Headlines

वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का तीसरा गेम भी ड्रॉ: गुकेश ने 1988 की दुर्लभ चाल से सिंदारोव को चौंकाया; बोले- स्पैस्की मेरी टीम में नहीं – Gukesh Shocks Sindarov in Geneva


  • Hindi News
  • Sports
  • Gukesh Shocks Sindarov In Geneva | World Chess Championship Game 3 Draw

12 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

स्विट्जरलैंड के जेनेवा में चल रही वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2026 का तीसरा गेम भी ड्रॉ रहा।

गुरुवार को मौजूदा चैंपियन भारत के डी गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को कई मौकों पर दबाव में रखा, लेकिन 60 चालों के बाद मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीन गेम के बाद स्कोर 1.5-1.5 है। शुक्रवार को रेस्ट डे रहेगा, जबकि शनिवार को चौथे गेम में गुकेश सफेद मोहरों से खेलेंगे।

गुकेश ने 1980-90 के दशक की दुर्लभ ओपनिंग चाल चली

तीसरे गेम में गुकेश ने बर्लिन डिफेंस में प्रचलित 5…Nd6 के बजाय 5…Be7 चाल चली। इसके बाद 8…Nf5 खेलकर उन्होंने मुकाबले को दुर्लभ कॉर्डेल वेरिएशन की ओर मोड़ दिया। यह लाइन 1980 और 1990 के दशक में ज्यादा देखने को मिलती थी।

इस वेरिएशन का इस्तेमाल पूर्व वर्ल्ड चैंपियन बोरिस स्पैस्की ने भी 1988 में किया था। उनके इस लाइन वाले दोनों मुकाबले ड्रॉ रहे थे। हाल के वर्षों में यह 2013 में डोमिंग्वेज पेरेज-वासिल इवांचुक और 2019 में होवहानिस्यान-हैक मार्टिरोस्यान के मुकाबले में भी देखने को मिली थी।

मैच के बाद गुकेश से स्पैस्की की चाल से जुड़ी तैयारी के बारे में पूछा गया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “हां, मैं बता सकता हूं कि स्पैस्की मेरी सेकंड्स (कोचिंग टीम) में शामिल नहीं हैं। (हंसते हुए) लेकिन हां, मुझे उस गेम की जानकारी थी।”

गुकेश ने 21वीं चाल के बाद जीत के मौके तलाशे

गुकेश ने बताया कि 21…Kd7 के बाद उन्होंने हाथी की चालों और एक्सचेंज सैक्रिफाइस के जरिए आक्रामक मौके बनाने की कोशिश की। हालांकि, उनकी योजनाएं कामयाब नहीं हो सकीं। उनके मुताबिक, सिंदारोव की 29. f4 चाल के बाद मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया।

गुकेश ने कहा, “मैंने 21…Kd7 कुछ उम्मीद के साथ खेला था। हालांकि, मुझे पता था कि काले मोहरों से स्थिति ठीक-ठाक ही होनी चाहिए। मैं …Rb8, …Rb5 और c5 पर एक्सचेंज सैक्रिफाइस जैसे विकल्प तलाश रहा था, लेकिन कोई भी योजना काम नहीं आई। मुझे लगता है कि सिंदारोव के 29. f4 खेलने के बाद मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया।’

सिंदारोव बोले- गुकेश की तैयारी देखकर हैरान रह गया

सफेद मोहरों से खेलने वाले सिंदारोव ने गुकेश की ओपनिंग तैयारी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने 5…Be7 चाल का अध्ययन किया था, लेकिन इतनी गहराई से नहीं। सिंदारोव ने शुरुआत में स्थिति को अपने लिए बेहतर माना, लेकिन एंडगेम में उन्हें लगा कि मुकाबला बराबरी पर है।

उन्होंने कहा, “आज मेरे प्रतिद्वंद्वी की तैयारी बहुत अच्छी थी। हमने 5…Be7 चाल देखी थी, लेकिन इतनी गहराई से नहीं। मैं हैरान रह गया। मुझे शुरुआत में लगा कि मेरी स्थिति बहुत अच्छी है, लेकिन एंडगेम में समझ आया कि मुकाबला पूरी तरह बराबरी का है। समय के दबाव में मैं गलती करने के बेहद करीब था, लेकिन मुझे खुशी है कि मैंने अच्छा बचाव किया।”

60 चालों के बाद ड्रॉ, शनिवार को चौथा गेम

मुकाबले के आखिरी हिस्से में दोनों खिलाड़ियों के बचे हुए हाथियों की अदला-बदली हुई। इसके बाद खेल अलग-अलग रंग के खानों वाले ऊंटों के एंडगेम में पहुंचा। यह स्थिति सैद्धांतिक रूप से ड्रॉ मानी जाती है। आखिरकार 60 चालों के बाद दोनों खिलाड़ियों ने मुकाबला ड्रॉ पर खत्म करने पर सहमति जताई।

तीन गेम के बाद स्कोर 1.5-1.5 है। शुक्रवार को आराम के बाद शनिवार को चौथा गेम खेला जाएगा। इसमें गुकेश सफेद मोहरों के साथ उतरेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *