Headlines

Actor Ashwin Mushran Goa Road Accident Controversy


7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

फैशन और लगे रहो मुन्नाभाई जैसी बड़ी फिल्मों में काम कर चुके एक्टर अश्विन मुशरान का गोवा से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भीड़ ने उन्हें घेर लिया। दावा किया जा रहा है कि एक्टर की कार ने बाइक सवार पिता-बेटे को टक्कर मारी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सीडेंट के बाद विवाद खड़ा हुआ। सामने आए वीडियो में एक्टर भीड़ की नाराजगी के बीच बहस करते दिखे। वहां बीच-बचाव करने पहुंचे नेता ने दावा किया है कि एक्टर की पत्नी रेबेका ने उन पर थूका है। दैनिक भास्कर से बातचीत में एक्टर अश्विन ने कहा है कि मामले को गलत तरह पेश किया जा रहा है, वो जल्द ही इस पर बयान जारी करेंगे।

घटना कथित तौर पर रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे मडगांव के कुसमन, क्वेपेम इलाके में हुई। हादसे में बाइक सवार पिता को गंभीर चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सामने आए वीडियो में अश्विन मुशरान और उनकी पत्नी रेबेका को स्थानीय लोगों से बहस करते देखा जा सकता है।

एक्टर अश्विन मुशरान ने दैनिक भास्कर से हादसे के वीडियो पर कहा है, ये मामला कुछ और है। मैं इस पर बयान जारी कर रहा हूं और जल्द ही इसे आपसे शेयर करूंगा।

हादसे को लेकर अलग-अलग दावे

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, 54 साल के अश्विन मुशरान गलत दिशा से आ रहे थे। इस दौरान उनकी गाड़ी टू-व्हीलर से टकरा गई। हालांकि, दुर्घटना की असल वजह और पूरा घटनाक्रम अभी साफ नहीं है। स्थानीय नेता अमोल कनेकर ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद एक्टर और उनकी पत्नी बिना घायलों की सुध लिए वहां से चले गए।

वीडियो में अश्विन मुशरान और रेबेका बाइक सवार को दोषी ठहराते दिख रहे हैं। इसके बाद दोनों की स्थानीय लोगों के साथ बहस शुरू हो गई।

अश्वित मुशरान का बचाव करती हुईं पत्नी रेबेका।

अश्वित मुशरान का बचाव करती हुईं पत्नी रेबेका।

बाइक सवार की हड्डी टूटकर कार में फंसी- नेता

अमोल कनेकर ने हादसे के बाद अश्विन मुशरान के व्यवहार पर आपत्ति जताई। उन्होंने इन गोवा 24×7 से बात करते हुए दुर्घटना की गंभीरता के बारे में बताया। अमोल कनेकर का दावा है कि बाइक सवार को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित की हड्डी का एक टुकड़ा मुशरान की गाड़ी के ऊपर-दाहिनी ओर वाले टायर फेंडर में फंसा मिला।

पत्नी पर थूकने का भी आरोप

अमोल कनेकर ने कहा कि हादसे के बाद माफी मांगने के बजाय अश्विन मुशरान घटनास्थल पर मौजूद लोगों से बहस करने लगे। इसके बाद एक्टर कथित तौर पर एक पार्टी में शामिल होने के लिए चले गए। नेता का यह भी आरोप है कि बहस के दौरान अश्विन मुशरान की पत्नी रेबेका ने उन पर थूका।

इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई बयान नहीं आया है। अमोल कनेकर और मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि हादसे में गलती एक्टर की ही थी। फिलहाल, अश्विन मुशरान ने भी इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

फैशन, शहजादा जैसी कई फिल्मों में किया काम

अश्विन मुशरान एक्टर और वॉइस-ओवर आर्टिस्ट हैं। वह फिल्म ‘क्विक गन मुरुगन’ में डॉ. जैंगो के रोल से चर्चा में आए थे। उन्होंने ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘फैशन’, ‘देसी बॉयज’, ‘मैं तेरा हीरो’ और ‘शहजादा’ जैसी फिल्मों में काम किया है। वह पिछले दिनों ‘हैप्पी पटेल’ में भी नजर आए थे।

पिता कश्मीरी पंडित, मां ब्रिटिश महिला

  • अश्विन मुशरान के पिता कश्मीरी पंडित और मां ब्रिटिश महिला थीं।
  • 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों के पलायन के दौरान इस्लामिक उग्रवाद की वजह से उनका परिवार कश्मीर से विस्थापित हुआ।
  • अश्विन ने देहरादून के दून स्कूल में पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज से इंग्लिश लिटरेचर में बैचलर ऑफ आर्ट्स ऑनर्स की डिग्री हासिल की।
  • फिर वह एक्टिंग की पढ़ाई करने इंग्लैंड चले गए। वहां उन्होंने वेस्ट लंदन के ईलिंग में ‘ड्रामा स्टूडियो लंदन’ में पढ़ाई की।
  • अश्विन मुशरान ने करियर की शुरुआत टीवी विज्ञापनों से की थी।
  • इसके बाद वह मशहूर टीवी शो ‘द ग्रेट इंडियन कॉमेडी शो’ का हिस्सा बने।
  • फिर उन्होंने फिल्मों का रुख किया और ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ में नजर आए। अश्विन थिएटर आर्टिस्ट भी हैं।
  • वह वॉइस-ओवर आर्टिस्ट के तौर पर कई इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स के लिए डबिंग कर चुके हैं।
  • अश्विन मुशरान की फिल्म हैप्पी पटेलः खतरनाक जासूस इसी साल रिलीज हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *