- Hindi News
- Sports
- World Chess Championship Geneva | Sindarov Defeats Gukesh In Game 5
2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश को वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2026 में पहली हार का सामना करना पड़ा। रविवार को जिनेवा में खेले गए 5वें गेम में उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदरोव ने उन्हें हरा दिया। इस जीत के साथ सिंदरोव ने चैंपियनशिप में 3 पॉइंट्स हासिल कर लिए और खिताब की रेस में बढ़त बना ली।
मैच के शुरुआती चार गेम ड्रॉ रहे थे। पांचवें गेम में सिंदरोव ने सफेद मोहरों से खेलते हुए गुकेश पर दबाव बनाया। भारतीय खिलाड़ी की एक बड़ी गलती का फायदा उठाकर उन्होंने 47 चालों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

क्वीन की चाल से मुश्किल में फंसे गुकेश
गुकेश ने काले मोहरों से खेलते हुए मुकाबले की शुरुआत की। शुरुआती चालों में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, 13वीं चाल के बाद गुकेश दबाव में आने लगे।
बाजी के अहम मोड़ पर गुकेश ने अपनी क्वीन को d2 पर चल दिया। इस गलती के बाद सिंदरोव को क्वीन एक्सचेंज का मौका मिला। इसके बाद उनकी स्थिति मजबूत हो गई और गुकेश के लिए वापसी करना मुश्किल हो गया।
समय के दबाव में भी सिंदरोव ने बनाए रखा दबदबा
मुकाबले के दौरान गुकेश पर समय का दबाव भी बढ़ता गया। एक समय उनके पास 19 चालें चलने के लिए 19 मिनट से भी कम समय बचा था। उन्हें 40वीं चाल तक पहुंचना था।
सिंदरोव ने इस स्थिति का फायदा उठाया और लगातार सटीक चालें चलीं। उन्होंने गुकेश को वापसी का मौका नहीं दिया। आखिरकार 47वीं चाल के बाद भारतीय खिलाड़ी को हार माननी पड़ी।
शुरुआती चारों गेम ड्रॉ रहे थे
वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप के शुरुआती चारों गेम ड्रॉ रहे थे। दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी थी। पांचवें गेम में सिंदरोव ने पहली जीत दर्ज कर मुकाबले का रुख बदल दिया।
इस जीत के साथ सिंदरोव के 3 पॉइंट्स हो गए हैं, जबकि गुकेश के खाते में 2 पॉइंट्स हैं। चैंपियनशिप में अभी 9 गेम बाकी हैं।
