Headlines

U-19 एशिया फाइनल में जीत के बाद सेलिब्रेशन पर विवाद:पाकिस्तानी खिलाड़ियों की तरफ इशारे पर आलोचना, BCCI सचिव बोले- जश्न मनाने का पूरा हक




भारत की अंडर-19 टीम के पाकिस्तान को एशिया कप फाइनल में आखिरी गेंद पर हराने के बाद खिलाड़ियों के जश्न पर विवाद हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की तरफ इशारे करते नजर आए। इस पर हो रही आलोचना के बीच BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने टीम का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि मुश्किल हालात से जीत हासिल करने के बाद खिलाड़ियों को जश्न मनाने का पूरा अधिकार है। यह टीम के आत्मविश्वास और कभी हार नहीं मानने वाले रवैये को दिखाता है। सैकिया बोले- मुश्किल जीत के बाद जश्न मनाने का हक सैकिया ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, ‘यह खिलाड़ियों के कैरेक्टर और फाइटिंग स्पिरिट को दिखाता है। मुकाबला कितना रोमांचक था, इसे देखिए। एक समय ऐसा लग रहा था कि मैच भारत के पक्ष में नहीं है। इसके बावजूद टीम जीतने में सफल रही। यह खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और कभी हार नहीं मानने वाले रवैये को दर्शाता है।” उन्होंने आगे कहा, “जब खिलाड़ी इतनी मुश्किल स्थिति से मैच जीतते हैं, तो उन्हें निश्चित रूप से जश्न मनाने का अधिकार है। हमें इसकी इजाजत देनी चाहिए।” आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जिताया ओमान में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय मुश्किल में थी। भारत के 8 विकेट गिर चुके थे और जीत के लिए 51 गेंदों में 86 रन बनाने थे। इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा ने नौवें विकेट के लिए अहम साझेदारी की। मनल ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि मोहित ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी खेली। चिगुरुपति वेंकटा ने भी उपयोगी योगदान दिया। मोहित ने पारी की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को 1 विकेट से जीत दिला दी। तिरंगे के साथ मैदान पर दौड़े खिलाड़ी, विरोधियों की तरफ इशारे करने पर आलोचना जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी मैदान पर दौड़ पड़े। मोहित उल्वा तिरंगे में लिपटे नजर आए। हालांकि, जश्न के दौरान सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के विकेटकीपर हमजा जहूर और उनके साथी खिलाड़ियों की तरफ इशारे करते दिखाई दिए। इसे लेकर सोशल मीडिया पर कुछ फैंस ने आलोचना की। भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ के सदस्य भी जश्न के दौरान खिलाड़ियों के बीच आते दिखाई दिए। विवाद की वजह खिलाड़ियों की जीत की खुशी नहीं, बल्कि विरोधी टीम की तरफ किए गए इशारे बने। जीत का जश्न और खेल भावना पर बहस भारत ने जिस स्थिति से वापसी करते हुए फाइनल जीता, वह युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि थी। आठ विकेट गिरने के बाद भी लक्ष्य हासिल करना टीम के संघर्ष को दिखाता है। हालांकि, इस जीत के बाद बहस इस बात पर है कि जश्न मनाने और विरोधी खिलाड़ियों की तरफ इशारे करने के बीच अंतर होना चाहिए। सैकिया ने खिलाड़ियों के जश्न को उनके संघर्ष और आत्मविश्वास से जोड़ा है। उनका कहना है कि ऐसी मुश्किल जीत के बाद खिलाड़ियों को अपनी खुशी जाहिर करने से नहीं रोकना चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *