कैलिफोर्निया1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग एक बार फिर कंपनी की कमान संभालेंगे। उन्होंने एक चीनी महिला से रिश्ते और चीन को एडवांस चिप सप्लाई करने से जुड़े आरोपों के बीच 12 नवंबर को पद छोड़ दिया था।
अब कंपनी के बोर्ड ने अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद उन्हें दोबारा CEO बनाने का फैसला लिया है। उनकी वापसी की घोषणा के बाद कंपनी के शेयर 31% से ज्यादा उछल गए।
बोर्ड का कहना है कि हुआंग की वापसी से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। हालांकि, विदेशी खुफिया एजेंसी से जुड़े मामले में उनके खिलाफ जांच जारी रहेगी।

एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग के साथ एलिस हुआंग। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि एलिस चीनी जासूस है।
जेन्सन हुआंग ने वापसी पर क्या कहा?
जेन्सन हुआंग ने कहा कि एनवीडिया जैसी बड़ी कंपनी के CEO की जिम्मेदारी दोबारा संभालना उनके लिए सम्मान की बात है। हुआंग ने भरोसा जताने के लिए कंपनी के बोर्ड को धन्यवाद दिया। उन्होंने हार्वे जोन्स, कोलेट क्रेस और कंपनी की वरिष्ठ टीम की भी तारीफ की।
हुआंग ने कहा कि इन लोगों ने मुश्किल समय में कंपनी को संभाला। उन्होंने एनवीडिया के कर्मचारियों, शेयरधारकों, तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों और दुनिया भर के साझेदारों का भी शुक्रिया अदा किया।
इसके साथ ही उन्होंने अपने परिवार को भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। हुआंग ने कहा कि वह जल्द से जल्द काम पर लौटने के लिए उत्साहित हैं।

तीन वजहों से हुआंग की बतौर CEO वापसी
1. अमेरिकी सरकार से मिली हरी झंडी: कंपनी के मुताबिक, बोर्ड को अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से इनपुट मिला। इसके आधार पर बोर्ड ने माना कि हुआंग की वापसी से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।
2. बोर्ड का भरोसा फिर कायम हुआ: बोर्ड ने हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकें कीं। इसके बाद बोर्ड उनके जवाबों और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता से संतुष्ट हुआ।
3. कंपनी और निवेशकों के हित: बोर्ड चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि हुआंग कंपनी का नेतृत्व करने के लिए सही व्यक्ति हैं। उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है।

हुआंग का रिप्लेसमेंट क्यों मुश्किल था
1. कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी: हुआंग के पास एनवीडिया की 3.56% हिस्सेदारी है। वे कंपनी के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक हैं।
2. कंपनी में नंबर 2 कोई नहीं था: कंपनी के रोजमर्रा के काम से लेकर बड़े कारोबारी फैसलों तक में उनकी भूमिका है। 60 से ज्यादा अधिकारी सीधे उन्हें रिपोर्ट करते हैं।
3. बोर्ड में पुराने कारोबारी साझेदार: बोर्ड के कई सदस्य उन कंपनियों से जुड़े रहे हैं, जिन्होंने एनवीडिया में शुरुआती निवेश किया था या उसके साथ कारोबार किया था। पूर्व कर्मचारियों के मुताबिक, कंपनी के असली फैसले हुआंग ही लेते हैं।
4. ट्रम्प से नजदीकी: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प से उनके अच्छे संबंध हैं। दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती है। हुआंग ने चीन को चिप बेचने पर लगी पाबंदियां हटाने के लिए ट्रम्प को मनाने की कोशिश की थी। अमेरिकी AI और चिप नीतियों पर भी उनका प्रभाव रहा है।
ट्रम्प ने हुआंग की वापसी का स्वागत किया
ट्रम्प ने हुआंग की वापसी का स्वागत किया है। उन्होंने बोर्ड के फैसले को सही बताते हुए कहा कि एनवीडिया और अमेरिकी अर्थव्यवस्था की तरक्की के लिए हुआंग का नेतृत्व जरूरी है।
ट्रम्प ने कहा कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा नहीं है और उनके किसी गैरकानूनी काम में शामिल होने का भी सबूत नहीं है। उन्होंने हुआंग को देशभक्त और राष्ट्रीय धरोहर बताया। साथ ही कंपनी को अमेरिकी निर्यात नियमों के पालन की जांच जारी रखने को कहा।
इससे पहले सोमवार सुबह ट्रम्प ने उम्मीद जताई थी कि बोर्ड हुआंग को दोबारा CEO बनाएगा।

CEO बनने के बाद भी जांच जारी रहेगी
एनवीडिया ने साफ कर दिया है कि हुआंग के दोबारा CEO बनने से उनके खिलाफ चल रही जांच पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जांच पहले की तरह जारी रहेगी।
हाल ही में आई खबरों में दावा किया गया था कि एक विदेशी खुफिया एजेंसी ने हुआंग को निशाना बनाया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एनवीडिया के बोर्ड ने जांच के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बनाई थी। समिति ने जांच में मदद के लिए अलग से कानूनी सलाहकार भी नियुक्त किए हैं।
कंपनी के बोर्ड का कहना है कि जांच पूरी होने तक जारी रहेगी। हुआंग ने भी इसमें पूरा सहयोग देने की बात कही है।
गूगल पर ट्रेंड कर जेन्सन हुआंग

सोर्स- गूगल ट्रेंड
