंकज उधास के म्यूजिक वीडियो में नजर आईं। उन्हें अंदाजा नहीं था कि ये म्यूजिक वीडियो आगे उनकी जिंदगी बदल देंगे।
मोहनलाल के साथ पहली फिल्म, फिर लगा मनहूस होने का ठप्पा
टीवी और विज्ञापनों में काम के बाद विद्या फिल्मों में किस्मत आजमाना चाहती थीं। इसी दौरान उन्हें मलयालम फिल्म ‘चक्रम’ में काम मिला। फिल्म में उनके साथ साउथ के सुपरस्टार मोहनलाल नजर आने वाले थे।
विद्या के लिए यह बड़े सपने के सच होने जैसा था। फिल्म की शूटिंग शुरू हुई, लेकिन प्रोडक्शन संबंधी समस्याओं के कारण बीच में ही बंद हो गई।
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में मोहनलाल जैसे बड़े स्टार की फिल्म का बंद होना असामान्य माना जा रहा था। इसका दोष विद्या पर डाल दिया गया। कुछ निर्माताओं ने उन्हें अनलकी और मनहूस मान लिया।
विद्या ने बाद में बताया था कि इस घटना के बाद उन्हें करीब एक दर्जन तमिल और मलयालम फिल्मों से रिप्लेस कर दिया गया।
तमिल फिल्म ‘रन’ में उन्हें आर. माधवन के साथ काम मिला था। शूटिंग का एक शेड्यूल पूरा होने के बाद उन्हें हटा दिया गया और उनकी जगह मीरा जैस्मिन को लिया गया। ‘मनसेल्लम’ में भी पहले विद्या को लिया गया, लेकिन बाद में उनकी जगह तृषा को कास्ट किया गया।
इस दौरान उन्होंने मलयालम फिल्म ‘कलारी विक्रमन’ में काम किया, लेकिन यह सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सकी।

विद्या बालन के लुक पर उठा सवाल, निर्माता ने कही थी अपमानजनक बात।
निर्माता ने पूछा- क्या यह हीरोइन जैसी दिखती है?
विद्या के लिए फिल्मों से निकाले जाने से ज्यादा मुश्किल उनके लुक पर की गई अपमानजनक टिप्पणियां सहना था।
इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में विद्या ने बताया था कि एक तमिल फिल्म के निर्माता ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था। कुछ दिन बाद पता चला कि निर्माता ने उनकी कुंडली दिखाकर उन्हें अनलकी बताया था।
चेन्नई में जब विद्या अपने माता-पिता के साथ उस निर्माता से मिलने पहुंचीं, तो उसने सवाल किया कि क्या उनकी बेटी हीरोइन जैसी दिखती भी है?
इस टिप्पणी ने विद्या को तोड़ दिया। उन्होंने बताया था कि अपमान के बाद करीब छह महीने तक उनमें आईने में खुद को देखने की हिम्मत नहीं थी।
यह दौर उनके लिए मानसिक रूप से मुश्किल था। लगातार रिजेक्शन और अपमान के कारण उन्होंने कई बार अभिनय छोड़ने के बारे में सोचा। हालांकि, परिवार के साथ और अभिनय के जुनून ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।
विद्या ने एक इंटरव्यू में बताया था कि संघर्ष के दौरान एक पत्रकार ने उन्हें किसी बड़े बैनर की फिल्म में साइन होने की फर्जी खबर छपवाने की सलाह दी थी, ताकि मनहूस होने का ठप्पा हट सके। लेकिन विद्या ने ऐसा करने से इनकार कर दिया।

‘परिणिति’ से पहले विद्या बालन ने बंगाली फिल्म ‘भालो थेको’ में किया था। इस फिल्म को तीन नेशनल अवार्ड मिले थे।
प्रदीप सरकार बने सहारा, म्यूजिक वीडियो से खुला बॉलीवुड का रास्ता
साउथ की फिल्मों में लगातार निराशा के बाद विद्या ने विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियो पर ध्यान देना शुरू किया। निर्देशक प्रदीप सरकार उनके सबसे बड़े सहारा बने।
प्रदीप सरकार को विद्या की प्रतिभा पर भरोसा था। यूफोरिया के म्यूजिक वीडियो ‘कभी आना तू मेरी गली’ में उनके काम से वह प्रभावित हुए थे। उन्हें लगा कि विद्या कैमरे के सामने अलग-अलग किरदारों में ढल सकती हैं।
प्रदीप सरकार ने उन्हें फिल्म ‘परिणीता’ में लेने का फैसला किया। हालांकि, निर्माता विधु विनोद चोपड़ा शुरुआत में इस फैसले से पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे। वह किसी स्थापित अभिनेत्री को कास्ट करना चाहते थे।
विद्या को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए कई स्क्रीन टेस्ट देने पड़े। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म के लिए 60 से ज्यादा स्क्रीन टेस्ट दिए थे। गीतकार शंतनु मोइत्रा और स्वानंद किरकिरे ने भी उनके चयन के लिए प्रदीप सरकार की कोशिशों का जिक्र किया है।

‘परिणीता’ के बाद बनीं बॉलीवुड की बेहतरीन एक्ट्रेस विद्या बालन।
60 से ज्यादा स्क्रीन टेस्ट के बाद मिली ‘परिणीता’
साल 2005 में रिलीज हुई ‘परिणीता’ विद्या बालन के करियर की बड़ी शुरुआत साबित हुई। उन्होंने फिल्म में ललिता का किरदार निभाया था। सैफ अली खान और संजय दत्त भी अहम भूमिकाओं में थे।
इस फिल्म के लिए विद्या को फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड मिला। उनके अभिनय की तारीफ हुई और बॉलीवुड में मजबूत अभिनेत्री के रूप में पहचान मिली।
विद्या ने बाद में एक किस्सा साझा किया था। वह मुंबई में एनरिक इग्लेसियस के कॉन्सर्ट में थीं, तभी विधु विनोद चोपड़ा का फोन आया। उन्होंने विद्या से तुरंत बाहर आने को कहा। विद्या को लगा कि शायद फिर उन्हें रिजेक्ट किए जाने की खबर मिलेगी, लेकिन चोपड़ा ने फोन पर कहा- ‘तुम मेरी परिणीता हो।’
यह सुनकर विद्या भावुक हो गईं। कभी मनहूस कहकर फिल्मों से बाहर की गई अभिनेत्री को अब बॉलीवुड की बड़ी फिल्म में मुख्य भूमिका मिल चुकी थी।
‘लगे रहो मुन्नाभाई’ से ‘भूल भुलैया’ तक, लगातार मिली सफलता
‘परिणीता’ के बाद विद्या ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। साल 2006 में वह राजकुमार हिरानी की ‘लगे रहो मुन्नाभाई’ में नजर आईं। उन्होंने रेडियो जॉकी जाह्नवी का किरदार निभाया। संजय दत्त के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को पसंद आई और फिल्म बड़ी हिट रही।
साल 2007 उनके करियर के लिए अहम रहा। उन्होंने मणिरत्नम की ‘गुरु’, ‘सलाम-ए-इश्क’, ‘हे बेबी’ और ‘भूल भुलैया’ में काम किया। खासकर ‘भूल भुलैया’ में अवनी के किरदार और अभिनय की चर्चा हुई।
2009 में आई ‘पा’ में उन्होंने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के साथ काम किया। उन्होंने ऐसे बच्चे की मां का किरदार निभाया, जिसे प्रोजेरिया नाम की दुर्लभ बीमारी होती है। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला।

‘द डर्टी पिक्चर’ ने विद्या बालन को बनाया बॉलीवुड की बोल्ड हीरोइन, फिल्म ने बदली उनकी किस्मत।
‘इश्किया’, ‘डर्टी पिक्चर’ और ‘कहानी’ ने बदली बॉलीवुड की सोच
साल 2010 में आई ‘इश्किया’ विद्या के करियर का बड़ा मोड़ साबित हुई। उन्होंने कृष्णा नाम की विधवा महिला का किरदार निभाया। नसीरुद्दीन शाह और अरशद वारसी जैसे कलाकारों के बीच विद्या ने अभिनय से अलग पहचान बनाई। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला।
2011 में ‘नो वन किल्ड जेसिका’ में उन्होंने पत्रकार मीरा गैटी का किरदार निभाया। रानी मुखर्जी के साथ उनकी जोड़ी और फिल्म की कहानी को सराहना मिली।
इसी साल आई ‘द डर्टी पिक्चर’ ने विद्या को इंडस्ट्री की दमदार अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। उन्होंने दक्षिण भारतीय अभिनेत्री सिल्क स्मिता से प्रेरित किरदार निभाया। उनके बोल्ड और बेबाक अभिनय ने खूब सुर्खियां बटोरीं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और उन्हें इसके लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला।
साल 2012 में आई सुजॉय घोष की ‘कहानी’ ने उनकी सफलता को नई ऊंचाई दी। उन्होंने गर्भवती विद्या बागची का किरदार निभाया, जो लापता पति की तलाश में कोलकाता पहुंचती है। फिल्म उनके किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने दमदार अभिनय से फिल्म को यादगार बनाया। इस भूमिका के लिए उन्हें एक और फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला।
‘बॉबी जासूस’ (2014), ‘हमारी अधूरी कहानी’ (2015) और ‘कहानी 2’ (2016) में भी उन्होंने अलग-अलग किरदार निभाए।
‘तुम्हारी सुलू’ से वापसी, फिर ओटीटी पर भी दिखाया दम
कुछ फिल्मों के बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने के बाद विद्या ने 2017 में ‘तुम्हारी सुलू’ से वापसी की। उन्होंने घरेलू महिला और रेडियो जॉकी का किरदार निभाया। इस भूमिका के लिए उन्हें फिर फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला।
2019 में आई ‘मिशन मंगल’ में वह अक्षय कुमार के साथ नजर आईं। उन्होंने वैज्ञानिक तारा शिंदे का किरदार निभाया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही।
विद्या ने ‘शकुंतला देवी’ (2020), ‘शेरनी’ (2021) और ‘जलसा’ (2022) में अभिनय की विविधता दिखाई। ‘शेरनी’ में वन अधिकारी की भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला।
2023 में ‘नीयत’ और 2024 में ‘दो और दो प्यार’ में उन्होंने अलग-अलग किरदार निभाए। ‘भूल भुलैया 3’ में मंजुलिका के रूप में उनकी वापसी ने दर्शकों का ध्यान खींचा। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया।
नेशनल अवॉर्ड से पद्मश्री तक, अंधविश्वास को हुनर से दिया जवाब
विद्या बालन को ‘द डर्टी पिक्चर’ के लिए 2012 में बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला। 2014 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वह कई फिल्मफेयर और अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कार भी जीत चुकी हैं।
विद्या की कहानी सिर्फ एक अभिनेत्री की सफलता नहीं, बल्कि उस सोच का जवाब भी है, जिसमें हुनर से ज्यादा अंधविश्वास और बाहरी रूप को महत्व दिया जाता है।
जिस अभिनेत्री को कभी मनहूस कहकर फिल्मों से बाहर किया गया, उसने आगे चलकर ऐसी फिल्में दीं, जिनकी कहानी उनके किरदारों के दम पर आगे बढ़ी। विद्या ने साबित किया कि सफलता के लिए खास चेहरे या किस्मत के ठप्पे की नहीं, बल्कि प्रतिभा, मेहनत और खुद पर भरोसे की जरूरत होती है।

________________________
पिछले हफ्ते की सक्सेस स्टोरी पढ़ें..
हिमेश को सलमान से ज्यादा मिली थीं तालियां:आहत हुआ था भाईजान का ईगो; ‘नाक से गाता है’ कहकर उड़ाया था मजाक, सालों बाद सुधरे रिश्ते

कभी उनके गाने चार्टबस्टर होते थे, तो कभी उनकी आवाज का मजाक उड़ता था। किसी ने उन्हें नाक से गाने वाला सिंगर कहा, तो किसी ने एक्टिंग पर सवाल उठाए। फिल्मों में असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। हिमेश रेशमिया ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने की जिद नहीं छोड़ी।पूरी खबर पढ़ें..
