- Hindi News
- Business
- Nvidia CEO Jensen Huang Returns | Donald Trump Profit Stock Market Surge
वॉशिंगटन8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चिपमेकर कंपनी एनवीडिया के शेयरों से 15 मिलियन डॉलर यानी लगभग ₹140 करोड़ तक का मुनाफा कमाया है। कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर जेन्सेन हुआंग की हुई वापसी के बाद एनवीडिया के शेयर की कीमतों में भारी उछाल आने से ट्रम्प को यह फायदा हुआ है।
1993 में कंपनी की सह-स्थापना करने वाले जेन्सेन हुआंग को बोर्ड ने CEO पद से हटा दिया था। उन पर तीन अफेयर्स के आरोप लगे थे, जिनमें एक संदिग्ध चीनी जासूस और दो कंपनी के कर्मचारियों के साथ संबंध शामिल थे।
हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति के दखल के बाद एनवीडिया बोर्ड ने उन्हें फिर से CEO बना दिया। ट्रम्प ने CNBC से कहा कि मैंने कंपनी के बोर्ड से बात की और उन्हें मना लिया। मैंने यह डील की है।
एनवीडिया के शेयरों में 31.5% की तेजी आई
बोर्ड के फैसले के बाद जेन्सेन हुआंग कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित एनवीडिया के हेडक्वार्टर लौट आए। वहां कर्मचारियों की भीड़ ने ‘जेन्सेन, जेन्सेन, जेन्सेन!’ के नारे लगाकर उनका हीरो की तरह स्वागत किया।
हुआंग की वापसी की खबर से सोमवार को एनवीडिया के शेयरों में 31.5% की तेजी आई। इससे कंपनी की मार्केट वैल्यू में करीब 950 बिलियन डॉलर यानी ₹88.20 लाख करोड़ का इजाफा हुआ।
ट्रम्प के पास एनवीडिया के 3.70 लाख शेयर
फाइनेंशियल टाइम्स (FT) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स को दिए गए अमेरिकी राष्ट्रपति के वित्तीय खुलासों से पता चलता है कि 30 सितंबर तक अवेलेबल ताजा डेटा के अनुसार, ट्रम्प के पास एनवीडिया के 3.70 लाख तक शेयर हो सकते हैं।
वहीं पिछले दो सालों के सरकारी वित्तीय खुलासों की BBC द्वारा की गई समीक्षा के अनुसार, ट्रम्प ने एनवीडिया के 23 मिलियन डॉलर से 86 मिलियन डॉलर के बीच के शेयर खरीदे हैं।
राष्ट्रपति पद पर लौटने के बाद उन्होंने कंपनी में अपनी कुछ हिस्सेदारी बेची भी है। सरकारी खुलासों के मुताबिक, इस बिक्री से उन्हें 3.5 मिलियन डॉलर से 10.2 मिलियन डॉलर के बीच मुनाफा हुआ है।
हुआंग की वापसी का एशिया-पैसिफिक के शेयर बाजारों पर असर
ग्लोबल AI बूम के केंद्र में मानी जाने वाली एनवीडिया को चलाने के लिए हुआंग की इस हैरान करने वाली और विवादित वापसी का असर मंगलवार को एशिया-पैसिफिक शेयर बाजारों पर भी दिखा।
पिछले कुछ महीनों की उथल-पुथल के बाद AI ट्रेड में फिर से जान आ गई और ताइवान, दक्षिण कोरिया, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजारों में जोरदार तेजी दर्ज की गई।
- ताइवान: TW50 इंडेक्स में 9.5% की बढ़त हुई।
- दक्षिण कोरिया: कोस्पी इंडेक्स 6.5% चढ़ा।
- जापान: निक्केई इंडेक्स में लगभग 4% का उछाल आया।
हाल के महीनों में दबाव में थे AI सेक्टर के शेयर
एशियाई बाजारों की इस तेजी से पहले सोमवार को अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट पर भी बढ़त देखी गई थी। पिछले कुछ महीनों से AI कंपनियों के शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था।
इसकी दो प्रमुख वजहें थीं। पहला- AI इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए सेक्टर पर बढ़ते कर्ज की चिंता और दूसरा- मिडटर्म इलेक्शन में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद अमेरिका में सख्त नियम लागू होने की आशंका।
डेमोक्रेट सीनेटर ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
हुआंग की वापसी और शेयरों में उछाल के बीच अमेरिकी राजनीति भी गरमा गई है। एरिजोना से डेमोक्रेट सीनेटर रुबेन गैलेगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “हमें इस बात की जांच करने की जरूरत है कि इस घोषणा से पहले शेयरों में क्या पोजीशन ली गई थी।
यह व्हाइट हाउस इतिहास का सबसे भ्रष्ट प्रशासन है।” बाद में उन्होंने एक और पोस्ट में कहा, “ट्रम्प ने शायद AI बबल के फूटने की शुरुआत कर दी है।”
अमेरिकी फेडरल रिजर्व बढ़ा सकता है ब्याज दरें
अर्थशास्त्रियों का मानना है कि हुआंग की वापसी से AI बबल के तुरंत फूटने की आशंका कम हो गई है। इसका मतलब है कि अब अमेरिकी केंद्रीय बैंक यानी फेडरल रिजर्व के लिए ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना ज्यादा मजबूत हो गई है।
डॉयचे बैंक के जिम रीड ने कहा, “AI सेक्टर में सुस्ती का डर कम होने से बाजार अब आने वाले महीनों में फेडरल रिजर्व के ज्यादा सख्त रुख का अनुमान लगा रहा है।
इसलिए दिसंबर में होने वाली अगली बैठक में बाजार एक बार फिर ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट (0.25%) की बढ़ोतरी की पूरी उम्मीद कर रहा है।
