![]()
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां और आखिरी वनडे आज सुबह 7:30 बजे माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा। भारत 2-1 से आगे है। पिछले मैच में भारत 244 रन से हार गया था। न्यूजीलैंड ने 333 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 89 रन पर सिमट गई थी। भारत के पास 7 साल बाद न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज जीतने का मौका है। टीम ने आखिरी बार 2019 में न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज जीती थी। तब टीम ने पांच मैचों की सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी। इसके बाद 2020 में 3-0 और 2022 में 1-0 से हार मिली। न्यूजीलैंड ने 2019 के बाद से अपने घर में कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज नहीं गंवाई है। हेड टु हेड में भारत का पलड़ा भारी भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 127 वनडे खेले गए हैं। इनमें भारत ने 65 और न्यूजीलैंड ने 53 मैच जीते हैं। एक मुकाबला टाई रहा, जबकि 8 मैचों का नतीजा नहीं निकला। कोहली और रोहित की फॉर्म पर नजर सीरीज में भारत की बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी दिखी है। विराट कोहली ने पहले मैच में अहम पारी खेली थी, लेकिन इसके बाद वे 7 और 0 रन पर आउट हुए। चार मैचों में उनके नाम 81 रन हैं। कोहली वनडे में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। दोनों 20-20 बार शून्य पर आउट हुए हैं। रोहित शर्मा भी अब तक न्यूजीलैंड में वनडे शतक नहीं लगा सके हैं। यह उनका और कोहली का न्यूजीलैंड में आखिरी अंतरराष्ट्रीय दौरा हो सकता है। हेनरी और गुरनूर नहीं खेलेंगे आखिरी वनडे में दोनों टीमों के गेंदबाजी में बदलाव होंगे। पिछले मैच में 6 विकेट लेकर भारत की पारी समेटने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी टेस्ट की तैयारी के लिए टीम से रिलीज हो चुके हैं। काइल जैमीसन भी टेस्ट टीम की तैयारियों में शामिल होंगे। भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार भी यह मैच नहीं खेलेंगे। उन्हें टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। गुरनूर सीरीज में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 9 विकेट लिए हैं। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकता है। विल यंग सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज चार मैचों के बाद न्यूजीलैंड के विल यंग 140 रन बनाकर सीरीज के टॉप स्कोरर हैं। न्यूजीलैंड के मैट हेनरी ने एक मैच में 6 विकेट लेकर सीरीज का बेस्ट प्रदर्शन किया है। जैकब डफी और काइल जैमीसन के नाम भी 6-6 विकेट हैं। सीरीज में 32 खिलाड़ियों को मिला मौका चोट और टेस्ट मैचों की तैयारी के कारण दोनों टीमों को लगातार बदलाव करने पड़े। अब तक सीरीज में कुल 32 खिलाड़ी मैदान पर उतर चुके हैं। न्यूजीलैंड ने 18 और भारत ने 14 खिलाड़ियों को मौका दिया है। न्यूजीलैंड ने किसी एक वनडे सीरीज में इससे पहले इतने खिलाड़ियों का इस्तेमाल नहीं किया था। किसी भी टीम की एक सीरीज में सबसे ज्यादा खिलाड़ियों को उतारने का रिकॉर्ड 21 का है। पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है बे ओवल में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिली है। पिछले मैच में दोपहर के समय भी पिच ने गेंदबाजों का साथ दिया था। इस मैदान पर खेले गए पिछले पांच दिन-रात के वनडे में चार बार लक्ष्य का बचाव करने वाली टीम हारी है। पिछले मैच में न्यूजीलैंड ने इन पांच मुकाबलों में पहली बार का बचाव किया। भारत ने सीरीज के चारों मैचों में टॉस जीता है। टीम लगातार 7 वनडे टॉस जीत चुकी है। इससे पहले भारत ने 1998 में लगातार 9 टॉस जीतने का रिकॉर्ड बनाया था। वेदर रिपोर्ट रविवार को माउंट माउंगानुई में मौसम साफ रहने का अनुमान है। बारिश की आशंका नहीं है। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकीब नबी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव/यश ठाकुर और अर्शदीप सिंह। न्यूजीलैंड: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग, निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट/मिच हे, फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क/जोश क्लार्कसन, मैट फिशर, जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर/ब्रेट रैंडेल।
Source link
7 साल बाद न्यूजीलैंड में सीरीज जीत सकता है भारत:आखिरी वनडे आज; 2-1 से आगे भारत, पिछले मैच में 244 रन से मिली थी हार