Headlines

Ashes 2027 & New England Test Captain Selection


1 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

:

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड टेस्ट टीम के नए हेड कोच की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। एंडी फ्लावर, टॉम मूडी, रिचर्ड डॉसन और जोनाथन ट्रॉट भी दावेदार थे, लेकिन ECB (इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ) की पहली पसंद फ्लेमिंग माने जा रहे हैं। उनकी ECB के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की के साथ बातचीत भी हुई है।

ब्रेंडन मैकुलम ने हाल ही में इंंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच पद छोड़ था। वहीं, फ्लेमिंग भी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से अलग हो गए थे।

CSK को 5 बार चैंपियन बनाने का अनुभव: दुनिया की कई लीग में कोचिंग कर चुके

51 साल के स्टीफन फ्लेमिंग दुनिया के सबसे सफल क्रिकेट कोचों में गिने जाते हैं। उनकी कोचिंग में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता। इसके अलावा वह दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग और अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में भी सीएसके की सिस्टर फ्रेंचाइजियों के कोच रहे हैं। इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट से भी उनका पुराना नाता रहा है। खिलाड़ी के तौर पर वह मिडलसेक्स, यॉर्कशायर और नॉटिंघमशायर के लिए खेले, जबकि ‘द हंड्रेड’ में सदर्न ब्रेव के हेड कोच भी रहे।

मैकुलम की जगह संभाल सकते हैं जिम्मेदारी: दोनों लंबे समय से करीबी दोस्त

ब्रेंडन मैकुलम टेस्ट टीम के कोच पद से हट चुके हैं, लेकिन अगले साल के अंत तक इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम के हेड कोच बने रहेंगे। फ्लेमिंग और मैकुलम लंबे समय से करीबी दोस्त और पेशेवर सहयोगी रहे हैं। ऐसे में अगर फ्लेमिंग टेस्ट टीम की कमान संभालते हैं तो दोनों के बीच तालमेल इंग्लैंड के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।

पाकिस्तान सीरीज से पहले जिम्मेदारी मिलेगी या नहीं: ईसीबी का फोकस एशेज 2027 पर

इंग्लैंड को 19 अगस्त से हेडिंग्ले में पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि फ्लेमिंग तब तक पद संभालेंगे या नहीं। ईसीबी की प्राथमिकता 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली एशेज सीरीज है। उससे पहले इंग्लैंड को पाकिस्तान (3), साउथ अफ्रीका (3), बांग्लादेश (2), ऑस्ट्रेलिया में 150वीं वर्षगांठ टेस्ट (1) और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट (1) समेत कुल 10 टेस्ट मैच खेलने हैं।

नया टेस्ट कप्तान चुनना भी बड़ी चुनौती: जो रूट को फिर मिल सकती है कमान

बेन स्टोक्स के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद नए कप्तान का चयन भी नए कोच की अहम जिम्मेदारियों में होगा। स्टोक्स ने उप-कप्तान हैरी ब्रुक के नाम की सिफारिश की थी, लेकिन ब्रुक पहले से ही इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम के कप्तान हैं। ऐसे में वर्कलोड को देखते हुए ईसीबी पूर्व कप्तान जो रूट को अंतरिम तौर पर फिर टेस्ट कप्तानी सौंपने पर विचार कर रही है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड का मानना है कि नया कोच स्टोक्स को संन्यास का फैसला बदलने के लिए मना सकता है।

एंडी फ्लावर समेत कई दावेदार थे: फ्लेमिंग ईसीबी की पहली पसंद बने

शुरुआत में जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान एंडी फ्लावर को इस पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लंदन स्पिरिट के साथ अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए खुद को दौड़ से अलग कर लिया। अन्य दावेदारों में टॉम मूडी, रिचर्ड डॉसन और जोनाथन ट्रॉट शामिल थे, लेकिन ईसीबी प्रबंधन की पहली पसंद स्टीफन फ्लेमिंग ही बने। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर ने भी कहा कि इस पद के लिए उनसे कोई संपर्क नहीं किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *