नई दिल्ली3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने लगातार फ्लाइट कैंसिल होने, देरी और ऑपरेशनल गड़बड़ियों को लेकर स्पाइसजेट को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी नोटिस में एयरलाइन से 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।
DGCA के मुताबिक, कंपनी की समय पर उड़ान संचालन की स्थिति लगातार खराब हो रही है। इसके कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। साथ ही एयरलाइन तय शेड्यूल का पालन करने और यात्रियों को जरूरी सुविधाएं देने में भी नाकाम रही है।
पिछले नौ महीने में कंपनी का मार्केट शेयर 3.9% से घटकर 0.6% हो गया है। वहीं, इस साल अगस्त और सितंबर में स्पाइसजेट की हर पांच में से एक उड़ान कैंसिल हुई।

मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को स्पाइसजेट की कई फ्लाइट्स 9 घंटों की देरी के बाद रवाना हुई थीं।
DGCA ने इन 8 मामलों में स्पाइसजेट से जवाब मांगा
1. छोटे शहरों में उड़ानें नहीं चलाईं: स्पाइसजेट ने 2026 में छोटे और दूरदराज के शहरों के लिए जरूरी उड़ानें नहीं चलाईं। इस मामले में पहले भी जुर्माना लग चुका है।
2. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के नियमों का उल्लंघन: एयरलाइन ने विदेशों के लिए नियमित उड़ानें चलाने के जरूरी नियमों का पालन नहीं किया।
3. फ्लाइट में देरी और रद्द होने के मामले बढ़े: स्पाइसजेट की समय पर उड़ान भरने की दर लगातार गिर रही है। फ्लाइट में देरी और रद्द होने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
4. मंजूरी से कम उड़ानों का संचालन: एयरलाइन मंजूरी के मुताबिक उड़ानें नहीं चला रही है। रिपोर्ट के अनुसार, वह बुक की गई आधी उड़ानें भी संचालित नहीं कर पा रही है।
5. यात्रियों को नहीं मिल रही पर्याप्त मदद: फ्लाइट रद्द होने और देरी से यात्रियों को परेशानी हो रही है। एयरलाइन उनकी मदद के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं कर रही है।
6. जुर्माने का भुगतान नहीं किया: 11 मई 2026 को लगाए गए जुर्माने का भुगतान स्पाइसजेट ने कई बार याद दिलाने के बावजूद नहीं किया।
7. बीमा का नवीनीकरण नहीं कराया: एयरलाइन ने जरूरी बीमा पॉलिसी को समय पर रिन्यू नहीं कराया।
8. विदेशी एजेंसियों ने भी जताई चिंता: विदेशी विमानन एजेंसियों ने स्पाइसजेट की उड़ानों पर सवाल उठाए हैं। शिकायतें सर्विस देने वाली कंपनियों को समय पर भुगतान नहीं करने से जुड़ी हैं।
बाजार हिस्सेदारी आधी, शेयर में 5% की गिरावट
स्पाइसजेट की घरेलू बाजार हिस्सेदारी सितंबर में घटकर 0.6% रह गई, जबकि अगस्त में यह 1.2% थी। यानी एक महीने में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी आधी हो गई।
नोटिस जारी होने के अगले दिन 18 नवंबर को कंपनी के बोर्ड ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपए तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
वहीं, BSE पर कंपनी का शेयर करीब 5% गिरकर 9.74 रुपए पर आ गया। BSE ने भी DGCA के नोटिस को लेकर स्पाइसजेट से स्पष्टीकरण मांगा है।
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को किया अलर्ट
दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी DIAL ने लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि स्पाइसजेट की ऑपरेशनल समस्याओं के कारण उसकी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को अपनी फ्लाइट का अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।
