नई दिल्ली18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हुंडई मोटर इंडिया 1 दिसंबर 2026 से अपनी गाड़ियों की कीमतों में 8,000 रुपए तक की बढ़ोतरी करेगी। यह बदलाव कंपनी के चुनिंदा मॉडल्स और उनके ट्रिम्स पर लागू होगा।
कंपनी ने 24 नवंबर 2026 को एक रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिए इस फैसले की जानकारी दी है। हुंडई ने बताया है कि कीमतों में यह बदलाव गाड़ियों के मॉडल और ट्रिम के आधार पर अलग-अलग होगा।
इनपुट कॉस्ट बढ़ने के कारण फैसला लिया
ऑटोमेकर कंपनी ने अपनी फाइलिंग में कहा है कि गाड़ियों के दाम बढ़ाने का यह फैसला मुख्य रूप से इनपुट कॉस्ट यानी गाड़ी बनाने में लगने वाले कच्चे माल और अन्य चीजों की लागत में हुई बढ़ोतरी के कारण लेना पड़ा है।
हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस प्राइस रिवीजन का असर किन खास मॉडल्स या वेरिएंट्स पर पड़ेगा।
लागत का बड़ा हिस्सा खुद झेल रही कंपनी
हुंडई मोटर इंडिया का कहना है कि उसने अपनी इंटरनल एफिशिएंसी और कॉस्ट ऑप्टिमाइजेशन के उपायों के जरिए बढ़ती लागत के एक बड़े हिस्से को खुद ही एब्जॉर्ब कर लिया है।
कंपनी के अनुसार, वह बढ़ी हुई लागत का केवल एक सीमित हिस्सा ही दिसंबर में होने वाले इस प्राइस रिवीजन के जरिए ग्राहकों पर डाल रही है।
ग्राहकों पर क्या असर होगा?
इस फैसले के बाद 1 दिसंबर 2026 या उसके बाद हुंडई के चुनिंदा मॉडल्स और ट्रिम्स खरीदने वाले ग्राहकों को 8,000 रुपए तक ज्यादा चुकाने पड़ सकते हैं। चूंकि बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगी, इसलिए अलग-अलग गाड़ियों की कीमतों में अंतर देखने को मिलेगा।
क्या होती है इनपुट कॉस्ट और ट्रिम?
- इनपुट कॉस्ट: किसी भी गाड़ी को बनाने में स्टील, एल्युमीनियम, प्लास्टिक, रबर, इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स और लेबर का इस्तेमाल होता है। जब इन कच्चे माल या सप्लाई चेन का खर्च बढ़ता है, तो इसे इनपुट कॉस्ट बढ़ना कहते हैं।
- ट्रिम: एक ही कार मॉडल के अलग-अलग फीचर्स वाले वर्जन को ‘ट्रिम’ या ‘वेरिएंट’ कहा जाता है, जैसे- बेस मॉडल, मिड मॉडल और टॉप मॉडल।
