![]()
फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने नीतेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ के बजट और बॉक्स ऑफिस कमाई पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया है। दो बार यह फिल्म देख चुके वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा नोट लिखा। उन्होंने दावा किया कि ‘रामायण: पार्ट 1’ का वास्तविक बजट 800 करोड़ रुपए से भी कम है। साथ ही उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा के विजन की तारीफ करते हुए कहा की है कि 2028 में रिलीज होने वाला इसका दूसरा भाग पहले पार्ट से दस गुना ज्यादा कारोबार करेगा। ‘पार्ट-1 का असली खर्च 800 करोड़ से कम’ फिल्म के बजट को लेकर चल रही अटकलों पर वर्मा ने कहा कि कई लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि इसके एक भाग का बजट 2,000 करोड़ और दोनों भागों का कुल बजट 4,000 करोड़ रुपए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि पार्ट-1 की वास्तविक लागत 800 करोड़ रुपए से थोड़ी कम है। इसमें आपसी फायदे वाली डील, ग्लोबल टैक्स बेनिफिट्स और सब्सिडी शामिल हैं, जिससे अंतिम खर्च और कम हो जाता है। वर्मा ने यह भी कहा कि दोनों भागों की लागत बराबर मानना गलत है, ठीक वैसे ही जैसे किसी फिल्म के इंटरवल से पहले और बाद का खर्च एक समान नहीं होता। कई फिल्मों में तो 50 प्रतिशत बजट केवल क्लाइमैक्स पर ही खर्च होता है। ‘मेरी मां ने बिल्डिंग के गार्ड और स्टाफ के लिए खरीदे टिकट’ राम गोपाल वर्मा ने अपने पोस्ट में फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच बने माहौल का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि उनकी मां ने अपनी बिल्डिंग के नौकरों और वॉचमैन के लिए नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ के टिकट खरीदे हैं। वर्मा के मुताबिक, उनकी मां ने उनकी खुद की बेहतरीन फिल्मों के लिए भी कभी ऐसा नहीं किया था। उन्होंने कहा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस के सभी रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी हिट बनने की ओर बढ़ रही है, इसके बावजूद कुछ जलने वाले लोग इसकी कमाई को कम बताने में लगे हैं। ‘गेमिंग और पार्ट-2 में भी काम आएगा रामायण का सेटअप’ राम गोपाल वर्मा ने निर्माता नमित मल्होत्रा की तारीफ करते हुए कहा कि बजट का एक बड़ा हिस्सा ‘रामायण’ की भव्य दुनिया तैयार करने में लगा है। इस विजुअल सेटअप का इस्तेमाल भविष्य में गेमिंग, अन्य प्रोजेक्ट्स और फिल्म के दूसरे भाग में भी किया जा सकेगा। उनके अनुसार, बॉलीवुड के ज्यादातर फिल्ममेकर और ट्रेड एनालिस्ट इस रणनीति को पूरी तरह समझ नहीं पा रहे हैं। वर्मा ने कहा कि मौजूदा बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और नॉन-थिएट्रिकल कमाई से नमित मल्होत्रा पहले भाग या शायद दोनों भागों की पूरी लागत इसी फिल्म से निकाल लेंगे। इससे वे हॉलीवुड के बड़े नामों से भी आगे निकल सकते हैं। पार्ट-2 अब 2028 में रिलीज होगा नमित मल्होत्रा को मेगा फिल्ममेकर बताते हुए वर्मा ने कहा कि सबसे शानदार एक्शन सीक्वेंस दूसरे भाग में देखने को मिलेंगे। इनमें हनुमान के पराक्रम, वानर सेना, राम सेतु, लंका दहन, लंका में सीता, कुंभकर्ण वध और रावण वध जैसे बड़े प्रसंग शामिल होंगे। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि अगर ‘केजीएफ 2’ ने ‘केजीएफ 1’ से पांच गुना ज्यादा कमाई की थी, तो ‘रामायण 2’ पहले भाग से दस गुना अधिक कारोबार करेगी। मेकर्स ने पुष्टि की है कि पहले 2027 में प्रस्तावित इसका दूसरा भाग अब 2028 में रिलीज होगा।
Source link
'रामायण के पहले पार्ट का बजट 800 करोड़ से कम':राम गोपाल वर्मा बोले- पार्ट-2 दस गुना ज्यादा कमाई करेगा; निर्माता नमित मल्होत्रा की तारीफ की