नई दिल्ली33 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कम जोखिम वाले बैंक डिपॉजिट हों या अधिक जोखिम वाले इक्विटी फंड, कोरोना के बाद हर जगह महिलाओं ने मौजूदगी दर्ज कराई है। बीते 5 साल में महिलाएं पारंपरिक सोने और नकदी से आगे बढ़कर म्यूचुअल फंड जैसे बाजार के विकल्पों को अपना रही हैं।
एम्फी-क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2021 से मार्च 2026 के बीच व्यक्तिगत म्यूचुअल फंड संपत्ति में महिलाओं की हिस्सेदारी 32.6% से बढ़कर 34.5% हो गई है, पुरुषों की घटकर 59.1% रह गई है। मार्च-26 तक महिलाओं के पास बैंक जमा में ₹55 लाख करोड़ और म्यूचुअल फंड में ₹16 लाख करोड़ की संपत्ति है।

बैंक खातों और एसआईपी में रिकॉर्ड उछाल
आरबीआई के अनुसार, बैंक खातों में महिलाओं की हिस्सेदारी मार्च 2019 के 33% से बढ़कर मार्च 2026 में 41% के पार पहुंच गई है। 5 साल में महिलाओं की एसआईपी संपत्ति 30% की सालाना दर से बढ़कर ₹4.73 लाख करोड़ हो गई है। पुरुषों को भी पीछे छोड़ दिया है।
बाजार की तरफ महिलाओं के बढ़ने की 3 वजहें…
बड़ा पोर्टफोलियो: मार्च 2026 तक कुल म्यूचुअल फंड निवेशकों में महिलाएं 26.4% हैं, लेकिन कुल संपत्ति में उनकी हिस्सेदारी 34.5% है। यह दर्शाता है कि महिलाओं का औसत निवेश आकार पुरुषों से बड़ा है। कामकाजी महिलाएं आगे: कैम्स की रिपोर्ट के अनुसार, महिला निवेशकों में 47% नौकरीपेशा, 22% गृहिणियां और 7% व्यवसायी महिलाएं हैं। इनमें 75% की उम्र 50 वर्ष से कम है। इक्विटी का दबदबा: महिलाओं के फंड में इक्विटी की हिस्सेदारी 49% से बढ़कर 64% हो गई है, जबकि डेट फंड घटकर 8% रह गए।
